प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे महानगर वासियों को भूमिगत मेट्रो-3 एक्वा लाइन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री 8 व 9 अक्तूबर को महाराष्ट्र में रहेंगे और इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वहीं जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र में मौखमपुरा के पास मंगलवार रात एक खौफनाक हादसा हुआ। एलपीजी सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक को एक केमिकल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंकर के केबिन में आग लग गई, जो तेजी से ट्रक तक फैल गई। आग सिलेंडरों तक पहुंची तो एक के बाद एक करीब 200 गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। एक तरफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में जिस फॉर्मूले पर बने कफ सिरप ने बच्चों की जान ली, उस पर केंद्र सरकार ने दो वर्ष पहले ही छोटे बच्चों को देने पर रोक लगाई थी। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने 18 दिसंबर, 2023 को बाकायदा सभी राज्यों को आदेश जारी किया था कि क्लोरफेनिरामाइन मेलिएट आईपी-2 मिग्रा व फिनाइलफ्राइन एचसीएल आईपी 5 मिग्रा फॉर्मूलेशन को चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों में इस्तेमाल न किया जाए। वहीं दूसरी ओर वायुसेना बुधवार को अपना 93 वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर के योद्धाओं पर देश की नजर रहेगी। इस दौरान मुख्य आयोजन गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर होगा। यह पहला अवसर है, जब वायुसेना इस आयोजन को दो हिस्सों में कर रही है। हिंडन एयरबेस पर वायुसैनिकों की परेड और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का उद्बोधन होगा। जबकि लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के हवाई करतब का प्रदर्शन 9 नवंबर को गुवाहाटी में किया जाएगा।
पीएम मोदी आज करेंगे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे महानगर वासियों को भूमिगत मेट्रो-3 एक्वा लाइन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री 8 व 9 अक्तूबर को महाराष्ट्र में रहेंगे और इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक पीएम मोदी बुधवार को दोपहर 3 बजे नवी मुंबई पहुंचेगे जहां नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 3:30 बजे हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मुंबई मुंबई में ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर से भी मिलेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए बैठक करेंगे। इसके मद्देनजर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा: केमिकल टैंकर ने सिलेंडर से भरे ट्रक को मारी टक्कर
जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र में मौखमपुरा के पास मंगलवार रात एक खौफनाक हादसा हुआ। एलपीजी सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक को एक केमिकल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंकर के केबिन में आग लग गई, जो तेजी से ट्रक तक फैल गई। आग सिलेंडरों तक पहुंची तो एक के बाद एक करीब 200 गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। धमाकों की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और कुछ सिलेंडर 500 मीटर दूर खेतों तक जा गिरे।
घटना रात करीब 10 बजे हुई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर चालक ने आरटीओ वाहन को देखकर अचानक ढाबे की ओर मोड़ काटी और सामने खड़े गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से भिड़ गया। हादसे में टैंकर का चालक जिंदा जल गया। वहीं, आसपास खड़े पांच अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए। दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक में कुल 330 सिलेंडर लदे हुए थे, जिनमें से दो तिहाई से ज्यादा सिलेंडर फट गए। हाईवे पर दोनों ओर ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिसे बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे दोबारा खोला गया।
आरटीओ की गाड़ी देख घबराया टैंकर ड्राइवर, ढाबे में घुसा वाहन, हुई भीषण टक्कर
एक दर्दनाक हादसे में केमिकल से भरा टैंकर सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गया, जिससे भयंकर आग लग गई। ट्रक ड्राइवर शाहरुख ने बताया कि हादसे में उसका ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के समय टैंकर जयपुर की ओर जा रहा था, तभी सामने से आरटीओ की गाड़ी आती दिखी। आरटीओ वाहन को देखकर टैंकर चालक घबरा गया और खुद को बचाने की कोशिश में उसने टैंकर को सड़क किनारे एक ढाबे में घुसा दिया। इस दौरान टैंकर की सीधी टक्कर वहां खड़े गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से हो गई।
दो घंटे तक मौके पर कोई दमकल वाहन नहीं पहुंचा
टक्कर के तुरंत बाद स्पार्किंग हुई और आग फैल गई। केमिकल टैंकर के ड्राइवर ने जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग ने तेजी से घेर लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो घंटे तक मौके पर न तो कोई दमकल वाहन पहुंचा, न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी।
ट्रैफिक डायवर्जन से 15 किमी लंबा सफर तय करना पड़ा
हादसे के बाद सड़क पर जाम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया। अजमेर से जयपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को किशनगढ़ से रूपनगढ़ होते हुए आगे भेजा गया। इस डायवर्जन के कारण यात्रियों को सामान्य 115 किलोमीटर की जगह लगभग 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी। वहीं, जयपुर से अजमेर आने वाले ट्रैफिक को 200 फीट बाइपास से टोंक रोड की ओर मोड़ा गया।
4 एसएमएस अस्पताल अलर्ट मोड पर, ICU बेड रिजर्व
हादसे की जानकारी मिलते ही एसएमएस अस्पताल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया। अस्पताल के नव नियुक्त अधीक्षक मृणाल जोशी ने बताया कि आपातकालीन स्थिति को देखते हुए प्लास्टिक सर्जन समेत संपूर्ण मेडिकल स्टाफ को इमरजेंसी में तैनात किया गया। इसके साथ ही आईसीयू बेड भी टेकओवर कर लिए गए थे, ताकि किसी भी गंभीर घायल को तुरंत उपचार मिल सके।
वहीं, अभी तीन लोगों की तलाश जारी है। एक ट्रक में चालक का थोड़ा कंकाल मिला है। जबकि खलासी का पता नहीं चला। वहीं कैमिकल से भरे ट्रक के चलाक और खलासी का कोई पता नहीं चला है। अग्निशमन कर्मचारियों का कहना है कि कमिकल से भरे ट्रक में ब्लॉस्ट हो जाता तो हादसा और भी भयानक रूप ले सकता था। अब भी मौके पर दमकल कर्मी कमिकल से भरे ट्रक पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं।
रात में ही मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम बैरवा
वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा रात में ही मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि टैंकर में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और हाईवे पर दोनों ओर से ट्रैफिक रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की निगरानी में लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन के ड्राइवर की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं। इसके साथ ही राजस्थान के उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हालात पर प्रशासन की पूरी नजर है और हर संभव राहत और बचाव कार्य जारी है।
सीएम भजनलाल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संभावित घायलों की चिंता करते हुए कमिश्नर बीजू जॉर्ज को निर्देश दिए। सीएम ने दूदू सावरदा से जयपुर तक आने जाने के लिए दमकल एवं एम्बुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखे हैं। भजनलाल ने ट्वीट कर लिखा कि जयपुर ग्रामीण के मोजमाबाद थाना क्षेत्र में जयपुर–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की दुर्घटना अत्यंत दुखद है।घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड एवं आपदा प्रबंधन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से प्रभावित सभी नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। गौरतलब है कि दिसंबर पिछले साल भी जयपुर-अजमेर हाइवे पर इसी तरह की दुर्घटना में एलपीजी टैंकर विस्फोट से 19 लोगों की मौत हो गई थी।
दो साल पहले जिस फॉर्मूले पर लगी थी रोक, उसी ने ले ली मासूमों की जान
मध्य प्रदेश और राजस्थान में जिस फॉर्मूले पर बने कफ सिरप ने बच्चों की जान ली, उस पर केंद्र सरकार ने दो वर्ष पहले ही छोटे बच्चों को देने पर रोक लगाई थी। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने 18 दिसंबर, 2023 को बाकायदा सभी राज्यों को आदेश जारी किया था कि क्लोरफेनिरामाइन मेलिएट आईपी-2 मिग्रा व फिनाइलफ्राइन एचसीएल आईपी 5 मिग्रा फॉर्मूलेशन को चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों में इस्तेमाल न किया जाए।
केंद्र ने कहा था कि इस फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (एफडीसी) वाले सिरप के फायदे कम, नुकसान ज्यादा हैं। इसलिए दवा के लेबल, पैकेज और प्रचार सामग्री पर अनिवार्य रूप से यह चेतावनी छापी जाए कि चार वर्ष तक के बच्चों को यह दवा न दी जाए। फिर भी, मध्य प्रदेश में कम से कम 20 बच्चों की मौत कोल्ड्रिफ सिरप से हुई जो पैरासिटामोल, क्लोरफेनिरामाइन मेलिएट व फिनाइलफ्राइन एचसीएल से मिलकर बना है। इस पर न चेतावनी लिखी पाई गई और न राज्य की ओर से अस्पतालों में जागरूकता के लिए कोई प्रचार सामग्री मिली। सीडीएससीओ के शीर्ष अधिकारी ने कहा, अब सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है, जबकि सभी जानते हैं कि भारत में स्वास्थ्य राज्य सरकार के अधीन है। दवा नियामक प्रक्रिया भी राज्यों के अधीन हैं। दवा तमिलनाडु में बन रही थी और मध्य प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी में भी बिक रही थी। केंद्र ने फाइल नंबर 04-01/2022-डीसी के जरिये यह फॉर्मूला बच्चों को देने पर रोक लगाई थी।
1,400 फैक्टरियां बिना प्रमाण बना रहीं दवाएं
गांबिया में कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद केंद्र ने देश की दवा निर्माता फैक्टरियों के लिए डब्ल्यूएचओ प्रमाणित जीएमपी प्रमाणपत्र अनिवार्य किया था। 5,308 दवा कंपनियों में से 3,838 ने इसके लिए प्रक्रिया पूरी की है, पर 1470 कंपनियों ने इसके लिए आवेदन तक नहीं किया है।
गुजरात में भी दो कफ सिरप पर पाबंदी
गुजरात में बन रही खांसी की दो दवाओं रेसिप्रेफ्रेश टीआर सिरप और रिलाइफ कफ सिरप में घातक रसायन डीईजी की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली है। राज्य में इन दोनों दवाओं की बिक्री, वितरण, या उपयोग प्रतिबंधित किया गया है। इन्हें बनाने वाली अहमदाबाद की रेडनेक्स फार्मा व राजकोट स्थित शेर फार्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है। घातक डीईजी गंभीर विषाक्तता, गुर्दे फेल होना, तंत्रिका संबंधी जटिलता और मौत का भी कारण बन सकता है।
वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस आज
वायुसेना बुधवार को अपना 93 वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर के योद्धाओं पर देश की नजर रहेगी। इस दौरान मुख्य आयोजन गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर होगा। यह पहला अवसर है, जब वायुसेना इस आयोजन को दो हिस्सों में कर रही है। हिंडन एयरबेस पर वायुसैनिकों की परेड और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का उद्बोधन होगा। जबकि लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के हवाई करतब का प्रदर्शन 9 नवंबर को गुवाहाटी में किया जाएगा।
हिंडन पर इस बार मिग-21 भी खड़ा नजर आएगा। छह दशक की सेवा के बाद यह विमान पिछले ही दिनों वायुसेना से रिटायर हुआ है। हालांकि, इस दौरान राफेल और सुखोई-30 जैसे मारक एयरक्राफ्ट भी लोगों के मुख्य आकर्षण का विषय होंगे, जिन्होंने पाकिस्तान को मजा चखाने में अहम भूमिका निभाई।
हर बार वायुसेना दिवस पर आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरते लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों की गर्जना सुनाई देती थी, जिसे देख दर्शकों का भी खूब मनोरंजन होता था। इस बार समारोह का मुख्य आकर्षण वायुसेना के वो योद्धा होंगे, जिन्होंने मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना के छक्के छुड़ाने में अहम भूमिका निभाई। वायुसेना के इन जांबाजों ने दुश्मन के रनवे और लड़ाकू विमान तबाह कर दिए। नतीजतन पाकिस्तान युद्ध की शुरुआत में ही रक्षात्मक हो गया। वायुसेना प्रमुख इन सभी एयर वॉरियर्स को सम्मानित करेंगे।
गुवाहाटी में फ्लाई पास्ट की ये है वजह
इस साल वायुसेना दिवस पर हिंडन में फ्लाई पास्ट न होने की वजह राजधानी क्षेत्र का बढ़ता एयर ट्रैफिक है। फ्लाई पास्ट आयोजित करने की सूरत में अभ्यास के लिए भी कुछ दिन एयर ट्रैफिक बाधित करना पड़ता। इसके अलावा सघन आबादी क्षेत्र होने के कारण यहां बर्ड हिट का अंदेशा हमेशा बना रहता है। इसीलिए फ्लाई पास्ट को गुवाहाटी शिफ्ट किया गया है। गुवाहाटी का मौसम भी इन दिनों फ्लाई पास्ट के अनुकूल नहीं है, लिहाजा इसके लिए 9 नवंबर का दिन चुना गया है।
अब अलग-अलग शहरों में होता है समारोह
साल 2021 तक वायुसेना दिवस का मुख्य समारोह हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर ही होता था, लेकिन इसके बाद यह चंडीगढ़, प्रयागराज और चैन्नई में रखा गया। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह थी कि सैन्य बलों को अपने मुख्य समारोह अलग-अलग शहरों में आयोजित करने चाहिए, ताकि देश के सभी हिस्सों से आम लोग इनसे जुड़ पाएं।
कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाकर ही दम लेंगे ट्रंप?
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर है। जहां व्हाइट हाउस में उन्होने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कुछ हल्की-फुल्की हंसी मजाक भी देखने को मिला। इस दौरान इशारों-इशारों में ट्रंप ने कनाडा को लेकर अपनी मंशा भी जाहिर कर दी। ट्रंप ने मजाक-मजाक में कार्नी से कहा कि कनाडा शायद अमेरिका का 51वां राज्य बन सकता है। इस पर कार्नी ने मुस्कराते हुए जवाब दिया।
बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और कनाडा के बीच कुछ मतभेद जरूर रहे हैं, लेकिन वे उन्हें सुलझा लेंगे। उन्होंने कार्नी की शांत और मापी-तौली बातों की शैली की भी तारीफ करते हुए कहा कि मैं काफी क्रिएटिव हूं, लेकिन वो बहुत नपा-तुला बोलते हैं।
बातचीत में व्यापार और गाजा मुद्दे पर चर्चा
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी और गाजा संकट पर भी बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम इस समय एक बहुत पुराने संघर्ष को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। गाजा से आगे बढ़कर पूरे मध्य पूर्व में शांति की संभावना बन रही है।
ट्रंप ने दावा किया कि उनके शांति प्रस्ताव को दुनियाभर के देशों का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा देश नहीं है जो इसके खिलाफ हो। इसके साथ ही उन्होंने यह भी इशारा किया कि अमेरिका और कनाडा के बीच कुछ खास समझौते हो सकते हैं।
कार्नी ने की ट्रंप की तारीफ
इसके अलावा कनाडा के राष्ट्रपति मार्क कार्नी ने राष्ट्रपति ट्रंप की खुलकर तारीफ की और ट्रंप को एक परिवर्तनकारी राष्ट्रपति बताया। उन्होंने कहा कि आपने (ट्रंप) अर्थव्यवस्था में बदलाव लाया, नाटो को मजबूत किया, भारत-पाकिस्तान और अजरबैजान-अर्मेनिया के बीच शांति की कोशिश की और ईरान को आतंकवाद फैलाने से रोका। इस दौरान ध्यान देने वाली बात ये रही कि जब कार्नी अपने भाषण में चर्चा की प्राथमिकताएं गिनवा रहे थे, तभी ट्रंप ने मजाक में टोकते हुए कनाडा और अमेरिका के विलय का जिक्र किया।
मंच पर अब भी देखने को मिला तनाव
हालांकि बैठक में हंसी-मजाक और अच्छे रिश्तों की झलक दिखी, लेकिन कुछ मुद्दों पर तनाव भी नजर आया। अमेरिका इस समय इस्राइल का समर्थन कर रहा है, जबकि कनाडा ने 21 सितंबर को आधिकारिक रूप से फलस्तीन को मान्यता दी थी। गौरतलब है कि मई में दोनों नेताओं की पिछली बैठक में ट्रंप ने फिर से कनाडा को खरीदने या उसका विलय करने की बात कही थी, जिस पर कार्नी ने साफ-साफ कह दिया था कि कनाडा कभी बिकने के लिए नहीं है।
ट्रंप के टैरिफ के बीच आज भारत आएंगे ब्रिटिश PM स्टार्मर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वार से वैश्विक अर्थव्यवस्था में शुरू हुई उथल-पुथल के बीच भारत की ब्रिटेन के साथ साझेदारी के एक नए युग की शुरुआत होने की संभावना है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने पर सर कीर स्टार्मर बुधवार को पहली बार भारत आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे मुंबई में प्रधानमंत्री स्टार्मर की मेजबानी करेंगे। इस मुलाकात में दोनों देशों के साथ समयबद्ध कार्यक्रम विजन-2035 को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की जुलाई में लंदन यात्रा के दौरान स्टार्मर ने भारत-यूके विजन 2035 का समर्थन किया था। यह दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने के संकल्प को दिखाता है। मुंबई में दोनों नेताओं की बैठक में इसको लेकर अहम चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी करीब पौने दो बजे ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ मुंबई के जिओ वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे। इसके बाद करीब 2:45 बजे दोनों प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) के छठें संस्करण में शामिल होंगे और मुख्य भाषण देंगे।
विजन-2035 के रोडमैप की करेंगे समीक्षा
पीएम मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विजन 2035 रोडमैप के तहत भारत–ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान दोनों दिग्गज भारत–ब्रिटेन कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (सीईटीए) और अन्य वैश्विक-क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विजन 2035 व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा, स्वास्थ, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों के प्रमुख स्तंभों में कार्यक्रमों और पहलों का एक केंद्रित है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में 75 से अधिक देशों के लोग होंगे शामिल…
तीन दिवसीय ग्लोबल फिनटेक फेस्ट-2025 में 75 से अधिक देशों के एक लाख से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयोजन में लगभग 7500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक और भारतीय व विश्व स्तर के 70 प्रमुख नियामक संस्थान भाग लेंगे। इसमें सिंगापुर का मौद्रिक प्राधिकरण (मोनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर), जर्मनी का ड्यूश बुंडे बैंक जैसे प्रतिष्ठित नियामक शामिल है।
पीएम मोदी आज करेंगे इंडिया मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन
भारत एक बार फिर डिजिटल दुनिया में अपनी ताकत दिखाने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (8 अक्तूबर) को दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 (IMC 2025) का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन एशिया का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी और इनोवेशन फोरम माना जाता है, जहां भारत की तकनीकी प्रगति और डिजिटल नेतृत्व दुनिया के सामने पेश होगी।
सिंधिया ने की तैयारियों की समीक्षा
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यशोभूमि में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि IMC 2025 भारत में कनेक्टिविटी का नया युग शुरू करेगा, जहां 5G, AI, मशीन लर्निंग, IoT और सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसी तकनीकें दुनिया को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ेंगी।
सिंधिया ने कहा, “अब कहना गलत नहीं होगा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि एशिया मोबाइल कांग्रेस बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।”
8.8 करोड़ के निवेश के लिए होगी मुकाबला
आईएमसी में इस बार 6 प्रमुख ग्लोबल समिट्स आयोजित की जाएंगी, जो डिजिटल इनोवेशन के अलग-अलग क्षेत्रों पर केंद्रित होंगी। इनमें भारत 6G संगोष्ठी, AI शिखर सम्मेलन, साइबर सुरक्षा सम्मेलन, सैटकॉम समिट, आईएमसी एस्पायर प्रोग्राम और ग्लोबल स्टार्टअप वर्ल्ड कप का भारतीय संस्करण शामिल हैं।
स्टार्टअप वर्ल्ड कप में 15 फाइनलिस्ट 8.8 करोड़ रुपये तक के निवेश अवसर के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस मंच पर युवा इनोवेटर्स अपने आइडिया को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का मौका पाएंगे।