इंदौर में रविवार को राजनीति की एक अलग ही तस्वीर नजर आई। यहां कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जिस पर विजयवर्गीय ने भी उन्हें गले लगाकर पास बैठाया। दोनों नेताओं ने एक साथ जैन मुनि के प्रवचन सुने।
इसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल बीते कुछ दिनों से दोनों ही नेता एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में यह नजारा देख लोग भी हैरान रह गए।
बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंदौर-1 विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने कैलाश विजयवर्गीय को अपना प्रत्याशी बनाया है। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के पास है। इस सीट पर संजय शुक्ला विधायक है। ऐसी संभावना है कि कांग्रेस इस बार भी इंदौर-1 से संजय शुक्ला को ही टिकट देगी। ऐसे में इस सीट पर विजयवर्गीय का मुकाबला संजय शुक्ला से हो सकता है।
शुक्ला बोले- विजयवर्गीय मेरे आदरणीय
बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला रविवार को इंदौर के गोम्मटगिरी में जैन समाज के एक प्रोग्राम में शामिल हुए थे। यहां दोनों ही नेता बड़ी आत्मीयता से एक-दूसरे से मिले। संजय शुक्ला ने कहा कि वो मेरे आदरणीय हैं।
रविवार को जैन समाज के प्रोग्राम में शामिल कैलाश विजयवर्गीय और संजय शुक्ला।
कांग्रेस विधायक बोले- विजयवर्गीय मजदूर के बेटे हैं, अरबों रुपए कहां से लाए?
इंदौर-1 में राजनीतिक लड़ाई अब व्यक्तिगत आरोपों तक पहुंच गई है। भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय ने एक दिन पहले कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला की प्रॉपर्टी को लेकर सवाल उठाए थे। प्रॉपर्टी को उनके पिता की कमाई बताया था। अब शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए कहा कि वो (विजयवर्गीय) तो एक मजदूर के बेटे हैं, इनके पास अरबों रुपया कहां से आ रहा है, बताएं। तभी तो वे 51-51 हजार रुपए बूथ पर बांटने की बातें कह रहे हैं।
कांग्रेस विधायक शुक्ला ने विजयवर्गीय को ‘घमंडी रावण’ बताया
बीजेपी के इंदौर-1 से उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय।
इंदौर-1 से भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के ‘बड़े नेता बन जाने और हाथ कैसे जोड़ेंगे’ वाले बयान पर कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय की तुलना रावण से कर दी है। उन्होंने कहा कि इतना घमंड अच्छा नहीं। शुक्ला के पलटवार का जवाब विजयवर्गीय ने भी दिया। उन्होंने शुक्ला को बच्चा कहते हुए कहा कि वो गंभीर व्यक्ति नहीं है। पूर्व में कांग्रेस के विधायक सज्जन सिंह वर्मा भी कैलाश विजयवर्गीय की तुलना रावण से कर चुके हैं।

