इंदौर
विजय नगर क्षेत्र की स्कीम 54, 74, 78, 114 पार्ट 1-2 और स्कीम 136 की पानी की टंकियां पांच दिन से खाली हैं। तीन लाख से ज्यादा लोगों को पानी नहीं मिल रहा। 300 रुपए में मिलने वाला टैंकर लोग दोगुने दाम में ले रहे। पीने का पानी आरओ एटीएम से 1 रुपए लीटर में खरीदना पड़ रहा है। विजय नगर चौराहे पर रोटरी के बीच ड्रेनेज लाइन के लिए हुई खुदाई में नर्मदा की पुरानी ट्रंक लाइन के पाइप टूट गए।
नर्मदा प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने पहले एक पाइप बदला तो दूसरे में लीकेज आ गया, दूसरा बदला तो तीसरे से पानी निकलने लगा। नर्मदा प्रोजेक्ट के कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया तीन पाइप डेमेज हुए थे। इन्हें सुधारने में समय लगा। अब लीकेज पूरी तरह से ठीक कर लिया गया। जल्द ही सामान्य सप्लाय शुरू कर देंगे।
टैंकर के दाम… तत्काल में चाहिए तो 600, दो दिन बाद 400 में मिलेगा
निरंजनपुर से चलने वाले निजी ट्रैक्टर टैंकर वालों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं। पहले जो टैंकर 300 रुपए में एक कॉल करते ही आ जाता था, अब उसकी लंबी वेटिंग लग रही है। रेट भी 500 रुपए बताए जा रहे। इमरजेंसी में बुलाने के 600 रुपए लिए जा रहे। दूसरे दिन आने पर 400 रुपए ले रहे। यही नहीं, टैंकर वाले जितना पानी टंकी में डालते हैं, उससे ज्यादा सड़कों पर बहा देते हैं।

