इंदौर के ट्रैफिक सुधार के लिए ट्रैफिक मित्र अभियान के तहत विजय नगर चौराहा से राजीव गांधी सर्कल तक बाइक रैली निकाली, लेकिन शुरुआत में रैली में शामिल बाइकें बीआरटीएस की बस लेन में घुस गई,जबकि बीआरटीएस पर चलने वाले वाहन चालक अभी भी इस लेन का उपयोग नहीं कर रहे है। बस लेन में बाइक रैली निकालने की चर्चा हो रही है।
स्वच्छता में महागुरु बनने के बाद नगर निगम ने शहर के ट्रैफिक सुधार का अभियान हाथ में लिया हैै। इसके तहत रविवार को बाइक रैली आयोजित की गई थी। मेयर पुष्य मित्र भार्गव, विधायक रमेश मैंदोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि बाइक पर सवार होकर निकले। विजय नगर चौराहे से कुछ दूरी तक रैली बीआरटीएस की बस लेन में निकली। इसके बाद फिर रैली वाहन मिक्स लेन में गई।
रैली का समापन राजीव गांधी चौराहे पर किया गया। रैली के लिए बस लेन के कुछ हिस्से के उपयोग पर मेयर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। आपको बता दें कि बीआरटीएस की बस लेन को हटाने के निर्देश हाईकोर्ट दे चुका है, लेकिन अभी तक लेन हट नहीं पाई है। कुछ दिनों पहले कार व अन्य वाहन बस लेन में से निकलने लगे थे, लेकिन चालान बनने के बाद फिर वाहन चालकों ने बस लेन का उपयोग बंद कर दिया। अभी बस लेन में आई बसों का संचालन हो रहा हैै। कोर्ट ने पूर्व में बस लेन के उपयोग के लिए आई बसों के अलावा एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों के निकलने की अनुमति दे रखी है। कुछ दिनों पहले एक वीआईपी का काफिला भी बस लेन से निकला था।
नशे के विरोध में दौड़े धावक
नशे के खिलाफ इंदौर पुलिस के आव्हान पर रविवार को शहर के धावक सड़कों पर दौड़ें। यह मैराथन नेहरू स्टेडियम से राजीव गांधी प्रतिमा चौराहे तक चली। रैली में शामिल धावकों ने बाद में शहर को नशे से मुक्त करने का संकल्प भी लिया।

