इंदौर
कोविड के दौर में मानव सेवा की नई मिसाल गढ़ने वाले शहर के 23 चिकित्सकों को रविवार शाम केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने भास्कर हेल्थकेयर अवॉर्ड से नवाज़ा। ये वे चिकित्सक हैं, जिन्होंने चिकित्सा सेवा के लिहाज से अब तक के सबसे कठिन दौर में, बेहद मुश्किल हालातों के बीच अपनी जिंदगी की परवाह किए बगैर लोगों का उपचार किया, उनके प्राणों की रक्षा की।
दैनिक भास्कर द्वारा होटल मैरियट में आयोजित गरिमामय समारोह में डॉक्टर्स अपने परिवार के साथ आए, उस दौर के अनुभव साझा किए। गीत-संगीत के साथ कला के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। केंद्रीय मंत्री तोमर ने चिकित्सा के क्षेत्र में इंदौर के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि यहां के डॉक्टर्स ने अपनी मेहनत और कौशल से ऐसा स्थान बना लिया है कि अब इंदौर व आसपास के लोगों को उपचार के लिए बेंगलुरु, चेन्नई और दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
कोविडकाल निश्चित तौर पर चुनौतियों भरा था। हमसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं वाले देश भी मुश्किल में आ गए थे। हमारे डाॅक्टर्स, वैज्ञानिकों ने उस दौर में भी अपनी श्रेष्ठता साबित की है। रिकॉर्ड समय में वैक्सीन बनाकर दुनिया के कई देशों की मदद भी की है। कार्यक्रम का प्रायोजक रहा एलेन कॅरियर इंस्टिट्यूट।
ग्वालियर के बाद कहीं जाना पसंद है तो वह इंदौर है
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि मैं ग्वालियर से हूं। ग्वालियर दैनिक भास्कर का उद्गम स्थान है। इस कारण भास्कर परिवार से बचपन से जुड़ाव है। ग्वालियर के बाद यदि कहीं आना पसंद है तो वह इंदौर है। स्वच्छता में जिस प्रकार यहां काम हुआ है वह पूरे देश के लिए प्रेरणा का विषय है। यहां की जनता बधाई की पात्र है। 17 दिसंबर को बनारस में देशभर के मेयर की कॉन्फ्रेंस हो रही है।
इसमें प्रधानमंत्री भी रहेंगे। मैंने सुझाव दिया है कि देशभर में तीन निगम छांट रहे हैं तो उनमें एक इंदौर भी होना चाहिए। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. भरत अग्रवाल, सीओओ एमपी सुमित मोदी, यूनिट हेड नरेश प्रताप सिंह, एलेन कॅरियर इंस्टिट्यूट के सीनियर फैकल्टी विवेक श्रीवास्तव उपस्थित थे।
समर्पण और सेवा के लिए ये डॉक्टर्स सम्मानित
हेल्थकेयर अवॉर्ड में ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट डॉ. राजीव चौधरी, डर्मेटोलॉजिस्ट एंड कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल दशोरे, यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश कुकरेजा, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. डीके तनेजा, इन्फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. आशा बक्षी, स्त्री रोग व वन-डे हिस्ट्रैक्टोमी विशेषज्ञ डॉ. कविता बापट, पीडियाट्रिशियन डॉ. एसके भंडारी, न्यूरो फिजीशियन डॉ. जेएस कठपाल, ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अरुण अग्रवाल, कंसल्टिंग फिजीशियन डॉ. केएल प्रजापति, एमडी मेडिसिन कंसल्टिंग फिजीशियन डॉ. उमेश मसंद, सर्जन डॉ. पीएस लुबाना, प्लास्टिक कॉस्मेटिक हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अनिल गर्ग, जॉइंट रिप्लेसमेंट व ट्रॉमा विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद नीमा, रेडियोलॉजिस्ट, सोनोलॉजिस्ट, संपूर्ण डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉ. राजेन्द्र सोडानी, प्लास्टिक सर्जन डॉ. अश्विनी दाश, मोटापा व स्त्री रोग विशेषज्ञ एमडी होम्योपैथी (क्रिटिकल एंड सर्जिकल डिज़ीज़ स्पेशलिस्ट) डॉ. रीना विशाल गंगराड़े, लेप्रोस्कोपिक गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मून जैन, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पिंकी टोपीवाला, एमडी होम्योपैथी (क्रिटिकल एंड सर्जिकल डिसीज स्पेशलिस्ट) डॉ. अर्पित चोपड़ा (जैन), ऑर्थोडोंटिस्ट डॉ. अतुल जाजू, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन मेडीस्क्वेयर हॉस्पिटल डॉ. विनोद अरोरा, फैसिलिटी डायरेक्टर मदरहुड हॉस्पिटल के नितिन बामनिया को सम्मानित किया गया।

