Site icon अग्नि आलोक

अमेरिका में 2026 के मध्याविधि चुनाव की शुरुआत; खाड़ी देशों में तनाव- CBSE ने रद्द की बोर्ड परीक्षाएं,सीमा चौकियां बंद होने के कारण गाजा में गहराया ईंधन संकट; टेक्सास बार पर फायरिंग, दो की मौत

Share

अमेरिका में 2026 के मध्याविधि चुनाव की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। मंगलवार को टेक्सास, नॉर्थ कैरोलिना और अर्कांसस में प्राइमरी चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इन चुनावों के जरिए डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार तय कर रही हैं, जो नवंबर में होने वाले आम चुनाव में उतरेंगे।

आज: भारत दौरे पर फिनलैंड के राष्ट्रपति, टी20 विश्वकप सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड का मैच

आज 4 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा है। बुधवार को देश के कई हिस्सों में होली मनाई जा रही है। वहीं, टी20 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल है।

आज है होली 
देश के कई हिस्सों में बुधवार को होली मनाई जा रही है। धार्मिक दृष्टि से होली बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। होलिका दहन की कथा हमें संदेश देती है कि सत्य और भक्ति की शक्ति अंत में विजयी होती है।

फिनलैंड के राष्ट्रपति का भारत दौरा
फिनलैंड के राष्ट्रपति डॉ. अलेक्जेंडर स्टब बुधवार से 7 मार्च तक भारत के दौरे पर रहेंगे। वे नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 11वें रायसीना संवाद 2026 में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता होंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि  राष्ट्रपति स्टब की वर्तमान पदभार संभालने के बाद भारत की पहली यात्रा है। इस दौरान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। 

दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल 
टी20 विश्व कप में बुधवार को पहला सेमीफाइनल दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से कोलकाता में शुरू होगा।

नमो भारत और मेरठ मेट्रो दिन में बंद 
बुधवार को होली के कारण नमो भारत और मेरठ मेट्रो का दिन में संचालन नहीं होगा।  सेवाएं शाम 5 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक संचालित होंगी। सामान्य दिनों में नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहती हैं। एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वह यात्रा से पहले समय-सारिणी की जानकारी अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। 

दिल्ली मेट्रो का भी बदला समय
बुधवार को दिल्ली मेट्रो के टाइम टेबल में भी बदलाव किया गया है। इस दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर 02.30 बजे शुरू होंगी।

 ‘शोमैन’ राज कपूर की होली पार्टियां आज भी हैं मिसाल, अमिताभ के यहां होता था टब; डुबोकर होता था स्वागत

 होली का त्योहार रंगों, मस्ती और खुशी से भरा होता है। बॉलीवुड में भी होली बहुत धूमधाम से मनाई जाती रही है। फिल्मों में होली के कई मजेदार सीन हमने देखे हैं, लेकिन असल जिंदगी में बॉलीवुड सितारों की होली पार्टियां भी कम यादगार नहीं हैं। चलिए, कुछ दिलचस्प कहानियां जानते हैं।

अजमेर शरीफ से शांति की पुकार, सैयद सलमान चिश्ती ने की मध्य पूर्व में युद्ध टालने की अपील

 अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन सैयद सलमान चिश्ती ने अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या को लेकर अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवतावादी विचारधारा के विरोध में वैश्विक समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से मध्य पूर्व में बड़े युद्ध का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही भारत सरकार से शांति की पहल करने और क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

आज से निजामुद्दीन के लिए होगी संचालित, झांसी से दोपहर पौने चार बजे होगी रवाना

गाड़ी संख्या (01823) वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से चार से आठ मार्च तक प्रतिदिन संचालित होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या (01824) पांच से नौ मार्च तक प्रतिदिन निजामुद्दीन स्टेशन से संचालित होगी। दोनों ट्रेनें कुल पांच फेरे लेंगी।

ईरान के सर्वोच्च नेता, अरबों के मालिक; दुनियाभर में संपत्तियां

मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता चुना गया है। मोजतबा पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं। अली खामेनेई की इस्राइल-अमेरिका के संयुक्त हमले में मौत हो गई थी। जिसके बाद ईरान ने मोजतबा को नया सर्वोच्च नेता चुना है। पश्चिम एशिया में संकट के बीत मोजतबा खामेनेई के सामने देश के नेतृत्व का संकट है।

अमेरिका में 2026 के मध्याविधि चुनाव की शुरुआत; खाड़ी देशों में तनाव- CBSE ने रद्द की बोर्ड परीक्षाएं

अमेरिका में 2026 के मध्याविधि चुनाव की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। मंगलवार को टेक्सास, नॉर्थ कैरोलिना और अर्कांसस में प्राइमरी चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इन चुनावों के जरिए डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार तय कर रही हैं, जो नवंबर में होने वाले आम चुनाव में उतरेंगे।

सबसे ज्यादा नजरें टेक्सास पर टिकी हैं। यहां रिपब्लिकन पार्टी के अंदर ही कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। सीनेट सीट के लिए मौजूदा सीनेटर जॉन कॉर्निन को राज्य के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन चुनौती दे रहे हैं। अगर किसी को 50% वोट नहीं मिलते, तो मामला रनऑफ तक जा सकता है। केन पैक्सटन का राजनीतिक करियर विवादों से भरा रहा है। उन पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगे, महाभियोग चला, लेकिन वे बच निकले। इसके बावजूद वे कंजरवेटिव वोटरों में काफी लोकप्रिय हैं।

नॉर्थ कैरोलिना में भी सीनेट की सीट खाली है क्योंकि रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस ने दोबारा चुनाव न लड़ने का फैसला किया। यहां डेमोक्रेटिक नेता और पूर्व गवर्नर रॉय कूपर, रिपब्लिकन नेता माइकल व्हाटली के बीच मुकाबला है।

अर्कांसस में ज्यादातर रिपब्लिकन नेता मजबूत स्थिति में हैं। सीनेटर टॉम कॉटन फिर से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें अपनी पार्टी में ज्यादा चुनौती नहीं है। गवर्नर सारा हकाबी सैंडर्स भी दोबारा चुनाव मैदान में हैं और उनका भी पलड़ा भारी माना जा रहा है।

खाड़ी देशों में तनाव के चलते सीबीएसई ने रद्द की बोर्ड परीक्षाएं
पश्चिम एशिया में जारी तनाव को देखते हुए सीबीएसई ने खाड़ी देशों में 5 और 6 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। मंगलवार को सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूदा स्थिति के कारण परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।   

फ्लोरिडा में हत्या के दोषी को जहर की सुई लगा दिया जाएगा मृत्युदंड
अमेरिका के फ्लोरिडा में ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के हत्यारे को मृत्युदंड देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 53 वर्षीय बिली लियोन कीर्स को मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार छह बजे से फ्लोरिडा स्टेट जेल में जहर का इंजेक्शन दिया जाएगा। यह मामला 1991 का है। कीर्स ने जांच के दौरान एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की उसी की बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

ग्रीस में अमेरिकी नौसेना अड्डे की जासूसी करने वाला गिरफ्तार
ग्रीस में क्रेते स्थित अमेरिकी नौसेना अड्डे की जासूसी के आरोप में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया संदिग्ध जॉर्जिया का निवासी है। वह तीन फरवरी को जर्मनी से यहां पहुंचा था और सूदा स्थित एक होटल में रह रहा था। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध को खुफिया सूचना के आधार पर एथेंस हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है, जब अमेरिका और इस्राइल का ईरान के साथ युद्ध चल रहा है। 

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने रद्द किए वीजा अप्वाइंटमेंट
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान में जारी हिंसक प्रदर्शनों के कारण अमेरिकी दूतावास ने 6 मार्च तक सभी वीजा अप्वाइंटमेंट रद्द कर दिए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण इस्लामाबाद दूतावास और लाहौर-कराची के वाणिज्य दूतावासों में सभी नियुक्तियां निरस्त की जाती हैं। देशव्यापी प्रदर्शनों में 19 लोगों की जान जा चुकी है। 

भारत ने ज्यादा मात्रा में रूसी कच्चा तेल खरीदने में दिलचस्पी दिखाई- नोवाक
रूस ने कहा है कि भारत ने फिर से ज्यादा मात्रा में रूसी कच्चा तेल खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। यह बात रूस के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने मॉस्को में कही। उन्होंने बताया कि अमेरिका और इस्राइल के ईरान पर हमलों के बाद हालात बदल गए हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। यह समुद्री रास्ता दुनिया में तेल की सप्लाई का सबसे अहम मार्ग माना जाता है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की ढुलाई इसी रास्ते से होती है। अगर यहां लंबे समय तक रुकावट रहती है तो भारत, चीन और जापान जैसे देशों पर असर पड़ सकता है और तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। रूसी मीडिया ने यह भी कहा कि मौजूदा तनाव के कारण रूस को एशियाई देशों, खासकर भारत को दिए जा रहे भारी छूट को कम करने का मौका मिल सकता है। वहीं नोवाक ने संकेत दिया कि ऊर्जा संकट बढ़ने पर यूरोपीय संघ भी रूसी तेल और गैस पर अपनी पाबंदियां नरम कर सकता है।

मिनियापोलिस में हिंसा के लिए प्रदर्शनकारी- नोएम
अमेरिका में होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने सीनेट की सुनवाई में मिनियापोलिस में हुई हिंसा के लिए “हिंसक प्रदर्शनकारियों” को जिम्मेदार ठहराया। यह सुनवाई उस घटना के बाद हुई, जिसमें दो प्रदर्शनकारियों की संघीय अधिकारियों की गोली से मौत हो गई थी। ये दोनों अमेरिकी नागरिक थे। डेमोक्रेट नेताओं ने नोएम पर आरोप लगाया कि उन्होंने शुरुआत में मृतकों को हथियारबंद उपद्रवी बताया, जबकि स्थानीय अधिकारियों और वीडियो में अलग तस्वीर सामने आई। सुनवाई के दौरान नोएम ने कहा कि उनके अधिकारी कठिन हालात में काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईसीई अधिकारियों को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने उनसे माफी मांगने को कहा। वहीं ट्रंप प्रशासन ने मिनियापोलिस में चल रहे अभियान को कुछ हद तक कम किया है, लेकिन अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई है।

सीमा चौकियां बंद होने के कारण गाजा में गहराया ईंधन संकट; टेक्सास बार पर फायरिंग, दो की मौत

नेपाल में 5 मार्च के चुनाव के लिए चुनाव सामग्री और कर्मचारियों को ले जा रही एक गाड़ी सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना रामेचाप जिले के देउराली में हुई, जब मिनी ट्रक सड़क से उतरकर 150 मीटर गहरी ढलान पर गिर गया। इसमें एक पुलिसकर्मी और एक शिक्षक की मौत हुई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। घायलों को बाद में हवाई मार्ग से काठमांडू ले जाया गया।

अमेरिका के टेक्सास में एक बार के बाहर गोलीबारी, दो की मौत

अमेरिका में टेक्सास के एक बार के बाहर अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी कर दो लोगों की हत्या और 14 को घायल कर दिया। पुलिस और एफबीआई के अनुसार, 53 वर्षीय संदिग्ध नडियागा डायग्ने पहले किसी जांच या रडार पर नहीं था। हमलावर ने ईरानी झंडे वाले कपड़े पहने थे और हमला उस समय हुआ जब बार और आसपास के इलाके में लोग मौजूद थे। मामले की जांच संभावित आतंकवादी कार्रवाई के तौर पर की जा रही है।

साहित्य के जरिये भारतीय छात्र जानेंगे रूसी सर्दी का मिजाज
रूस के एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया नेटवर्क ने भारतीय छात्रों के लिए साहित्यिक ग्रंथों में रूसी सर्दी विषय पर एक विशेष टेलीब्रिज आयोजित किया। मॉस्को स्थित विदेशी साहित्य पुस्तकालय से संचालित होने वाले इस कार्यक्रम में भारत के 9 राज्यों के 13 शहरों की 14 यूनिवर्सिटीज के छात्र हिस्सा ले रहे हैं। इनमें दिल्ली, पुणे, हैदराबाद और कोल्हापुर जैसे शहरों के संस्थान शामिल हैं। यह आयोजन मॉडर्न रशियन प्रोजेक्ट के तहत रशियन हाउस (नई दिल्ली) के सहयोग से किया जा रहा है।

पाकिस्तान में भारी हिंसा के बाद सेना तैनात, अब तक 26 की मौत
ईरान पर अमेरिकी और इस्राइली हमलों के विरोध में पाकिस्तान में भड़की हिंसा ने उग्र रूप ले लिया है। देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने सोमवार को उत्तरी क्षेत्र गिलगित-बाल्टिस्तान में सेना तैनात कर दी और देशभर में सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है।

शिया बहुल स्कार्दू में रविवार को प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के कार्यालय में आग लगा दी थी, जिसके बाद हुई झड़पों में एक सैनिक समेत 14 लोग मारे गए। कराची में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की बाहरी दीवार तोड़ दी, जहां 10 लोगों की मौत हुई। वहीं, राजधानी इस्लामाबाद में भी दो लोगों की जान गई है। गिलगित-बाल्टिस्तान के सूचना मंत्री गुलाम अब्बास ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना को बुलाया गया है और गिलगित एवं स्कार्दू में तीन दिनों का कर्फ्यू लगाया गया है। प्रदर्शनकारी हवाई हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को अपना आध्यात्मिक गुरु मानते हैं। प्रशासन ने अमेरिकी मिशनों की सुरक्षा बढ़ा दी है, फिर भी कई शहरों में तनाव बरकरार है।

क्यूबा में 10 पनामा के नागरिक गिरफ्तार
राजधानी हवाना में क्यूबा सरकार ने 10 पनामा के नागरिकों को गिरफ्तार किया है। सरकार का कहना है कि ये लोग देश के खिलाफ “उकसाने वाला प्रचार” फैलाने आए थे। क्यूबा के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, इन लोगों को पैसे देकर द्वीप में भेजा गया था ताकि वे सरकार विरोधी संदेश वाले पोस्टर और साइन बोर्ड बनाएं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर माना कि काम पूरा होने के बाद उन्हें वापस लौट जाना था और हर व्यक्ति को 1,000 से 1,500 डॉलर तक मिलने थे। इससे कुछ दिन पहले क्यूबा के समुद्री क्षेत्र में अमेरिका से आए हथियारबंद लोगों की नाव पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। क्यूबा ने इसे आतंक फैलाने की साजिश बताया है और मामले की जांच जारी है।

रवांडा की सेना और चार बड़े अधिकारियों पर अमेरिका ने लगाए प्रतिबंध
अमेरिका ने रवांडा की सेना और उसके चार बड़े अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। आरोप है कि रवांडा, कांगो में सक्रिय एम23 विद्रोही समूह की मदद कर रहा है। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस संघर्ष से लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। हालांकि रवांडा ने इन आरोपों को गलत बताया है। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि शांति समझौते का पालन नहीं हुआ तो और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

‘एल मेंचो’ का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
मेक्सिको के सबसे खतरनाक माने जाने वाले ड्रग माफिया सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस उर्फ ‘एल मेंचो’ को सोमवार को ग्वाडलहारा के पास जापोपान शहर के एक कब्रिस्तान में दफना दिया गया। उसे सुनहरे रंग के ताबूत में पूरे सम्मान के साथ दफनाया गया। अंतिम यात्रा में दर्जनों लोग शामिल हुए। धूप वाले दिन भी कई लोग काले छाते लेकर पहुंचे और ‘बांदा’ नाम का पारंपरिक मैक्सिकन संगीत बजाया गया सरकारी अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से दफन की जगह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की। पिछले एक हफ्ते से इलाके में भारी सुरक्षा तैनात थी। बताया गया कि एल मेन्चो को मैक्सिकन सेना ने पकड़ने की कोशिश के दौरान मार गिराया था। गोलीबारी में उसे सीने, पेट और पैरों में कई गोलियां लगी थीं। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद करीब 20 राज्यों में हिंसा भड़क उठी और 70 से ज्यादा लोगों की जान गई। सरकार का कहना है कि कार्टेल के बाकी बड़े सदस्यों के खिलाफ अभियान जारी है। मेक्सिको में बड़े ड्रग माफियाओं के अंतिम संस्कार अक्सर गुप्त रखे जाते हैं, ताकि उनके समर्थक उन्हें ‘किंवदंती’ न बना सकें।

डोमिनिकन रिपब्लिक में बस हादसा, दो कनाडाई पर्यटकों की मौत
डोमिनिकन रिपब्लिक में एक बस हादसे में दो कनाडाई पर्यटकों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। नेशनल हेल्थ सर्विस ने बताया कि घायलों में आठ पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। इन सभी की उम्र 37 से 72 साल के बीच है। दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एक खास ट्रॉमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा रविवार रात को हुआ। बस राजधानी सैंटो डोमिंगो के पूर्व में स्थित ला रोमाना के मशहूर पर्यटन इलाके में सड़क पर फिसल गई थी। ये सभी पर्यटक पुंटा काना एयरपोर्ट से जुआन डोलियो शहर के एक होटल जा रहे थे। डोमिनिकन रिपब्लिक में मौजूद कनाडाई दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनका स्टाफ प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, डोमिनिकन रिपब्लिक में सड़क हादसों में होने वाली मौतों की दर दुनिया में सबसे ज्यादा है।

सीमा चौकियां बंद होने के कारण गाजा में गहराया ईंधन संकट
इस्राइल की तरफ से गाजा की सभी सीमा चौकियां बंद किए जाने के कारण गाजा में ईंधन संकट गहरा गया है। अधिकारियों का कहना है कि गाजा में सीमित ईंधन की आपूर्ति तेजी से खत्म हो रही है और खाद्य पदार्थों का भंडार भी कम हो सकता है। यह स्थिति तब पैदा हुई जब इस्राइल ने ईरान के साथ चल रही लड़ाई का हवाला देते हुए युद्धग्रस्त क्षेत्र में ईंधन और सामान के प्रवेश पर रोक लगा दी।

इस्राइल की सेना ने शनिवार को अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हवाई हमले करने की घोषणा के बाद गाजा की सभी सीमा चौकियों को बंद कर दिया।इस्राइली अधिकारियों ने सोमवार देर रात कहा कि वे मंगलवार को इस्राइल से गाजा जाने वाले केरेम शालोम क्रॉसिंग को फिर से खोल देंगे ताकि गाजा पट्टी में धीरे-धीरे मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितनी सहायता भेजी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस्राइल व हमास के बीच युद्ध के कारण गाजा खस्ताहाल हो चुका है।

ओमान ने तत्काल युद्धविराम की अपील की

ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हमद अल बुसेदी ने क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच तत्काल युद्धविराम की अपील की है। उन्होंने कहा कि हालात को काबू में करने और तनाव कम करने के लिए अभी भी रास्ते खुले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र को जिम्मेदार कूटनीति की ओर लौटना चाहिए। ओमान ने स्पष्ट किया कि संघर्ष से किसी का भला नहीं होगा और सभी पक्षों को संयम बरतते हुए बातचीत के माध्यम से समाधान तलाशना चाहिए।

Exit mobile version