Site icon अग्नि आलोक

*कार में महिला टीचर से दुष्कर्म,आरोपी प्रिंसिपल पहुंचा सलाखों के पीछे*

Share

सतना: जिले में एक महिला टीचर के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस मामले में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान धीर सिंह (40) के रूप में हुई है, जो डालीबाबा पंजाबी कॉलोनी में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार पीड़िता 2023 से आरोपी के स्कूल में कार्यरत थी। 18 जनवरी 2024 को उसने अपनी सहेली के साथ मेहंदी लगवाने जाने के लिए छुट्टी मांगी थी। जिसे धीर सिंह ने मंजूर किया और खुद अपनी कार से छोड़ने की बात कहकर उसे बैठा लिया। रास्ते में आरोपी महिला को मैहर बायपास की ओर ले गया और विरोध करने पर सुनसान डालीबाबा बगिया इलाके में कार रोककर जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।

फोटोशॉप से बनाई अश्लील तस्वीरें

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले से ही पीड़िता की कुछ तस्वीरें खींच रखी थीं। जिन्हें बाद में फोटोशॉप के जरिए न्यूड फोटो में बदला और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह बार-बार महिला को धमकी देता रहा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका वीडियो और फोटो वायरल कर देगा।

पति और परिजनों को भेजी तस्वीरें

पीड़िता ने डर और समाज की बदनामी के चलते चुप्पी साध रखी थी। लेकिन शादी के बाद आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें उसके पति और अन्य परिजनों को भेज दीं। जिससे महिला पूरी तरह मानसिक रूप से टूट गई। आखिरकार उसने अपने पति को पूरा घटनाक्रम बताया।

आरोपी प्रिंसिपल पहुंचा सलाखों के पीछे

पति के सहयोग से महिला ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version