Site icon अग्नि आलोक

 *गुजरात के ट्रांसपोर्टर ने एएसपी को की शिकायत,रास्ते में गायब 12 लाख का अनार*

Share

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में 12 लाख रुपये कीमत की अनार की पेटियां गायब होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गुजरात के भुज से झारखंड भेजी गईं अनार की 850 पेटियां रहस्यमय ढंग से गायब हो गईं. कुल 1195 पेटी अनार भेजा गया था लेकिन तय जगह पर केवल 345 पेटियां ही पहुंचीं. जबलपुर के गुरूकृपा ट्रांसपोर्ट के माध्यम से माल बुक हुआ था. ट्रक के एक्सीडेंट की सूचना के बाद मामला संदिग्ध हो गया. इस मामले में शहपुरा पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं. जबलपुर के ट्रांसपोर्टर का दावा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से गांववालों ने अनार निकाल लिया. वहीं गुजरात के ट्रांसपोर्टर को शक है कि रास्ते में अनार की पेटियां निकाल ली गईं और अन्य जगह बेच दी गईं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

गुजरात से आए ट्रांसपोर्ट संचालक बलकार सिंह भट्टी ने कहा, ‘हम गुजरात के भुज से आए हैं. हमारा वहां संधू ट्रांसपोर्ट है. हमारे पास जो गाड़ी आई थी, हम उसे पहचानते नहीं थे. हमने उससे कहा कि हम तो आपके पहचानते नहीं हैं. किसी की गारंटी दिला दीजिए. फिर उसने जबलपुर का एक ट्रांसपोर्टर था, गुरुकृपा करके. उससे हमारी बात कराई. हमारी पहचान कराई. उसने जिम्मेदारी ली कि हमारी ही गाड़ी है, इसे लोड कर दीजिए. कोई दिक्कत वाली बात नहीं है. जिसके बाद हमने गाड़ी को लोड कर दिया.’

डिलीवर कीं केवल 345 पेटियां
उन्होंने आगे कहा, ‘हमने जो पैसा तय किया था, उसका एडवांस डाल दिया. फिर गाड़ी पहुंचती है जबलपुर के आसपास. हमें फोन आता है कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है. उन्होंने पूछा कि क्या करना है. हमने कहा कि कच्चा माल है. खराब हो जाएगा. पहले माल को दूसरी गाड़ी करके डिलीवरी वाली जगह पहुंचाओ. फिर इन्होंने 345 पेटियां दूसरी गाड़ी में करके वहां पहुंचा दीं. बाकी माल यानी 850 पेटियां वहां नहीं मिलीं. हमें करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. अब हम चाहते हैं कि पुलिस ड्राइवर और क्लीनर से पूछताछ करे कि बाकी माल कहां है. हमें अंदेशा है कि बाकी माल बेच दिया गया है.’

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने इस बारे में कहा कि गुजरात के भुज से एक आवेदक आए हैं बलकार सिंह भट्टी, उनका कहना है कि गुरुकृपा ट्रांसपोर्ट के ओमकार पटेल ने गारंटर का काम किया था. ड्राइवर तुषार कुशवाहा 1195 बॉक्स अनार लेकर निकला था. जहां डिलीवरी करनी थी, वहां उसने केवल 345 बॉक्स ही पहुंचाए. बाकी बॉक्स गायब थे, जिसके बारे में ड्राइवर का यह कहना था कि रास्ते में दुर्घटना हो गई. गांव के लोग अनार की पेटियां ले गए. आवेदन ले लिया है. रास्ते के टोल नाके देखे जाएंगे. सीसीटीवी फुटेज चेक की जाएगी. जिसने भी इसमें गड़बड़ी की है. उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version