मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी ने अपनी पांचवी सूची जारी कर दी है। पांचवी सूची में 92 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। पांचवी सूची में नामों का ऐलान करने के साथ ही भाजपा प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर सीटों पर अपने 228 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी है। भाजपा की पांचवी सूची में 3 मंत्रियों और 6 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इसके साथ ही 12 महिला उम्मीदवारों के नाम पांचवी सूची में घोषित किए गए है। बता दें कि इससे पहले आई चार सूचियों में भाजपा ने पहली सूची में 39, दूसरी सूची में 39 तीसरी में 1 और चौथी में 57 नामों का ऐलान किया था।
कौन किसके सामने ठोक रहा ताल
हाई प्रोफाइल सीटों पर मुकाबले की बात करें तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने टीवी एक्टर विक्रम मस्ताल कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में हैं. छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने बीजेपी के जिला अध्यक्ष बंटी साहू हैं. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया से विधानसभा चुनाव का टिकट मिला है. उनके सामने राजेंद्र भारती ताल ठोक रहे हैं. इंदौर क्रमांक-1 से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के सामने कांग्रेस ने एक बार फिर वर्तमान विधायक संजय शुक्ला पर भरोसा जताया है.इसी तरह अटेर विधानसभा से मंत्री अरविंद भदौरिया के सामने कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमंत कटारे हैं. लहार विधानसभा क्षेत्र से नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह के सामने अम्बरीष शर्मा मैदान में हैं. कांग्रेस के पूर्व मंत्री लखन सिंह के सामने बीजेपी के मोहन सिंह राठौड़ अपनी किस्मत आजमाएंगे. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के सामने कांग्रेस ने लखन सिंह पटेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को एक बार फिर चुरहट से टिकट दिया है. उनके सामने बीजेपी के विधायक शरतेंदू तिवारी हैं. जबलपुर पश्चिम में बीजेपी के वरिष्ठ सांसद राकेश सिंह का सामना इस बार मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री तरुण भनोट से होने जा रहा है. भाजपा ने सांसद गणेश सिंह को सतना विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है. उनके सामने कांग्रेस ने एक बार फिर अपने विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को खड़ा किया है.
तीन मंत्रियों समेत विजयवर्गीय के बेटे का टिकट कटा
शनिवार शाम बीजेपी ने प्रत्याशियों की पांचवी सूची जारी कर दी है। इस बार प्रदेश के तीन मंत्रियों का टिकट कटा है। जिनमें मंत्री ओपीएस भदौरिया, गौरीशंकर बिसेन और यशोधरा राजे सिंधिया है। यशोधरा पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर चुकी थीं। वहीं गौरीशंकर बिसेन की जगह पार्टी ने उसनकी बेटी मौसमी को बालाघाट सीट से प्रत्याशी बनाया है।
दमोह से मलैया, बुरहानपुर से अर्चना चिटनिस
बीजेपी की पांचवी सूची में 92 उम्मीदवरों के नाम हैं। दमोह विधानसभा सीट से पार्टी ने पूर्व मंत्री जयंत मलैया को टिकट दिया है। वहीं, बुरहानपुर से पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस को उम्मीदवार घोषित किया है।

इन मंत्रियों के टिकट कटे
ओपीएस भदौरिया- भिंड जिले की मेहगांव सीट से विधायक और शिवराज सरकार के मंत्री ओपीएस भदौरिया का टिकट काट दिया है। उनकी जगह राकेश शुक्ला को भाजपा ने मेहगांव से उम्मीदवार घोषित किया है।
यशोधरा राजे सिंधिया- टिकट वितरण से पहले ही चुनाव लड़ने से इंकार करने वाली शिवपुरी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया का भी नाम पांचवी सूची में नहीं आया है उनकी जगह शिवपुरी से देवेन्द्र कुमार जैन को प्रत्याशी बनाया गया है।
गौरीशंकर बिसेन- बालाघाट से विधायक और मंत्री गौरीशंकर बिसेन का टिकट काटकर भाजपा ने उनकी जगह उनकी बेटी मौसम बिसेन को टिकट दिया है।
पांचवी लिस्ट में इन 28 विधायकों के टिकट कटे
आकाश विजयवर्गीय- इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 से विधायक आकाश विजयवर्गीय का टिकट काटकर भाजपा ने इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 सीट से राकेश गोलू शुक्ला को उम्मीदवार घोषित किया है।
पारस जैन – उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से विधायक पारस जैन का टिकट काटकर उनकी जगह भाजपा ने अनिल कालूखेड़ा को उम्मीदवार बनाया है।
देवेन्द्र वर्मा – खंडवा विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक देवेन्द्र वर्मा का टिकट काटकर भाजपा ने यहां से कंचन मुकेश तन्वे को चुनावी मैदान में उतारा है।
राम लालू वैश्य- सिंगरौली के मौजूदा विधायक रामलालू वैश्य का टिकट भाजपा ने काट दिया है उनकी जगह राम निवास शाह को सिंगरौली से प्रत्याशी घोषित किया है।
श्याम लाल द्विवेदी- रीवा जिले की त्योंथर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक श्याम लाल द्विवेदी का टिकट काटकर भाजपा ने दो दिन पहले भाजपा ज्वाइन करने वाले सिद्धार्थ तिवारी को वहां से उम्मीदवार घोषित किया है।
पंचू लाल प्रजापति – रीवा जिले के मनगवां सीट से विधायक पंचू लाल प्रजापति का टिकट काटकर इस बार भाजपा ने नरेन्द्र प्रजापति को चुनावी मैदान में उतारा है।