इंदौर: डायरेक्टर अनुराग कश्यप ब्राह्मण विरोधी टिप्पणी को लेकर विवादों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक पोस्ट के बाद जमकर बवाल हो रहा है। उन्होंने ज्योतिराव फुले की बायोपिक ‘फुले’ को लेकर सेंसर बोर्ड की आलोचना की थी। इसके बाद उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप की टिप्पणी पर एमपी में जमकर हंगामा हुआ है। इंदौर में परशुराम सेना ने नदी में उनके पुतले बहाए हैं। वहीं एक व्यक्ति ने अनुराग कश्यप के खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया है।
शनिवार को इंदौर में अनुराग कश्यप के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज हुई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ब्राह्मण समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इंदौर एक सामाजिक कार्यकर्ता ने सीएम को एक लेटर लिख कर फिल्म को एमपी में रिलीज न कराने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर परशुराम सेना ने खान नदी में अनुराग कश्यप के पुतले बहा दिए हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
इंदौर शहर के एमजी रोड पुलिस स्टेशन के इंचार्ज विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि अनूप शुक्ला नाम के व्यक्ति ने अनुराग कश्यप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वकील आशीष राय ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी कश्यप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वकील का कहना है कि कश्यप ने ब्राह्मणों के खिलाफ विवादित टिप्पणी की है, जो हेट स्पीच के अंतर्गत आती है। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, अगर कोई सोशल मीडिया पर हेट स्पीच देता है, तो FIR दर्ज होनी चाहिए और राज्य को इस मामले पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए। वकील ने कहा कि कश्यप के बयान निंदनीय हैं और उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि इस पूरे मामले के बाद अनुराग कश्यप ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी और परिवार को रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी माफी उनकी पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि एक संदर्भ से बाहर निकाले गए कमेंट के लिए है।