Site icon अग्नि आलोक

*गिफ्ट सिटी में 100 अरब डॉलर+ बैंकिंग संपत्ति; पुतिन के करीबी से जुड़ी कंपनी पर 71 लाख USD अर्थदंड*

Share

व्यापार वित्त, ट्रेजरी और संरचित उत्पादों की बढ़ती मांग के साथ गुजरात के गिफ्ट सिटी में बैंकिंग परिसंपत्तियां 100 अरब डॉलर से अधिक हो गई हैं। एचएसबीसी और ईवाई इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि एचएसबीसी और ईवाई इंडिया के एक संकलन में कहा गया है कि बैंकिंग गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी के विकास का आधार बनी हुई है। वैश्विक और भारतीय बैंकों की ओर से विदेशी परिचालनों को केंद्रीकृत करने के लिए आईएफएससी का तेजी से उपयोग किए जाने के कारण व्यापार वित्त, ट्रेजरी संचालन और सीमा-पार ऋण में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। क ट्रेजरी केंद्रों और जोखिम प्रबंधन कार्यों जैसी अधिक परिष्कृत व्यावसायिक लाइनों की ओर स्पष्ट बदलाव को दर्शाता है। आईएफएससी एक्सचेंजों में पूंजी बाजार गतिविधि में लगातार वृद्धि हुई है। इसका औसत मासिक कारोबार लगभग 90 अरब डॉलर है।

पुतिन के करीबी की संपत्तियों का प्रबंधन करने पर अमेरिका ने कंपनी पर 71 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया
अमेरिकी वित्त विभाग ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी उद्योगपति ओलेग देरिपस्का की आलीशान रियल एस्टेट संपत्तियों का प्रबंधन करने वाली एक कंपनी पर 71 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है। न्यूयॉर्क स्थित कंपनी पर पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप है। राष्ट्रपति पुतिन इस समय भारत दौरे पर हैं। वित्त विभाग के विदेशी संपत्तियां नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने कहा कि ग्रेसटाउन इंक नामक संपत्ति प्रबंधन कंपनी को देरिपस्का के स्वामित्व वाली एक कंपनी की ओर से अप्रैल 2018 से मई 2024 के बीच 24 बार भुगतान के जरिये कुल 31,250 डॉलर की राशि हासिल हुई। ओएफएसी ने ग्रेसटाउन को नोटिस जारी कर कहा था कि देरिपस्का के साथ लेनदेन पर प्रतिबंध है लेकिन कंपनी लेनदेन करती रही। देरिपस्का 2018 से आर्थिक पाबंदियों का सामना कर रहे हैं जब वित्त मंत्रालय ने उन पर वरिष्ठ रूसी अधिकारियों के इशारे पर काम करने और रूस के ऊर्जा क्षेत्र में कारोबार करने का आरोप लगाया था। इसके बाद अमेरिका में उनकी संपत्तियों पर रोक लगा दी गई थी। पाबंदियों के तहत अमेरिकी नागरिक व कंपनियां भी देरिपस्का के साथ कामकाज नहीं कर सकतीं।

नीरव मोदी की जेल बदलने से ब्रिटेन में मुकदमे की सुनवाई पर असर; पुतिन के खिलाफ ICC वारंट नहीं हटेगा

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी और भारत में वांछित फरार व्यापारी नीरव मोदी की जेल बदले जाने से ब्रिटेन में बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 80 लाख डॉलर के बकाया ऋण मामले की सुनवाई में नई जटिलताएं पैदा हो गई हैं। वकील ने लंदन हाईकोर्ट को बताया कि नीरव मोदी को अब एक छोटे सेल में दूसरे कैदियों के साथ रहना पड़ रहा है और उनके पास अपने कानूनी दस्तावेजों तक पर्याप्त पहुंच नहीं है, जिससे उनकी केस तैयारी प्रभावित हो रही है। 54 वर्षीय मोदी को हाल ही में एचएमपी थेम्साइड से एचएमपी पेंटनविले स्थानांतरित किया गया था, ताकि वह एक अलग ऋण मामले में अदालत में उपस्थिति दर्ज करा सकें। जज साइमन टिंकलर को बताया गया कि जनवरी 2026 में निर्धारित मुकदमे से पहले मोदी को अपनी गवाही और बचाव तैयार करने के लिए अधिक समय चाहिए। जज टिंकलर ने टिप्पणी की कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने से मोदी निष्पक्ष तरीके से अपनी बात पेश नहीं कर पाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि थेम्साइड जेल में मौजूद उनके सभी दस्तावेज तुरंत पेंटनविले जेल भेजे जाएं। अदालत ने मामले की अगली समीक्षा सुनवाई 19 दिसंबर को तय की है। ऑनलाइन सुनवाई में मोदी के वकील ने कहा कि बिना आईटी सुविधा, छोटे सेल और साझा डेस्क की वजह से उनके मुवक्किल को गंभीर असुविधा हो रही है। वहीं बैंक ऑफ इंडिया के वकील ने इस दलील का विरोध करते हुए कहा कि मोदी लगातार देरी की रणनीति अपना रहे हैं और भारत प्रत्यर्पण से पहले ही सुनवाई पूरी हो जानी चाहिए।\

 2019 से ब्रिटेन में हिरासत में है मोदी:

 नीरव मोदी 2019 से ब्रिटेन में हिरासत में हैं और अब तक की सभी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं। भारत में उनके खिलाफ सबीआई, ईडी और गवाहों के साथ छेड़छाड़ से जुड़े तीन प्रमुख आपराधिक मामले लंबित हैं। 2021 में ब्रिटेन ने उनके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी, लेकिन हाल ही में उनकी अपील दोबारा खोलने की अनुमति मिलने से प्रक्रिया एक बार फिर लंबी हो सकती है।

यूक्रेन युद्ध पर शांति वार्ता सफल हुई तो भी पुतिन के खिलाफ वारंट नहीं हटेगा : आईसीसी
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की उप अभियोजक नजहत शमीम खान ने कहा कि यूक्रेन युद्ध को लेकर शुरू हुई शांति वार्ताओं के सफल होने पर भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट खत्म नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत की जांच तभी रोकी जा सकती है जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद इसे अस्थायी तौर पर स्थगित करने का अनुरोध करे। खान ने कहा, जब एक बार जांच शुरू हो जाती है, तो हम अपने नियामक ढांचे के तहत ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय और शांति एक-दूसरे के पूरक हैं। स्थायी शांति के लिए जवाबदेही जरूरी है। बता दें कि बीते कुछ हफ्तों में अमेरिका, यूक्रेन और रूस के अधिकारी संभावित समझौते पर बातचीत के लिए कई दौर की बैठकों में शामिल हुए हैं। लेकिन खान ने कहा कि आईसीसी की प्रक्रिया इन वार्ताओं से प्रभावित नहीं होगी।

बाब-अल-मंदेब में मालवाहक जहाज पर समुद्री लुटेरों का हमला
दुबई के पास बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में शुक्रवार को एक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध समुद्री लुटेरों ने हमला किया। ब्रिटिश सैन्य के यूके मेरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर के अनुसार, छोटे जहाजों ने बड़े पोत का दूर तक पीछा करने के बाद उस पर गोलीबारी की। निजी सुरक्षा कंपनी डायप्लस ग्रुप ने बताया कि जहाज पर दो बार हमला होने के बाद ही सवार सशस्त्र गार्डों ने जवाबी फायरिंग की। हालांकि, इस हमले में किसी भी क्रू को नुकसान नहीं पहुंचा है। बता दें कि यह मार्ग लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ता है। यहां पहले यमन के हूती विद्रोहियों और सोमालियाई समुद्री लुटेरों की गतिविधियां देखी गई थीं। फिलहाल गाजा संघर्ष में अस्थायी युद्धविराम के कारण हूती हमले रुके हुए हैं।

पूर्वी एशिया में चीन की बढ़ती नौसैनिक तैनाती पर ताइवान और जापान ने जताई चिंता
ताइवान और जापान ने पूर्वी एशिया में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों पर चिंता जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह चीन ने 100 से अधिक नौसैनिक और कोस्ट गार्ड जहाज तैनात किए, जो अब तक का सबसे बड़ा समुद्री शक्ति प्रदर्शन है। ताइपे में राष्ट्रपति प्रवक्ता करेन कुओ ने कहा कि यह गतिविधि ताइवान स्ट्रेट से लेकर साउथ चाइना सी और पश्चिमी प्रशांत तक फैल रही है, जो इंडो-पैसिफिक की स्थिरता के लिए खतरा है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने भी स्थिति पर कड़ी नजर रखने की बात कही है। इसके साथ ही सुरक्षा निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

सीरिया में अमेरिकी छापे में चूक के चलते आईएस अधिकारी की जगह मारा गया खुफिया एजेंट
पश्चिम एशियाई देश- सीरिया के डुमेयर में अमेरिकी छापे में चूक के चलते आईएस अधिकारी की बजाय एक खुफिया एजेंट मारा गया। अक्तूबर में एक अमेरिकी छापे में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के अधिकारी को निशाना बनाया गया था, लेकिन इसके बजाय वर्षों से आईएस में घुसपैठ कर खुफिया जानकारी जुटा रहे खुफिया एजेंट खालिद अल-मसूद की जान चली गई। परिवार और सीरियाई अधिकारियों ने बताया कि अल-मसूद अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की सरकार के लिए काम कर रहे थे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गलती आईएस-विरोधी अभियानों के लिए बड़ा झटका हो सकती है। इस बीच अमेरिकी सेनाओं ने दक्षिण सीरिया में आईएस के 15 हथियार भंडार को एक अभियान के तहत खत्म किया है।

स्पेन में स्वाइन फ्लू का प्रकोप, मलयेशिया में सूअर के मांस के आयात पर प्रतिबंध
मलयेशिया ने स्पेन में अफ्रीकन स्वाइन फ्लू (एएसएफ) के प्रकोप के बाद स्पेन से सूअर के मांस और उससे बने अधिकांश उत्पादों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। केवल रिपोर्ट उत्पादों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। वायरस पिछले महीने बार्सिलोना के पास जंगली सूअरों में पाया गया था और इसके बाद कई और मामले सामने आए। मलेशियाई वेटरनरी सर्विसेज विभाग ने कहा कि स्पेनिश सुअर तभी स्वीकार किया जाएगा जब उसके साथ 28 नवंबर या उससे पहले जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र हो।

Exit mobile version