Site icon अग्नि आलोक

*सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 20 लाख की एक्सपायर्ड दवाएं और वैक्सीन मिलीं*

Share

डीन ने ड्रग स्टोर का किया औचक निरीक्षण, कैंसर की महंगी दवाएं भी कमरे में रखी मिलीं

इंदौर। शहर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने अपनी टीम के साथ मिलकर ड्रग स्टोर का औचक निरीक्षण किया, जिसमें ₹20 लाख की एक्सपायर्ड दवाएं, वैक्सीन और सर्जिकल सामग्री मिली। इस मामले में डीन ने अस्पताल के सुपरींटेंडेंट डॉ. सुमित शुक्ल और उनकी टीम पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
निरीक्षण के दौरान, स्टोर में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाइयां, इंजेक्शन, टांके (suture) और सर्जिकल डिस्पोजेबल पाए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि कैंसर की महंगी बायोलॉजिकल दवाएं और वैक्सीन, जिन्हें कोल्ड चेन में रखा जाना चाहिए था, उन्हें सामान्य कमरे में रखा गया था।
डीन और उनकी टीम को कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाले ₹500 से अधिक rituximab इंजेक्शन भी खराब फ्रीजर में मिले। इसके अलावा, IV फ्लूइड्स जमीन पर पड़े हुए थे और स्टॉक रजिस्टर में भी स्टोर में मौजूद सामान से अलग मात्रा दर्ज थी।
लगभग 1 घंटे तक चली इस जांच के बाद, डीन और उनकी टीम ने पंचनामा बनाकर सभी एक्सपायर्ड और खराब सामग्री को जब्त कर लिया और उन्हें डीन कार्यालय में रखवा दिया। टीम में डॉ. डीके शर्मा, डॉ. सुनील आर्य, डॉ. पंकज पराशर, और फार्मासिस्ट राकेश गोरखे, रजनीत सिलावट शामिल थे। अस्पताल के डीन ने इस गंभीर लापरवाही पर जांच के आदेश दिए हैं।

Exit mobile version