Site icon अग्नि आलोक

*देश-दुनिया:आज ओडिशा के तट से टकराएगा चक्रवात अकवान, कई जिलों में अलर्ट; अमेरिकी बैंक जेपी मॉर्गन पर साइबर हमला*

Share

आज की प्रमुख खबरों में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, राजनीति, मौसम, कारोबार, खेल और शिक्षा से जुड़े कई अहम घटनाक्रम शामिल हैं।दुनिया जगत की बात करें तो अमेरिकी बैंकिंग दिग्गज जेपी मॉर्गन चेस ने साइबर हमले की जानकारी दी है। बैंक के थर्ड पार्टी सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाया गया, जिससे करीब 16 हजार संपन्न ग्राहकों के ईमेल और फोन नंबर लीक होने की आशंका है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान के ओडिशा की ओर बढ़ने से तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 69 ट्रेनें रद्द की गई हैं और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के पुराने किले में पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। उधर, पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा दूसरे दलों से आए नेताओं को बड़ी संख्या में टिकट देने की रणनीति बना रही है। पार्टी की नजर खासतौर पर सिख समुदाय और मालवा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने पर है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पहाड़ी राज्यों में बढ़ती ठंड ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में निखिल गुप्ता को आज सजा सुनाई जाएगी। अमेरिकी अभियोजकों ने 24 साल से अधिक की जेल की मांग की है। दूसरी ओर, दालों की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने नैफेड से अरहर और चने का स्टॉक खरीदने की सीमा 5,000 टन से घटाकर 1,000 टन कर दी है। अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के दूसरे चरण की परीक्षाएं देशभर में जारी हैं, जो 27 नवंबर तक चलेंगी। खेल जगत में आज तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारत-ए टीम का मुकाबला नेपाल से होगा। वहीं, चीन में पुतिन की बैठकों से पहले रूस के दो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बॉम्बर विमान वियतनाम पहुंचे थे। इनके ताइवान के आसपास सक्रिय होने से क्षेत्र में सैन्य हलचल बढ़ गई।

अमेरिकी बैंक जेपी मॉर्गन पर साइबर हमला: 16 हजार ग्राहकों का डेटा लीक होने की आशंका, कौन सी सेवाएं बनी निशाना?

अमेरिकी बैंकिंग दिग्गज जेपी मॉर्गन चेस ने साइबर हमले की जानकारी दी है। बैंक के साथ काम करने वाले थर्ड पार्टी सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में बैंक के करीब 16 हजार संपन्न ग्राहकों के ईमेल पते और फोन नंबर उजागर हुए हैं। एक रैनसमवेयर समूह ने इस डेटा लीक की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। 

ओडिशा की ओर बढ़ा चक्रवात ‘अकवान’: तीन लाख लोग निकाले गए, 941 जगहों पर भूस्खलन की आशंका; 69 ट्रेनें रद्द

बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान के ओडिशा की ओर बढ़ने से तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। तूफान शुक्रवार दोपहर पुरी और गोपालपुर के बीच तट से टकरा सकता है। खतरे को देखते हुए राज्य में करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 

एससीओ सभ्यता संवाद मंच: पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन, पुरातात्विक धरोहर से सांस्कृतिक संवाद तक की दिखेगी झलक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को शाम लगभग 5.30 बजे नई दिल्ली के पुराने किले में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह मंच 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होगा। 

पंजाब चुनाव: आधी से अधिक सीटों पर बाहरी को मौका देगी भाजपा, सिख बिरादरी और मालवा क्षेत्र के लिए रणनीति क्या?

पंजाब विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने की कोशिश में जुटी भाजपा इस बार करीब-करीब पूरी तरह से दूसरे दलों के नेताओं के भरोसे होगी। प्रदेश संगठन, चुनावी कमेटियों के बाद पार्टी की योजना अब चुनाव लड़ाने के मामले में भी दूसरे दलों के नेताओं पर अधिक भरोसा जताने का है। खासतौर से राज्य में सिख बिरादरी में पैठ बनाने और मालवा क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पार्टी ने मूल काडर से जुड़े नेताओं की जगह दूसरे दलों से आए नेताओं को तरजीह देने का फैसला किया है। 

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा: ठंड ने भी दिखाए तेवर, आज ओडिशा के तट से टकराएगा तूफान अकवान

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के ऊपरी पहाड़ों पर तापमान शून्य से नीचे जाने के साथ ही उत्तर भारत में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इससे सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। .

खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश: निखिल गुप्ता को आज सजा सुनाएगी अमेरिकी कोर्ट, होगी कितने साल की जेल?

अमेरिका में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को शुक्रवार को सजा सुनाई जाएगी। अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत से गुप्ता को 24 साल से अधिक की जेल की सजा देने की मांग की है। वहीं, बचाव पक्ष ने सजा में कमी करने की अपील की है। 

दालों की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार सख्त: नैफेड से खरीद की सीमा 80 फीसदी घटाई, कारोबारी ले सकेंगे कितना स्टॉक?

दालों की बढ़ती कीमतों पर लगाम कसने और जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने नैफेड के गोदामों से अरहर और चने का स्टॉक निकालने के नियमों को सख्त करते हुए खरीदारों की सीमा 80% घटा दी है। अब कोई भी खरीदार एक बार में अधिकतम 1,000 टन दाल ही निकाल सकेगा, जबकि पहले यह सीमा 5,000 टन थी। 

अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड की परीक्षाएं देशभर में शुरू: 27 नवंबर तक चलेगा दूसरा चरण, लाखों विद्यार्थी ले रहे भाग

देशभर के लाखों विद्यार्थियों के लिए अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड (एयूएनओ) की लेवल-1 के दूसरे चरण की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। 18 नवंबर से शुरू हुआ यह चरण 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी इसमें उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। इस ओलंपियाड का मकसद सिर्फ बच्चों को अंक या रैंक देना नहीं है, बल्कि उनकी पढ़ाई की क्षमता को पहचानना और यह बताना भी है कि उन्हें किन विषयों में सुधार करने की जरूरत है। इसके जरिए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे बच्चों के प्रदर्शन से अपनी तुलना करने का मौका भी मिलेगा। इस बार प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए पुरस्कार और विशेष मेंटरशिप के अवसर भी रखे गए हैं।

राइजिंग स्टार्स एशिया कप: आज नेपाल से भिड़ेगी तिलक वर्मा की ‘इंडिया ए’, जानें हेड-टू-हेड और संभावित प्लेइंग-11

एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में आज यानी शुक्रवार को भारत-ए का सामना नेपाल से होगा। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह 50 ओवर का डे-नाइट मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। टूर्नामेंट में विजयी आगाज करने के इरादे से दोनों टीमें मैदान पर उतरेंगी। भारत को इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए से भिड़ना है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी इसे एक मैच प्रैक्टिस के तौर पर लेना चाहेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को भारत-ए का सामना यूएई से होगा।

चीन में पुतिन को किस बात का था खतरा?: वियतनाम में रूस ने उतारे परमाणु बॉम्बर, ताइवान तक हलचल, क्या था प्लान?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन में दुनिया के बड़े नेताओं से मुलाकात करने पहुंचे तो उससे पहले रूस ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन दिखा दिया। रूस के दो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम रणनीतिक बॉम्बर विमान वियतनाम पहुंचे थे। इन विमानों के साथ दो सहायक विमान भी मौजूद थे।

 पूर्व जज राजेश बिंदल एनसीएलएटी अध्यक्ष बने; गुजरात में होमस्टे कारोबार में 9 कमरे तक की अनुमति

उच्चतम न्यायालय के पूर्व जज राजेश बिंदल ने गुरुवार को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। एनसीएलएटी रजिस्ट्री के नोटिस के अनुसार, बिंदल ने ट्रिब्यूनल के सदस्यों की मौजूदगी में सुबह 10.15 बजे पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद अध्यक्ष, अपीलीय ट्रिब्यूनल के सदस्य, एनसीएलएटी बार के पदाधिकारी और वरिष्ठ वकील संक्षिप्त बातचीत के लिए सम्मेलन कक्ष में एकत्रित हुए।

राजेश बिंदल ने अशोक भूषण की जगह ली, जिनका एनसीएलएटी अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल 4 जुलाई 2026 को समाप्त हुआ था। बिंदल 15 अप्रैल 2026 को उच्चतम न्यायालय के जज के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें 13 फरवरी 2023 को उच्चतम न्यायालय में नियुक्त किया गया था। उनका जन्म 16 अप्रैल 1961 को हरियाणा के अंबाला शहर में हुआ था। उन्होंने 1985 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। उसी साल सितंबर में उन्होंने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में वकालत शुरू की। 22 मार्च 2006 को उन्हें पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का जज नियुक्त किया गया।

राजेश बिंदल का न्यायिक कॅरिअर कैसा रहा?

इसके बाद उनका तबादला जम्मू और कश्मीर उच्च न्यायालय में हुआ, जहां उन्होंने 19 नवंबर 2018 को शपथ ली। उन्हें 8 दिसंबर 2020 से जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के साझा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के कर्तव्यों के निर्वहन के लिए नियुक्त किया गया। जनवरी 2021 में उनका तबादला कोलकाता उच्च न्यायालय में हुआ। बाद में उन्हें 27 अप्रैल 2021 से वहां के मुख्य न्यायाधीश के कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया। उच्चतम न्यायालय में नियुक्ति से पहले उन्होंने 11 अक्तूबर 2021 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।

एनसीएलएटी की क्या भूमिका है?

बिंदल को राजीव गांधी नेशनल लॉ विश्वविद्यालय, पंजाब द्वारा ‘डॉक्टर ऑफ लॉज’ (एलएलडी) की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया गया है। एनसीएलएटी, कंपनी अधिनियम और दिवाला एवं दिवालियापन संहिता (आईबीसी) के तहत नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) द्वारा पारित आदेशों के लिए एक अपीलीय प्राधिकरण है। यह दिवालियापन और कंपनी मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

गुजरात में होमस्टे कारोबार आसान अब 9 कमरों तक की अनुमति

गुजरात सरकार ने होमस्टे व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण के नियम आसान कर दिए हैं। संशोधित नीति के तहत अब होमस्टे में छह के बजाय नौ कमरों तक की अनुमति होगी। परिसर में मालिक का रहना अनिवार्य नहीं होगा और संचालन के लिए अधिकृत मैनेजर नियुक्त किया जा सकेगा। पंजीकरण के लिए पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र की जरूरत भी समाप्त कर दी गई है, हालांकि पर्यटकों की सुरक्षा संबंधी नियम लागू रहेंगे। होमस्टे का पंजीकरण दो साल के लिए वैध होगा। इसका नवीनीकरण ऑनलाइन सेल्फ-डिक्लेरेशन के जरिए किया जा सकेगा और इसके लिए नई भौतिक जांच अनिवार्य नहीं होगी। नए पंजीकरण के पूर्ण आवेदनों का निपटारा 30 दिनों में करने का प्रावधान है। गुजरात पर्यटन निगम इच्छुक संपत्ति मालिकों के लिए मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित करेगा। इसमें पंजीकरण, सुविधाओं, मूल्य निर्धारण और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी। राज्य में स्वीकृत होमस्टे आवेदनों की संख्या 2024-25 में 90 से बढ़कर 2025-26 में 148 और 2026-27 में 304 हो गई है।

Exit mobile version