तराना में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक कुल 4 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. हिंसा में शामिल 19 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है. आरोप है कि नई बाखल मोहल्ले में उपद्रवियों ने मंदिर और हिंदू परिवारों के घरों पर पत्थर फेंके. मनकामेश्वर महादेव मंदिर पर हुए हमले के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. स्थानीय लोगों की शिकायत पर दंगा भड़काने और संपत्ति को सामूहिक नुकसान सहित पांच गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. इस मामले में नावेद, सोहेल, रिहान, गोलू मोहसिन और तोहिद को आरोपी बनाया गया है. नई बाखल जवाहर मार्ग निवासी शक्तिबाला जोशी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है.
खरगोन में टंट्या मामा फाइबर मूर्ति मामले में जयस का धरना
खरगोन में टंट्या मामा की एफआरपी (फाइबर) मूर्ति लगाए जाने के मामले को लेकर आदिवासी समाज के जयस संगठन ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. धरने में पूर्व मंत्री व कसरावद विधायक सचिन यादव, सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी सहित बड़ी संख्या में जयस कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने खरगोन नगर पालिका की भाजपा समर्थित अध्यक्ष छाया जोशी, सीएमओ कमला कोल, जिम्मेदार इंजीनियर और ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की. भोपाल स्थित नगरीय प्रशासन विभाग के आयुक्त ने नपा के सहायक यंत्री मनीष महाजन और इंजीनियर जितेंद्र मेड़ा को निलंबित कर दिया है.
पैगंबर हजरत मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल के अशोक गार्डन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पैगंबर हजरत मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की शिकायत पर मुस्लिम पक्ष की ओर से थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. आरोप है कि सुरेंद्र अहिरवार ने सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कई आपत्तिजनक कमेंट साझा किए. कमेटी ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
छत्तीसगढ़: गरियाबंद में हथियारों का जखीरा बरामद
गरियाबंद जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. जिला पुलिस बल के ई-30 ऑपरेशन और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों का डंप किया गया हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया. यह हथियार पीपरछेड़ी, कमारभौदी और मैनपुर के कुकरार जंगल क्षेत्र से मिले हैं. बरामद सामग्री में पुलिस बल से लूटी गई एक रायफल, एक देशी पिस्टल, 12 बोर के 31 राउंड, 43 नग डेटोनेटर, कारतूस और दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है. पुलिस के अनुसार, यह डंप हथियार सरेंडर किए गए नक्सलियों द्वारा बताए गए स्थानों से बरामद किए गए हैं.
उज्जैन-गुना मार्ग पर मालगाड़ी पटरी से उतरी, रेलवे ने तुरंत मरम्मत शुरू की
शाजापुर के मक्सी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैन से गुना जा रही एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, लेकिन हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. दुर्घटना के कारण प्रारंभिक तौर पर रेल पटरी टूटने को बताया जा रहा है.घटना के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया.हादसे की पूरी जांच कर कारण की पुष्टि की जाएगी.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 54 लाख लाभार्थियों के खाते में 327 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 54 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 327 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए. कार्यक्रम में उन्होंने दिव्यांगों को पुरस्कार से सम्मानित किया और बुजुर्गों को परिवार जैसी वातावरण मिलने की बात कही. रिटायर्ड इंजीनियर ने स्वागत में मिठाई दी। मुख्यमंत्री ने ओल्ड एज होम, दिव्यांगों के समर्थन, निजी वृद्धा आश्रम और सेवा भारती की प्रशंसा भी की. साथ ही दावोस में मध्यप्रदेश की तेजी से विकास करने वाली स्थिति, सोलर ऊर्जा, सस्ती बिजली और प्राकृतिक रूप से फसल उत्पादन की खूबियों की चर्चा की.
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौत का आरोप
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से बद्रीप्रसाद लिटोरिया की मौत का दावा किया गया है. बद्रीप्रसाद की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने भागीरथपुरा पुल पर शव रखकर चक्काजाम किया. परिजनों का कहना है कि इससे पहले बद्रीप्रसाद की बहू कंचन की भी दूषित पानी से मौत हो चुकी है. घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया.
समत्व भवन में सीएम मोहन यादव और पं. प्रदीप मिश्रा की मुलाकात
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अंतर्राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पं. प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया.
तराना में हालात धीरे-धीरे सामान्य, गलियों में सन्नाटा, मुख्य बाजार अब भी बंद
तराना में हालात अब धीरे-धीरे सामान्य होते नजर आ रहे हैं. क्षेत्र की गलियों में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सतर्कता बरतते दिख रहे हैं. तराना का मुख्य बाजार तेजाजी चौक अभी भी पूरी तरह बंद है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित है. प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है. उम्मीद की जा रही है कि हालात पूरी तरह सामान्य होते ही बाजार भी खोले जाएंगे.
इछावर में भव्य सामूहिक कन्या विवाह समारोह, 200 जोड़े बने जीवनसाथी, मंत्री ने दिया आशीर्वाद
सीहोर जिले के इछावर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए और नवदंपतियों को सुखी दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया. सम्मेलन में कुल 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिनमें 173 जोड़ों का विवाह और 27 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ. समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे.
डिंडौरी में खाद्य सुरक्षा की बड़ी कार्रवाई, दो रेस्टोरेंट सील जैसे हालात, लाइसेंस निलंबित
डिंडौरी में जबलपुर संभाग की खाद्य सुरक्षा फ्लाइंग स्क्वॉड ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की. जांच के दौरान सात्विक भोग रेस्टोरेंट और यम्स कप कैफे में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं. गंदगी के बीच भोजन तैयार किया जा रहा था और भंडारण मानकों का खुला उल्लंघन मिला. रसोई का फर्श व दीवारें टूटी-फूटी और बेहद गंदी थीं. एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए गए, जो मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त थे. घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग और टॉयलेट में बर्तन धोने का चौंकाने वाला मामला भी सामने आया. खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दोनों प्रतिष्ठानों का लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया गया है.
तराना में हालात धीरे-धीरे सामान्य, बाजार खुले, 25 लोगों पर कार्रवाई, पुलिस की कड़ी निगरानी
तराना तहसील में हालात अब सामान्य होते नजर आ रहे हैं. धीरे-धीरे बाजार खुलने लगे हैं और जनजीवन पटरी पर लौट रहा है. पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए कल हुई घटना के संबंध में अब तक 25 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. क्षेत्र में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है. सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के लिए साइबर टीम सक्रिय है. पुलिस और प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.
फुल ड्रेस रिहर्सल शुरू, झांकियों में दिखेगा ‘विजन 2047’ का विकसित मध्यप्रदेश
गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल शुरू हो गई है. लाल परेड मैदान में आयोजित रिहर्सल में डीजीपी कैलाश मकवाना सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. इस बार गणतंत्र दिवस की झांकियों में मध्यप्रदेश की विरासत के साथ विकास की झलक देखने को मिलेगी. वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश कैसा होगा, इसे विजुअल माध्यम से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा. ‘विजन 2047’ की झलक 23 विभागों की झांकियों में दिखाई देगी, जहां हर विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाएगा. पहली बार मंडी बोर्ड की झांकी भी शामिल होगी, जिसमें भावांतर योजना की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी.
मुरैना में बेखौफ बदमाशों की फायरिंग, प्लॉट से लौट रहे युवक को मारी गोली
मुरैना में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए. प्लॉट से घर लौट रहे एक युवक पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली युवक की पीठ में धंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान संतोष कुशवाहा के रूप में हुई है. घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया. बताया जा रहा है कि प्लॉट को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते यह फायरिंग की गई. आरोप है कि सतबीर गुर्जर ने युवक पर गोली चलाई. यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुशवाह के पुरा की है. मामले की जांच में सिविल लाइन थाना पुलिस जुटी हुई है.
भोपाल में ‘संध्या छाया’ ओल्ड एज होम का आज लोकार्पण, वरिष्ठजनों को मिलेगी सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की सुविधा
भोपाल के लिंक रोड नंबर-3 पर बने ‘संध्या छाया’ पेड ओल्ड एज होम का आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकार्पण करेंगे. लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा निर्मित यह आश्रम पाँच एकड़ से अधिक भूमि पर बनाया गया है. इसमें 12 सिंगल बेड और 22 डबल बेड सहित कुल 34 कमरे हैं, जहां 56 वरिष्ठजन रह सकेंगे. भवन में वातानुकूलित कमरे, टीवी, फ्रिज, गर्म-ठंडा पानी, निजी बालकनी, डॉक्टर परामर्श, फिजियोथेरपी, आपातकालीन चिकित्सा, लाइब्रेरी, मनोरंजन कक्ष और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में उतरी कांग्रेस, आज भोपाल में एक दिवसीय उपवास
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में मध्यप्रदेश कांग्रेस आज एक दिवसीय उपवास करेगी. यह उपवास सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधायक जयवर्धन सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा शामिल होंगे. कांग्रेस प्रयागराज में शंकराचार्य के कथित अपमान, भोपाल में गौकशी की घटनाओं और काशी में मंदिरों के ध्वंस जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा का घेराव करेगी.
गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज, कल होगी फाइनल परेड की तैयारी
गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज आयोजित की जा रही है. वहीं कल सुबह 9 बजे लाल परेड मैदान पर फाइनल रिहर्सल होगी. इस दौरान मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा रिहर्सल का जायजा लेंगे. सुरक्षा, अनुशासन और परेड की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.

