CBI मामलों की विशेष कोर्ट, ग्वालियर ने पीएमटी-2010 में गड़बड़ी करने वाले छह लोगों को पांच-पांच साल के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 3700 रुपए का अर्थदंड से दंडित किया है। मामला दो परीक्षार्थियों से जुड़ा है, जिन्होंने परीक्षा में अपनी जगह सॉल्वर को बैठाया था।
सीबीआई ने प्री-मेडिकल टेस्ट (PMT-2010) में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। परीक्षा गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, गुना में हुई थी। इसमें परीक्षार्थी जितेन्द्र कुमार राजपूत और दीपक प्रजापति ने अपनी जगह सॉल्वर मोहम्मद इमरान और राजेश प्रसाद को बैठाया था। सुरेश कुमार पटेल, वेदरत्न ने दोनों परीक्षार्थियों से पैसा लेकर सॉल्वर उपलब्ध कराया था। सुरेश और वेदरत्न बिचौलिया की भूमिका में थे। कोर्ट ने जांच एजेंसी की तरफ से रखे गए साक्ष्यों को सही पाया। उन्हें सजा सुनाई।
रिटायर्ड IPS अफसर की वाट्सऐप ग्रुप पर पोस्ट से हंगामा
मध्यप्रदेश पुलिस में स्पेशल डीजी के पद से रिटायर हुए आईपीएस अधिकारी मैथलीशरण गुप्त को आईपीएस एसोसिएशन के अधिकारिक वाट्सऐप ग्रुप आईपीएस एमपी से रिमूव कर दिया गया है। गुप्त ने भारत-पाकिस्तान के बंटवारे को लेकर हिस्टोरिकल फैक्ट से जुड़े तथ्य ग्रुप में शेयर किए थे। इस पोस्ट में देश की बर्बादी का कारण समुदाय विशेष को बताया है। साथ ही उनके देश में रहने का कारण अंग्रेजों को बताया है। इस पर डीजीपी ने आपत्ति ली थी। उन्हें पोस्ट हटाने के लिए कहा गया, लेकिन गुप्त ने यह कहते हुए पोस्ट डिलीट करने से इनकार कर दिया कि उन्होंने कुछ गलत शेयर नहीं किया है। जो भी तथ्य शेयर किए गए हैं, वह हिस्टोरिकल फैक्ट हैं।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पर भाजपा का मौन धरना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर चूक पर मध्यप्रदेश में भाजपा मौन धरना दिया है। भाजपा के मुताबिक पंजाब की कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए बर्ताव के विरोध में यह धरना दिया गया है। बीजेपी पुरानी विधानसभा मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक मौन धरना दिया धरने में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आना था, लेकिन वेे किन्हीं कारणों से नहीं आए।
इंदौर के पलासिया में कार ने युवक को कुचला, कान में लगा था हैंडफ्री
शुक्रवार की सुबह इंदौर के पलासिया में कार चालक ने युवक को कुचल दिया। बताया जाता है कि पलासिया में एक युवक सड़क पार कर रहा था और कानों में हैंडफ्री लगाए हुआ था। इसी दौरान कार चालक ने भी युवक की तरफ ध्यान नहीं दिया और उसको रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। युवक की उम्र 30 साल है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि युवक सांवेर रोड निवासी है।
भोपाल-इंदौर हाईवे पर अनियंत्रित होकर कार पलटी, 4 युवकों गंभीर
सीहोर में शुक्रवार दोपहर भोपाल-इंदौर हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। कार इंदौर से भोपाल की ओर जा रही थी। तेज गति होने से अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी। हादसा खोकरी फैक्ट्री के पास इंदौर-भोपाल रोड स्थित लकी ढाबे के पास हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक पुलिस नहीं आई तो 108 को कॉल कर बुलाया। लोगों का कहना है कि कार में चार लोग सवार थे। ग्रामीणों की मदद से चारों लोगों को पुलिस ने बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

