देश में बुधवार को नौवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। सूरत में सवा लाख लोगों ने एक साथ योग करके रिकॉर्ड बनाया। उधर, भारतीय सेना के अफसरों और जवानों ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक योग किया। राजस्थान के रेगिस्तान में भी जवानों ने आसन लगाए। इस साल इसकी थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ रखी गई है।
PM मोदी ने अमेरिका से वीडियो संदेश में कहा, ‘योग ग्लोबल स्पिरिट बन गया।’ उधर, नेवी ने इस मौके पर ‘ओशन रिंग ऑफ योगा’ का फॉर्मेशन किया। भारतीय नौसेना के 19 जहाजों पर सवार लगभग 3,500 नौसैनिकों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्रों में योग के राजदूत के रूप में 35000 किमी का सफर तय किया।
बांग्लादेश में चटगांव, मिस्र में सफागा, इंडोनेशिया में जकार्ता, केन्या में मोम्बासा, मेडागास्कर में टोमासीना, ओमान में मस्कट, श्रीलंका में कोलंबो, थाईलैंड में फुकेत, मलेशिया में मलक्का और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुबई में पोर्ट कॉल में ये शिप्स मौजूद थे। यहीं से इन्होंने ‘ओशन रिंग ऑफ योगा’ बनाई। इनमें किल्टन, चेन्नई, शिवालिक, सुनयना, त्रिशूल, तरकश, वागीर, सुमित्रा और ब्रह्मपुत्र शिप्स शामिल हैं।
योग दिवस की PHOTOS…
भारतीय सेना के जवानों ने लद्दाख की पैंगोंग त्सो झील के किनारे योग किया।
INS विक्रांत पर जवानों ने योग दिवस पर योग किया।
यह फोटो अरुणाचल प्रदेश की है। यहां भी सेना के जवानों ने योग किया।
राजस्थान में तैनात सेना के जवानों ने भी योग दिवस पर योग किया।
सिक्किम में बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच सैनिकों ने योग किया।
पुलिस, SDRF, NDRF, DDRF और ITBP की टीम ने तीर्थयात्रियों के साथ केदारनाथ धाम में योग किया।
भारतीय कोस्ट गार्ड के सैनिकों ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में शैतान सिंह द्वीप पर योग किया।
मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर लोगों और रेलवे के स्टाफ ने ने बुधवार सुबह योग किया।
मुंबई की एक लोकल ट्रेन में कुछ लोगों ने योग किया।
तमिलनाडु के रामेश्वरम में लोगों ने वॉटर योग करके योग दिवस मनाया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली में योग किया।
CJI जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और सुप्रीम कोर्ट के जजों ने भी योग किया।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में योग किया।
PM मोदी ने न्यूयॉर्क स्थित UN हेडक्वाटर पर योग किया
PM मोदी ने कहा- आप योग को कहीं भी कर सकते हैं। ये फ्लेक्सिबल है। ये सभी संस्कृतियों के लिए है। योग जिंदगी जीने का तरीका है।
इंटरनेशनल योग दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क स्थित UN हेडक्वाटर पर योग किया। पिछले आठ साल से PM मोदी देश में लोगों के बीच योग करके योग दिवस मनाते आए हैं। इस बार वे अमेरिका में स्टेट विजिट पर हैं। उन्होंने सुबह ही वीडियो संदेश जारी करके लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं थी। PM ने बताया कि जिम्मेदारियों के चलते वे अमेरिका में हैं।
UN हेडक्वाटर में योग के दौरान पीएम ने कहा, योग भारत से आता है। सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह यह भी जीवंत और गतिशील है। योग जीवन का एक तरीका है। ये विचारों और कार्यों में सावधानी बरतने का एक तरीका है।
पीएम मोदी ने योग दिवस पर आज सुबह अमेरिका से एक वीडियो संदेश जारी किया था
PM मोदी के वीडियो संदेश की प्रमुख बातें…
- PM ने कहा, ‘हर साल योग दिवस के अवसर पर मैं किसी ना किसी आयोजन में आप सभी के बीच मौजूद रहता हूं। आपके साथ योग करने का आनंद यादगार रहता है। लेकिन विभिन्न जिम्मेदारियों की वजह से मैं अभी अमेरिका में हूं। इसलिए आप सभी से वीडियो संदेश के जरिए जुड़ रहा हूं।
- भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। याद होगा 2014 में UN जनरल असैंबली में योग का प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड देशों ने इसका समर्थन किया। तब से योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है। एक ग्लोबल स्पिरट बन गया है।’
UN महासचिव बोले- योग लोगों को जोड़ता है
योग दिवस से एक दिन पहले UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि योग न केवल शरीर और मन को जोड़ता है, बल्कि दुनियाभर के लाखों लोगों को भी जोड़ता है। यह चिंता को कम करता है और मेंटल हेल्थ को बेहतर करने में मदद करता है।
योग गुरु स्वामी रामदेव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हरिद्वार में योग किया।

