Site icon अग्नि आलोक

 2026 की शुरूआत में ‘टाइगर स्टेट’ में 11बाघों की मौत

Share

785 बाघों की संख्या वाले एमपी को टाइगर स्टेट का दर्जा भी मिला हुआ है. लेकिन पिछले 5 साल में 225 की मौत भी हुई है. इस तरह से हर साल बढ़ रही टाइगरों की मौत सवाल खड़े कर रही है कि क्या अब मध्य प्रदेश ही टाइगरों के लिए असुरक्षित हो गया है. क्या बाघों के लिए एमपी कब्रगाह बन रहा है?

मध्यप्रदेश को देश में ‘टाइगर स्टेट’ कहा जाता है. यहां 785 बाघ हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं. लेकिन जिस रफ्तार से बाघों की मौत हो रही है, उसने चिंता बढ़ा दी है. सवाल उठने लगे हैं क्या अब यही प्रदेश बाघों के लिए असुरक्षित होता जा रहा है?NTCA की गाइडलाइन, करोड़ों का बजट, सख्त सुरक्षा के दावे… फिर भी हर साल मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है.

45 दिन में 11 बाघों की मौत
ताजा मामला वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सामने आया है, जो सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों में फैला है. यहां 3 साल के एक युवा नर बाघ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. चौंकाने वाली बात ये है कि पिछले 45 दिनों में प्रदेश में 11 बाघों की जान जा चुकी है. और अगर पिछले 5 साल का आंकड़ा देखें तो यह संख्या 225 तक पहुंच चुकी है.

हर साल बढ़ रहा मौत का ग्राफ
वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट अजय दुबे के मुताबिक 2021 में 34, 2022 में 43, 2023 में 45, 2024 में 46 और 2025 में 54 बाघों की मौत हुई. 2026 की शुरुआत के डेढ़ महीने में ही 11 बाघ मर चुके हैं. ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि सिस्टम पर सवाल हैं.

सागर में 48 दिन में दूसरी मौत
इस बाघ को 26 दिन पहले कान्हा टाइगर रिजर्व से शिफ्ट किया गया था. रेडियो कॉलर से मॉनिटरिंग हो रही थी. दो दिन तक मूवमेंट नहीं दिखा तो टीम मौके पर पहुंची. बाघ मृत मिला. पास में दूसरे बाघ के पंजों के निशान मिले हैं, जिससे टेरिटोरियल फाइट की आशंका जताई जा रही है. पोस्टमार्टम पैनल ने किया है और रिपोर्ट का इंतजार है.

आखिर क्यों नहीं रुक रहीं मौतें?
सड़क हादसे, जहर, करंट और टेरिटोरियल फाइट बड़ी वजहें बताई जा रही हैं. लेकिन सवाल ये है कि जब हर टाइगर रिजर्व को करोड़ों का बजट मिल रहा है, तो निगरानी में कमी कहां है? विशेषज्ञों का मानना है कि फील्ड मॉनिटरिंग मजबूत हो, आकस्मिक निरीक्षण बढ़ें, मुखबिर तंत्र मजबूत किया जाए और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई हो तभी हालात सुधर सकते हैं. फिलहाल हर नई मौत के साथ एक सवाल जरूर खड़ा हो रहा है क्या टाइगर स्टेट में बाघ सुरक्षित हैं?

Exit mobile version