Site icon अग्नि आलोक

 कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के बयान पर बवाल,महिलाएं सड़क पर उतर आईं

Share

मध्य प्रदेश कांग्रेस के विधायक फूल सिंह बरैया ने पहले तो आदिवासी, SC-ST महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया. फिर इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा, अपने बयान पर कायम रहते हुए संस्कृत श्लोक सुनाया और उसकी व्याख्या की. बाद में MP Congress के X हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर बयान से पलट गए. कहा ये बयान मेरा नहीं, यह दार्शनिक हरिमोहन झा की किताब से लिया गया है. बरैया ने दावा किया, “मैं अपने समाज की 40 करोड़ महिलाओं के साथ खड़ा हूं. करोड़ों महिलाओं की इज्जत बचाने के लिए फूल सिंह बरैया खड़ा है.”मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने अपने विवादास्पद बयान को लेकर एक नया वीडियो जारी किया और कहा ये उनका बयान नहीं है. हालांकि, अब बवाल बढ़ चुका है. भोपाल में उनके खिलाफ महिलाएं सड़क पर उतर आईं. इस रिपोर्ट में जानिए पूरा घटनाक्रम.

बीजेपी ने किया तीखा हमला
बरैया राहुल गांधी के साथ एयरपोर्ट से निकले थे, जहां मीडिया ने उन्हें घेर लिया. हालांकि, राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन बीजेपी इस मामले में हमलावर है. मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी. सारंग ने कहा, “राहुल गांधी इंदौर में थे और विधायक फूल सिंह बरैया के साथ घूम रहे थे. उम्मीद थी कि वे उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे. विधायक ने आधी आबादी का अपमान किया है. देश-दुनिया में बदनामी हो रही है. जहर तो उनकी मानसिकता है. रेप वाले बयान पर प्रियंका गांधी कहां हैं? कांग्रेस महिलाओं का अपमान करती आई है. राहुल गांधी इसका जवाब दें.”

राहुल गांधी समर्थन में?
सारंग ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी बरैया के बयान का समर्थन करते हैं? उन्होंने कांग्रेस को लाशों पर राजनीति करने वाली और विघटन से गुजर रही पार्टी बताया. साथ ही कहा कि कांग्रेस की जमीन पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और जनता हर जगह कांग्रेस को नकार चुकी है.

किस ग्रंथ में क्या लिखा?
जब एयरपोर्ट में मीडिया ने पूछा ये बात किस धर्म ग्रंथ में लिखी है? इसके जवाब में बरैया ने कहा, मैंने कई लाइब्रेरी खंगाली. उसके बाद उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक की कथित व्याख्या कर डाली. कहा, धर्म ग्रंथों में यह उल्लेख है कि फलां जाति की महिला से संबंध बनाने पर इस ‘तीर्थीय फल’ मिलेगा. उन्होंने और क्या कहा, वीडियो में सुनिए…

MP Congress के X हैंडल से ये वीडियो जारी

भोपाल में महिलाएं सड़क पर उतरीं
बरैया के बयान के खिलाफ बीजेपी महिला मोर्चा ने भोपाल की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया. सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक का पुतला फूंका. महिला मोर्चा की मांग है कि कांग्रेस ऐसी गंदी सोच वाले विधायक को बर्खास्त करें. बीजेपी पार्षद बृजुला सचान ने कहा, “राहुल गांधी को अपने बदजुबान विधायक का इस्तीफा ले लेना चाहिए.” महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना जाचक ने चेतावनी दी कि जब तक बरैया का इस्तीफा नहीं होता, विरोध जारी रहेगा.

फूल सिंह बरैया? महिलाओं पर ही विवादित बयान नहीं, झांसी की रानी को भी…, खुद का मुंह किया था काला!

भांडेर से कांग्रेसी विधायक फूल सिंह बरैया का विवादों से पुराना नाता है. इस बार वह आदिवासी महिलाओं पर शर्मनाक बयान देकर विवादों में हैं. इसके पहले झांसी की रानी को लेकर भी विवादित बयानबाजी कर चुके हैं. यहीं उन्होंने खुद का मुंह भी काला किया था. जानें क्या था माजरा..

मध्य प्रदेश में दतिया जिले की भांडेर सीट से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया एक बार फिर विवादों में हैं. दलित, आदिवासी, ओबीसी महिलाओं पर दिए गए विवादित बयान ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है. ये बयान उन्होंने तब दिया, जब राहुल गांधी का इंदौर दौरा था. बरैया ने तो राहुल गांधी के सामने मीडिया से यहां तक कह दिया कि वह अपने बयान पर कायम हैं, वो माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा. जो कहा, वह धार्मिक ग्रंथ में लिखा है.

बरैया ने क्या दिया बयान…
विधायक फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि धर्मग्रंथों में लिखा है कि यदि कोई तीर्थ पर नहीं जा पा रहा है तो वह दलित, ओबीसी, आदिवासी वर्ग की महिला के साथ रेप करेगा तो उसे वही फल मिलेगा जो तीर्थ करने से मिलता है.

SC/ST विधायकों-सांसदों को बताया था ‘कुत्ते जैसा’
ये पहला मौका नहीं जब बरैया विवादों में हैं. अभी कुछ दिन पहले उन्होंने भोपाल में कांग्रेस की ‘डिक्लेरेशन-2’ ड्राफ्टिंग कमेटी की बैठक में उन्होंने SC/ST विधायकों और सांसदों की स्थिति की तुलना ‘कुत्ते’ से कर दी. बैठक में वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत अन्य नेता मंच पर मौजूद थे.

झांसी की रानी पर भी दे चुके विवादित बयान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि पर दतिया जिले के भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में फूल सिंह बरैया ने झांसी की रानी को लेकर बार-बार विवादित बयान दिए. फूल सिंह बरैया ने यहां तक कह दिया था कि ”लक्ष्मीबाई ने आत्महत्या की थी. आत्महत्या करने वाले को कभी वीरांगना कहा तो फिर रोज 10 लड़कियां आत्महत्या कर रही हैं, उन्हें भी वीरांगना लिखो”.

जब फूल सिंह बरैया ने खुद के मुंह पर कालिख लगाई थी. (फाइल)

काला कर चुके खुद का मुंह
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने कहा था, अगर  प्रदेश में बीजेपी को 50 सीटें मिल गईं तो वो अपना मुंह काला कर लेंगे. इसके लिए उन्होंने तारीख और स्थान भी बताया था. कहा था कि 7 दिसंबर 2023 को भोपाल राजभवन के सामने दोपहर 2 बजे अपने हाथों से मुंह काला करेंगे. इसके बाद उन्होंने ऐसा किया, क्योंकि तब भाजपा को प्रदेश में 163 सीटें मिली थीं. फूलसिंह बरैया ने कहा था कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कालिख पोती है, जो वादा किया था उसे पूरा किया है.

चर्चा में थी बेटी की शादी
फूल सिंह बरैया की बेटी की शादी (5 फरवरी 2023) भी चर्चा में रही थी. उन्होंने कार्ड में देवी-देवताओं की जगह ज्योतिबा फुले, शाहू जी महाराज और अंबेडकर की तस्वीरें छपवाई थीं. बरैया ने मेहमानों को संविधान की प्रतियां भी भेंट की थीं. बरैया ने बेटी की शादी बिना किसी विशेष मुहूर्त के तय की और संत रविदास की जयंती पर इस आयोजन को रखा था.

बरैया का राजनीतिक प्रोफाइल
फूल सिंह बरैया मध्य प्रदेश के एक प्रमुख राजनेता हैं, जो वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) से जुड़े हुए हैं. वे भांडेर (SC) विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और अपनी राजनीतिक यात्रा में विभिन्न पार्टियों से जुड़े रहे हैं. उनका जन्म 1 जनवरी 1962 को भिंड, मध्य प्रदेश में हुआ था और वर्तमान में उनकी उम्र 64 वर्ष है. वे एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और कृषि तथा विधायक के रूप में अपनी आजीविका चलाते हैं.

बरैया की शिक्षा
बरैया ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री प्राप्त की है. उन्होंने 1988 में एमआईटीएस ग्वालियर (अब जीवाजी विश्वविद्यालय का हिस्सा) से यह डिग्री पूरी की. वे ग्रेजुएट प्रोफेशनल कैटेगरी में आते हैं.

राजनीतिक करियर
फूल सिंह बरैया की राजनीतिक यात्रा 1990 के दशक की शुरुआत में बहुजन समाज पार्टी (BSP) से शुरू हुई. वे 1989 से 2003 तक BSP के मध्य प्रदेश राज्य अध्यक्ष रहे और कांशीराम के करीबी सहयोगी थे. इस दौरान BSP ने 1993 और 1998 के विधानसभा चुनावों में 11 सीटें जीतीं. 2003 में मायावती द्वारा आंतरिक मतभेदों के कारण BSP से निष्कासित किए जाने के बाद, उन्होंने समता समाज पार्टी (2003-2007), लोक जनशक्ति पार्टी (2007-2010), बहुजन संघर्ष दल (2012-2019) जैसी पार्टियों में काम किया और 2019 में कांग्रेस में वापस शामिल हो गए. वे 1998 में BSP टिकट पर भांडेर (SC) से विधायक चुने गए थे. 2023 में INC टिकट पर फिर से भांडेर (SC) से विधायक बने, जहां उन्होंने 82,043 वोट (58.67%) प्राप्त कर 29,438 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उनका कार्यकाल 3 दिसंबर 2023 से शुरू हुआ और वे वर्तमान में पद पर हैं।

बरैया ने कई चुनाव लड़े हैं
विधानसभा चुनाव: 1998 में जीत (BSP, भांडेर); 2003, 2008, 2013, 2020 (उपचुनाव) में हार; 2023 में जीत (INC, भांडेर).
लोकसभा चुनाव: 1996, 1998, 1999 (BSP), 2004 (SSP, भिंड), 2007 (LJP, ग्वालियर), 2014 (BSD), और 2024 (INC, भिंड) में हार। 2024 में वे भाजपा की संध्या राय से 64,840 वोटों से हारे.

संपत्ति और दायित्व
2024 लोकसभा चुनाव के हलफनामे के अनुसार:
कुल संपत्ति: लगभग 2.81 करोड़ रुपये (चल संपत्ति: 71.4 लाख, अचल संपत्ति: 2.1 करोड़).
कुल दायित्व: लगभग 2.94 करोड़ रुपये (मुख्य रूप से बैंक और LIC ऋण).
2023 विधानसभा चुनाव में: कुल संपत्ति 2.44 करोड़, दायित्व 2.81 करोड़.

Exit mobile version