बड़वानी : गरीबों के मुंह से निवाला छीन कर खुले बाजार में राशन को ठिकाने लगाने का मामला सामने आया है। बड़वानी जिले के खेतिया में करीब 19 लाख रुपए के राशन के गेहूं और चावल जब्त किए गए हैं। इस छापा के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल अनुविभाग के खेतिया में रविवार शाम एक जिनिंग फैक्ट्री परिसर से करीब 19 लाख रुपए मूल्य के सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के गेहूं और चावल जब्त किए गए हैं। बड़वानी कलेक्टर काजल जावला ने बताया कि अवैध रूप से अनाज के संग्रहण की एक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पानसेमल के एसडीएम रमेश सिसोदिया, तहसीलदार और सहायक आपूर्ति अधिकारी को श्रीनाथ जिनिंग एवं ख्याति जिनिंग के परिसर की जांच करने भेजा गया।
700 क्विंटल गेहूं जब्त
जांच में करीब 700 क्विंटल गेहूं और करीब 15 क्विंटल चावल पाया गया, जो प्रथम दृष्टया सार्वजनिक वितरण प्रणाली का होना पाए जाने से इसकी जब्ती और सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 18.80 लाख रु है। उन्होंने बताया कि जिनिंग के प्रोपराइटर मुकेश जोगी लाल जैन के विरुद्ध मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 13(2) का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। इस पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दण्डनीय अपराध पाया गया है। उन्होंने बताया कि पीडीएस की यह सामग्री कहां से प्राप्त की गई है, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। वहीं इस मामले को लेकर चारों तरफ चर्चा का माहौल है।

