अग्नि आलोक

*कलेक्टर-एसपी ने नर्मदा के बढ़ते जलस्तर पर जताई चिंता*

Share

मध्यप्रदेश के निमाड़ अंचल में हो रही अच्छी बारिश और खासकर नर्मदा के ऊपरी कछार में हो रही भारी बारिश से इस समय प्रदेश के खंडवा जिले के दोनों डैम लबालब भरे हैं। जिसके बाद रविवार से ही इंदिरा सागर और ओमकारेश्वर डैम के गेट खोलकर वहां से पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस दौरान हो रही पुनासा ब्लॉक में हो रही मानसूनी गतिविधियों का जायजा लेने के उद्देश्य से गुरुवार को खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने एनएचडीसी कार्यालय और इंदिरा सागर पॉवर स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा सागर बंध प्रबंधन के द्वारा बांध से छोड़े जा रहे पानी एवं नर्मदा के बढ़ते हुए जल स्तर की जानकारी भी ली।

वहीं इंदिरा सागर बांध परियोजना प्रमुख अजीत कुमार जैन के अनुसार इंदिरा सागर जलाशय के अपस्ट्रीम में जल स्तर बढ़ने एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुनासा ब्लॉक के नर्मदा नगर स्थित इंदिरा सागर बांध के 12 गेट दिनांक 27 जुलाई को सुबह 04 बजे से खोले गए थे, जो अब तक लगातार खुले हुए हैं। इससे जुड़ी सभी सूचनाएं बांध के डाउन स्ट्रीम में जन समान्य की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी संबंधित प्रशासनिक विभागों एवं प्रबंधकों को पहले ही प्रेषित की जा चुकी थी।

बता दें कि इंदिरा सागर पावर स्टेशन, नर्मदा नगर से मिली जानकारी के अनुसार एनएचडीसी लिमिटेड जोकि एनएचपीसी लिमिटेड एवं मध्यप्रदेश शासन का संयुक्त उद्यम है और इसकी स्थापना सन् 2000 में हुई थी। वर्तमान में इसकी खंडवा जिले में दो जल विद्युत परियोजनाएं इंदिरा सागर पावर स्टेशन (1000 मेगावाट) एवं ओंकारेश्वर पावर स्टेशन (520 मेगावाट) के साथ ही दो सोलर परियोजनाएं ग्राउंड माउंटेड सांची सोलर प्रोजेक्ट (8 मेगावाट) तथा ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट (88 मेंगावाट) द्वारा उत्पादित शत् प्रतिशत मध्यप्रदेश को दी जा रही है। एनएचडीसी नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के अन्य विकल्पों के माध्यम से भी प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत् है।

Exit mobile version