खरगोन में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीटीआई रोड पर एक अकेली बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. डर से बच्ची भागते हुए पास की गुमटी के पीछे छिप गई. अपनी जान बचाई. इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवकों ने तत्काल कुत्तों को भगाकर बच्ची को सुरक्षित निकाला. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के गली-मोहल्लों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते खुलेआम घूम रहे हैं और डॉग बाइट के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसके बावजूद नगर पालिका इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही. लोग आरोप लगा रहे हैं कि लापरवाही के कारण आमजन, खासकर बच्चे, असुरक्षित हैं. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और नागरिक प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
भोपाल में कल सीएम मोहन यादव करेंगे डायल-112 का फ्लैग ऑफ
भोपाल में कल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डायल-112 सेवा का फ्लैग ऑफ करेंगे. यह कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा, जिसमें डीजीपी कैलाश मकवाणा भी मौजूद रहेंगे. डायल-112 को जनसुरक्षा की नई राह के रूप में पेश किया जा रहा है. डायल-100 के विस्तार के रूप में शुरू हो रही यह सेवा एक ही नंबर से पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, साइबर क्राइम, महिला हेल्पलाइन, रेल मदद, हाईवे एक्सीडेंट रिस्पॉन्स, प्राकृतिक आपदा, महिला और चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी आपात सेवाएं उपलब्ध कराएगी.
छतरपुर में रिश्वतखोर बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
छतरपुर के बड़ामलहरा जनपद पंचायत में सागर लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लिपिक मुकेश वर्मा को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी लिपिक संबल योजना के हितग्राही की दो लाख रुपये की सहायता राशि जारी करने के बदले दस हजार रुपये की घूस मांग रहा था. शिकायतकर्ता राहुल लोधी ने लोकायुक्त पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद टीम ने बड़ामलहरा जनपद पंचायत में ट्रैप कार्रवाई की. घूस की राशि लेते ही मुकेश वर्मा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया.
बुरहानपुर में महिला की हथौड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बुरहानपुर के सिलमपुरा वार्ड में मंगलवार को अज्ञात कारणों से एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान शारदा सिरतूरे के रूप में हुई है. मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी शेख शकील नामक युवक को गिरफ्तार किया है. मृतका के पति मनोज सिरतूरे ने आरोप लगाया कि शेख शकील ने हथौड़ी से उनकी पत्नी की हत्या की. एसपी आशुतोष बागरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. वारदात ने स्थानीय लोगों को दहला दिया है.
भोपाल में बारिश शुरू, गर्मी और उमस से मिली राहत
भोपाल में बारिश का दूसरा दौर शुरू हो गया. मौसम विभाग ने 13 अगस्त से प्रदेश में बारिश के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई थी, जो सही साबित हुई. हल्की बारिश के साथ मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है. सीजन के पहले दौर की बारिश थमने के बाद राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में तापमान और उमस बढ़ गई थी. अब नए दौर की बारिश से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, होशंगाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा.
सागर में हादसा: चार्टर्ड बस पेड़ से टकराई, कई यात्री बाल-बाल बचे
भोपाल से सागर की ओर आ रही एक चार्टर्ड बस राहतगढ़ थाना क्षेत्र के सीहोरा के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई. पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. उन्हें इमरजेंसी गेट से सुरक्षित बाहर निकाला गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. फिलहाल, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है.
भीकनगांव नगर परिषद में भाजपा का कब्जा, सुधा विजय महाजन बनीं अध्यक्ष
खरगोन के भीकनगांव नगर परिषद में भाजपा की सुधा विजय महाजन नई अध्यक्ष चुन ली गईं. उन्होंने कांग्रेस की ऋतु महेश वर्मा को 10 वोटों से हराया. वार्ड क्रमांक 5 के उपचुनाव के बाद नगर सरकार बदल गई और भाजपा ने सत्ता पर कब्जा कर लिया. नगर परिषद में भाजपा के 7, कांग्रेस के 6 और 2 निर्दलीय पार्षद थे. कांग्रेस के एक पार्षद ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा को समर्थन दिया. जीत के बाद भाजपा ने शहर में विजय जुलूस निकाला और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया. यह मुकाबला भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का था, क्योंकि यह जिला अध्यक्ष नंदा ब्राहम्णे का गृह नगर है. इससे पहले 2022 में क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा बहुमत में होते हुए भी अध्यक्ष पद नहीं जीत पाई थी. वार्ड 5 से निर्वाचित पूनम अमित जायसवाल का पद हाईकोर्ट ने शून्य घोषित किया था, जिसके चलते यह उपचुनाव हुआ.
राजधानी में क्लोरीन गैस फैलने की आशंका, हर तरफ मचा हड़कंप
राजधानी में क्लोरीन गैस फैलने की संभावना से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए जेके रोड पर रूट को डायवर्ट किया गया. अधिकारियों ने गैस के फैलाव को रोकने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से कार्रवाई की. फिलहाल, स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

इंदौर में बीजेपी तिरंगा यात्रा से मचा हाहाकार, 5 एंबुलेंस जाम में फंसी
इंदौर में बीजेपी की तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन के ट्रैफिक इंतजाम पूरी तरह फैल हो गए. मध्य क्षेत्र और शहर के बड़े हिस्सों में भीषण जाम की स्थिति बन गई. रीगल चौराहे पर ट्रैफिक जाम में 5 एंबुलेंस फंस गईं, जिससे मरीज और उनके परिजन परेशान होते रहे. कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन ट्रैफिक काबू करने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी मौके पर नहीं थे.
इंदौर में बीजेपी की तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन के ट्रैफिक इंतजाम पूरी तरह फैल हो गए. मध्य क्षेत्र और शहर के बड़े हिस्सों में भीषण जाम की स्थिति बन गई.
रीगल चौराहे पर फंसी 5 एंबुलेंस
रीगल चौराहे पर ट्रैफिक जाम में 5 एंबुलेंस फंस गईं, जिससे मरीज और उनके परिजन परेशान होते रहे. कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन ट्रैफिक काबू करने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी मौके पर नहीं थे.
राजवाड़ा से गांधी हाल तक यात्रा, जनता परेशान
राजवाड़ा से गांधी हाल तक तिरंगा यात्रा निकाली जानी है, लेकिन इसके कारण पलासिया, इंद्रप्रस्थ, रीगल, मधुमिलन, जंजीरवाला चौराहा और एमजी रोड पर जाम लग गया. हजारों वाहन चालक घंटों सड़क पर फंसे रहे.
डाइवर्जन भी नहीं आया काम
पुलिस द्वारा घोषित ट्रैफिक डाइवर्जन भी पूरी तरह फैल हो गए. कई चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस नदारद रही, जिससे हालात और बिगड़ गए.
आम जनता का गुस्सा बीजेपी और प्रशासन पर
लोग खुलेआम पुलिस प्रशासन और बीजेपी नेताओं को कोसते नजर आए. उनका कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रम के चलते आम जनता की जान खतरे में डालना गैरजिम्मेदाराना है.
CM मोहन यादव ने निवास पर फहराया तिरंगा, देशवासियों से की ये अपील
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने निवास पर तिरंगा फहराया. इस मौके पर उन्होंने तिरंगा के साथ सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर साझा की. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि “आइए, हम सभी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और गर्व के साथ तिरंगा फहराएं.” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान हर भारतीय के गौरव और सम्मान का प्रतीक बन चुका है और पूरे देश में देशभक्ति का उत्साह चरम पर है. डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “मैंने भी आज निवास पर तिरंगा फहराया है. यह सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे देश की शान, सम्मान और एकता का प्रतीक है. हर भारतीय को इसमें शामिल होना चाहिए.”
रीवा जिले के महाना नदी में युवती की हत्या कर नदी में फेंका
रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाना नदी एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक युवती का शव निगा गांव से निकली महाना नदी में पुल से तकरीबन 200 मीटर आगे मिला है. मृतक युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है. मृतिका के गले में नायलोन की रस्सी बंधी हुई है जिसमें दो घड़े भी बंधे हुए नजर आ रहे हैं. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और युवती के सब को नदी से बाहर निकाला. आशंका है कि युवती की हत्या कर शव को नदी ने फेका गया है.
वेनगंगा नदी में तीन युवकों के डूबने का मामला सामने आया
वेनगंगा नदी में तीन युवकों के डूबने का मामला सामने आया है. कल बेनी घाट पर नहाते समय यह हादसा हुआ था. इस घटना के 20 घंटे बाद दो युवकों के शव मिल चुके हैं, जिन्हें SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर घटना स्थल से 7 किलोमीटर दूर निकाला. निखिल और मोहित के शव बरामद हुए हैं. हालांकि, एक युवक राकेश की अभी भी तलाश जारी है. खैरलांजी और रामपायली थाना पुलिस मौके पर मौजूद है. यह घटना खैरलांजी थाना क्षेत्र के ग्राम बेनी में हुई.
मंडला पुलिस ने 80 गुम मोबाइल फोन खोज निकाले, मालिकों को सौंपे
मंडला पुलिस ने 45 दिनों के अंदर 80 गुम मोबाइल फोन को ट्रेस कर ढूंढ निकाला. इन फोन्स की कीमत लाखों रुपए है. कंट्रोल रूम में मंडला SP ने इन सभी फोन्स को अपने हाथों से असली मालिकों को सौंपा. फोन वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इस साल 2025 में कुल 870 मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किए हैं.