ग्वालियर, । जलालपुर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट देखने पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट का वहां पीला पानी देखकर माथा सनक गया। इस प्लांट के निर्माण में नगर निगम ने 56 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। मंत्री सिलावट ने पूछा कि पीला पानी क्यों आ रहा है तो जिम्मेदार अफरस बगलें झांकते नजर आए। उन्होंने अफसरों को तुरंत पीले पानी की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्वालियर शहर में निर्माणाधीन स्मार्ट रोड़ (थीम रोड़) व फूलबाग-किलागेट सड़क मार्ग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल टंकियां व पाइप लाईन का शेष काम जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। इन कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यह निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को शहर के विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। सिंधिया पहले ही थीम रोड़ का काम 31 जनवरी तक करने के निर्देश दे चुके थे जिस पर स्मार्ट सिटी सीईओ ने भी हामी भर ली थी, लेकिन अभी तक आधा काम भी पूरा नहीं हो सका है जिसके चलते प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए है कि थीम रोड़ का एक तरफ का पूरा काम फरवरी अंत तक हर हाल में हो जाना चाहिए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने शहर भ्रमण के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ प्रस्तावित रोप-वे मार्गों का जायजा भी लिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा धर्मेन्द्र राणा व आशीष प्रताप सिंह राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण प्रभारी मंत्री के साथ थे।
अगले माह के पहले हफ्ते वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू कराएं :
प्रभारी मंत्री सिलावट ने शुक्रवार को जलालपुर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का शेष काम जल्द से जल्द पूर्ण करें, जिससे एक मार्च को इस प्लांट का उद्घाटन कर ग्वालियर को समर्पित किया जा सके। उन्होंने इस अवसर पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में पौधे रोपे साथ ही निर्देश दिए कि ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में स्थित खाली जगहों पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण और फूलदार पौधे व घास लगाकर हरा-भरा किया जाए। जलालपुर में लगभग 56 करोड़ की लागत से पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत 160 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया गया है। यह प्लांट वर्ष 2035 तक ग्वालियर शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करेगा। इसी प्लांट के समीप लगभग 68 करोड़ की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है, जो चालू हो चुका है। प्रभारी मंत्री सिलावट ने शहर में बनकर तैयार हो चुकी 35 पानी की टंकियों और पेयजल लाईनों का लोकार्पण भी अगले माह के पहले हफ्ते में कराने के निर्देश दिए।
माह के अंत तक स्मार्ट रोड़ के एक तरफ का मार्ग पूर्ण कराएं :
प्रभारी मंत्री सिलावट ने मांडरे की माता से कटोराताल होते हुए महल गेट तक निर्माणाधीन स्मार्ट रोड़ (थीम रोड़) के निरीक्षण के दौरान विशेष जोर देकर कहा कि स्मार्ट सड़क के शेष काम जल्द से जल्द पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट रोड़ के एक तरफ के मार्ग के सभी काम मौजूदा माह के अंत तक पूर्ण कर उस पर आवागमन शुरू कराएं। इस अवसर पर मौजूद सड़क निर्माण से जुड़ी कंपनी एलएनटी के प्रतिनिधि ने माह के अंत तक एक तरफ का काम पूर्ण कराने की हामी भरी। वैसे इस तरह की हामी सिंधिया के सामने भी भरी गई थी, लेकिन तय तारीख निकलने के बाद भी एक तरफ का काम भी पूरा नहीं हो सका था। प्रभारी मंत्री ने निर्माण एजेन्सी को साफ तौर पर ताकीद किया कि समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो एजेन्सी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने इस अवसर पर मौजूद कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह से भी कहा कि वे स्मार्ट रोड़ के कामों पर विशेष नजर रखें।
फूलबाग-किलागेट सड़क निर्माण के लिए रहवासियों से मांगा सहयोग :
प्रभारी मंत्री सिलावट ने फूलबाग से किलागेट मार्ग तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इस सड़क मार्ग के दोनों ओर निवासरत लोगों से भी चर्चा की। उन्होंने यहां के रहवासियों को भरोसा दिलाया कि आप सबकी सहमति और हितों को ध्यान में रखकर सड़क निर्माण कराया जायेगा। सिलावट ने रहवासियों से आग्रह किया कि किलागेट को जोडऩे वाली यह सड़क पर्यटन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए आप सभी सड़क निर्माण में सहयोग करें। सिलावट ने इस सड़क मार्ग पर खुले और बेतरतीब चेम्बर पाए जाने पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन चेम्बर को व्यवस्थित करें, जिससे कोई दुर्घटना न हो।
रोप-वे के लिए प्रस्तावित मार्ग भी देखे :
प्रभारी मंत्री ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी के साथ शहर भ्रमण के दौरान ग्वालियर किले तक रोप-वे के लिए प्रस्तावित मार्गों का भी जायजा लिया। उन्होंने सेवानगर से किला और फूलबाग से किले तक प्रस्तावित रोप-वे मार्ग देखे। इस अवसर पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। रोप वे का जिसने ठेका लिया था उसका कहना है कि कई बार स्थान परिवर्तन होने से उनको काफी नुकसान हो चुका है।

