Site icon अग्नि आलोक

28 टीचर्स को लील गया दमोह उपचुनाव:ड्यूटी के दौरान संक्रमित होने के बाद कोरोना से मौत

Share

दमोह

कोरोना की दूसरी लहर में दमोह उपचुनाव का मोह जानलेवा साबित हुआ। इस दौरान जहां 10 नेताओं ने कोरोना से जान गंवा दी। वहीं, उपचुनाव ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए 28 शिक्षकों की मौत हो गई। उपचुनाव में जिले के 800 शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें से करीब 200 शिक्षक चुनावी प्रशिक्षण लेने और मतदान कराने में संक्रमित हुए थे। इनमें से 28 शिक्षक कोरोना से जंग हार गए।

मध्यप्रदेश शासकीय अध्यापक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आरिफ अंजुम का दावा है कि कोरोना काल में दमोह में कोरोना से 58 शिक्षकों की मौत हुई है। इनमें से 28 शिक्षक उपचुनाव में ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान वे कोरोना से जंग हार गए।

अंजुम के मुताबिक चूंकि शिक्षक को कोरोना योद्धा का दर्जा नहीं है, इसलिए ध्यान नहीं दिया गया। प्रशासन ने भी परिवारों की मदद नहीं की। अंजुम ने उपचुनाव के दौरान मृत 28 शिक्षकों की लिस्ट प्रशासन को कुछ दिन पहले सौंपी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह ठाकुर ने सभी कार्यालय प्रमुखों से विधानसभा उप चुनाव के दौरान कोरोना से जान गंवाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है। जांच के बाद 6 शिक्षकों के प्रकरण बनाकर शासन को भेज दिए गए हैं। शेष 22 मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एचएन नेमा का कहना है, चुनाव ड्यूटी के दौरान संक्रमित होने के बाद शिक्षकों की मौत होने के 12 प्रकरण सामने आए हैं। अन्य मामलों में आवेदन आ रहे हैं। इनकी जांच कर मामले शासन को भेजे जाएंगे। ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित होने से मृत कर्मचारियों के परिजन को 30 लाख रुपए तक की अनुग्रह राशि मिलने का प्रावधान है। अध्यापक संगठन द्वारा बताए गए मामलों में जांच की जा रही है।

चुनाव ड्यूटी के बाद इन शिक्षकों ने तोड़ दिया दम

परिजन ने सागर ले जाकर भर्ती कराया था
बटियागढ़ के हायर सेकंडरी स्कूल मंगोला में पदस्थ शिक्षक लालसिंह ठाकुर की ड्यूटी पी-1 अधिकारी के रूप में थी। मतदान के एक दिन पहले 16 अप्रैल को तबीयत बिगड़ी। बेटे राहुल ने डॉक्टर को दिखाया, तो लंग्स में इंफेक्शन निकला। सागर बीएमसी में भर्ती कराया। 24 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।

ऑक्सीजन की कमी से मौत हुई

बटियागढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला बमनपुरा में पदस्थ शिक्षक हरिराम प्रजापति 7 अप्रैल को प्रशिक्षण में शामिल हुए। उनकी मतदान दल 195 में डयूटी लगी थी। 11 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर दमोह के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ऑक्सीजन की कमी होने पर 18 अप्रैल को मौत हो गई थी।

मतदान कराया फिर संक्रमित और मौत

शासकीय नवीन प्राथमिक शाला पथरिया में पदस्थ बृजकिशोर समदरिया की कोरोना से 3 मई को मौत हो गई। उन्होंने 17 अप्रैल को हुए मतदान में प्रेमशंकर धगट मांगंज स्कूल मतदान केंद्र 122 पर चुनाव संपन्न कराया। इसके बाद से ही तबीयत बिगड़ गई। कुछ दिन बाद जांच कराई तो वे संक्रमित पाए गए थे।

जिला अस्पताल में बेड तक नहीं मिला

शासकीय प्राथमिक शाला हिंडोरिया मुकरबा वार्ड में पदस्थ शिक्षक भरत कुमार चौरसिया की चुनाव प्रशिक्षण लेने के बाद 10 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में बेड नहीं मिलने पर भोपाल ले जाया गया। भोपाल में 17 अप्रैल को उनका निधन हो गया। उनकी कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी।

चुनाव के 4 दिन बाद संक्रमित, दम तोड़ा

शासकीय प्राथमिक शाला जागूपुरा में पदस्थ शिक्षक अरविंद जैन की डयूटी पीठासीन अधिकारी के तौर पर मनोरंजन गृह रेलवे स्टेशन के पीछे मतदान केंद्र 130 पर लगी थी। जैन ने 17 अप्रैल को मतदान कराया। चुनाव के चार दिन बाद ही वे संक्रमित निकले। इलाज के बावजूद उनका 4 मई को निधन हो गया

मतदान के दिन ही मौत हो गई

बटियागढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला पिपरिया घनश्याम में पदस्थ शिक्षक जमना प्रसाद की मतदान वाले दिन 17 अप्रैल को मौत हो गई। उनकी पत्नी रामदुलारी ने बताया चुनावी काम के लिए कलेक्टोरेट में उनकी ड्यूटी लगी थी, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और मतदान के दिन ही उनकी मौत हो गई थी।

दमोह में कोरोना संक्रमण से मृत शिक्षक

1. देवसिंह ठाकुर, प्राथमिक शाला सागा तेंदूखेड़ा। 2. अनंदीलाल, माध्यमिक शाला समनापुर तेंदूखेड़ा। 3. रविंद्र जैन, प्राथमिक शाला पथरिया। 4. बृजकिशोर समदडिय़ा, प्राथमिक शाला, पथरिया। 5. बृजलाल, उमा स्कूल बांसाकला, पथरिया। 6. हरिराम प्रजापति, प्राथमिक शाला बमनपुरा, बटियागढ़। 7. जमना प्रसाद विश्वकर्मा, प्राथमिक शाला पिपरिया, बटियागढ़। 8. भरत चौरसिया, प्राथमिक शाला हिंडोरिया, दमोह। 9. लालसिंह ठाकुर, हाईस्कूल मगोला, बटियागढ़। 10. रशीद खान, प्राथमिक शाला निबोरा रामगढ़, बटियागढ़। 11. दिनेश प्रधान, हाईस्कूल बरी ककेरा, बटियागढ़। 12. राकेश भट्ट, हाईस्कूल पटलोनी, तेंदूखेड़ा। 13. ज्ञानेश्वर सिंह ठाकुर, प्राथमिक शाला नरगुआ डांगा, तेंदूखेड़ा। 14. डालचंद्र साहू, प्राथमिक शाला झरोली, तेंदूखेड़ा। 15. बेडीलाल मेहरा, हाईस्कूल पटलोनी, तेंदूखेड़ा। 16. सीताराम ठाकुर, माध्यमिक शाला पिपरिया टिकरी, दमोह। 17. अर्जुन सिंह ठाकुर, माध्यमिक शाला बरधारी, पथरिया। 18. बोदन सिंह लोधी, प्राथमिक शाला तेवरईया, हटा। 19. राममनोहर तिवारी, प्राथमिक शाला बजरिया बोर्ड, हटा। 20. गोविंद प्रसाद, माध्यमिक शाला हदुआ, दमोह। 21. हीरा सिंह, उमा शाला तारादेही, तेंदूखेड़ा। 22. राजेंद्र साहू, उच्चतर विद्यालय, पटेरा। 23. किशोर कुमार, प्राथमिक शाला, पटेरा। 24. सौरभ धुर्वे, माध्यमिक शाला, दमोह। 25. हरिचरण तिवारी, माध्यमिक शाला करनपुरा, जबेरा। 26. बिहारीलाल, प्राथमिक शाला, दमोह। 27. विनोद कटियार, माध्यमिक शाला किशुनगंज, पथरिया। 28. राघवेंद्र सिंह ठाकुर, प्राथमिक शाला केरवना, बटियागढ़।

Exit mobile version