एक पेट्रोल पंप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक बिना हेलमेट के दूध की टंकी का ढक्कन सिर पर रखकर पेट्रोल भरवाता दिख रहा है। प्रशासन ने संबंधित पंप को सील कर दिया गया है।

“हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान के बीच इंदौर से एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक दूध की टंकी का ढक्कन सिर पर रखकर पेट्रोल भरवाते हुए नजर आ रहा है। यह घटना नेमावर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप की है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, प्रशासन हरकत में आ गया और संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया।
23 सेकंड में जुगाड़ का करिश्मा
यह वीडियो मात्र 23 सेकंड का है, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में युवक कहता सुनाई देता है “ये बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं डाल रहे, तो लोग इधर-उधर से हेलमेट लेकर पेट्रोल डलवा रहे हैं। मैंने भी एक से हेलमेट लिया और पेट्रोल डलवा लिया।” इस दौरान युवक ने असली हेलमेट की जगह दूध की टंकी का ढक्कन सिर पर रख लिया और उसे देखकर पंपकर्मी ने पेट्रोल भी दे दिया।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, पेट्रोल पंप सील
वीडियो के वायरल होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। कलेक्टर ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर का सख्त रुख
कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा “रोड सेफ्टी हमारे लिए सर्वोपरि है। अब तक चार पेट्रोल पंप सील किए जा चुके हैं। आगे भी अगर इस तरह की स्थिति सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
1 अगस्त से इंदौर में हेलमेट अनिवार्य
प्रशासन ने 1 अगस्त से इंदौर में हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया है। “हेलमेट नहीं, पेट्रोल नहीं” नियम को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू किया गया है। इस आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति को एक साल की जेल या ₹5000 का जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। पेट्रोल पंप संचालकों के लिए भी आदेश के पालन की बाध्यता है और उल्लंघन की स्थिति में उनके विरुद्ध कार्रवाई तय है।