Site icon अग्नि आलोक

MP में शर्मनाक घटना:रेप के आरोपी के साथ पीड़िता को रस्सी से बांधकर गांव में जुलूस निकाला; 6 रिश्तेदार अरेस्ट

Share

अलीराजपुर

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां कुछ लोगों ने एक युवक और लड़की को रस्सी से बांधकर मारपीट की। युवक पर लड़की से रेप का आरोप है। मारपीट करने वाले लड़की के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। उन्होंने रेप पीड़िता और आरोपी का गांव में जुलूस निकाला। ऐसी खबर है कि उनके साथ चल रहे तमाशबीन लोग भारत माता की जय के नारे भी लगा रहे थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

यह मामला जोबट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। लड़की के रिश्तेदारों ने शनिवार रात आरोपी को पकड़ा था। रविवार को इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता के 6 रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया।

मौके पर पहुंचे SP और ASP
वीडियो में दिख रहा है कि एक नाबालिग लड़की को युवक के साथ रस्सी से बांधा हुआ है। कुछ युवक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए पीड़िता ओर आरोपी के साथ चल रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर SP विजय भागवानी, ASP बिट्‌टू सहगल और चौकी प्रभारी पहुंच गए।

मामले में 2 FIR दर्ज
पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की ओर से 2 FIR दर्ज की हैं। पहली आरोपी के खिलाफ रेप की है। इसमें धारा-376 के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी FIR में पीड़िता ने अपने ही रिश्तेदारों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, अपमानजनक व्यवहार करने ओर जान से मारने की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार, दोनों FIR के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गुजरात में हुई थी पहचान
SP विजय भागवानी ने बताया कि आरोपी युवक शादीशुदा है। उसकी पीड़िता से मुलाकात गुजरात में हुई थी। इसके बाद दोनों अपने-अपने गांव लौट आए थे। यहां उसे और पीड़िता को उसके रिश्तेदारों ने पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version