छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक स्टील प्लांट में हुए भीषण धमाके में सात मजदूरों की मौत हो गई है. यह दर्दनाक हादसा भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में हुआ, जहां कोयला भट्टी में अचानक विस्फोट हो गया. डीएससी कोल कीलन में हुए धमाके के कारण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए.
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में स्थित एक स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है. कोयला भट्टे में विस्फोट के दौरान यह हादसा हुआ. हादसा आज सुबह सुबह हुआ. घटना के तुरंत बाद फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. इस हादसे में छह मजूदरों की मौत हुई है. पांच मजदूर घायल हैं, जिनका इलाज बिलासपुर में चल रहा है. प्रभावित सभी मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं. सीएम विष्णुदेव ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी. घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं.
प्लांट में कैसे हुआ हादसा, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
भट्ठे के आस पास सफाई कार्य कर रहे मजदूरों की गर्म कोयले से झुलसने से 6 मजदूरों की मौत हुई है. प्रत्यक्षदर्शी मजदूर जोगिंदर जो बिहार का रहने वाले हैं, ने बताया कि करीब दस बजे की घटना है. हम हेल्पर का काम करते हैं. हम काम कर रहे थे. करीब दस बजे के आसपास धुआं दिखा. साहब लोगों ने बोला भागो भागो.हम भाग गए. हम 11 आदमी काम कर रहे थे. हम तीन बचे हैं. बाकी के 8 नहीं मिल रहे हैं. वहीं बिहार निवासी रामस्वरूप ने बताया कि अचानक हमें बोला गया कि भागो भागो. सब मजदूर अलग अलग जगह हो गए.
पूरे लोग नहीं मिल रहे. 8 आदमी नहीं मिल रहे. हम तीन लोग ही बाहर निकले हैं. हम बिहार के रहनेवाले हैं– प्रत्यक्षदर्शी मजदूर
जब घटना हुई उस समय हम 11 लोग थे. अभी तीन लोग है. 8 गायब है- रामस्वरूप, बिहार निवासी
घटनास्थल पर पहुंचा पुलिस प्रशासन
प्लांट में हादसे की जानकारी मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ ही देर में बलौदाबाजार पुलिस एसपी भावना गुप्ता, कलेक्टर दीपक सोनी मौके पर पहुंचे. बचाव कार्य शुरू किया गया.
बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि निपनिया में इस्पात प्लांट में दुखद घटना हुई है. डस्ट सेटलिंग चैंबर, जिसका टेंपरेचर काफी हाई होता है उसमें से राख लीक होने के कारण नीचे काम कर रहे 6 श्रमिकों की मौत हो गई. पांच मजदूर घायल है, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर हायर सेंटर भेजा गया है. पूछताछ जारी है. एसडीएम के निर्देशन में विस्तृत जांच के निर्देश जारी किया गया है. पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है. जांच की जा रही है.
कंपनी के एचआर और लेबर डिपार्टमेंट को मृतक के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने को कहा गया है. सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं. स्थानीय कोई नहीं है- दीपक सोनी, कलेक्टर
11 लोगों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें से 6 की मौत हुई. पांच घायल है. स्पॉट पर पूरी टीम लगी है. प्लांट में आने वाले सभी का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले थे. स्थानीय थानों के माध्यम से सभी से संपर्क किया जा रहा है. हादसे की जांच की जा रही है. रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है- भावना गुप्ता, एसपी बलौदाबाजार
कंपनी प्रबंधन घायलों का इलाज करा रही है. मृतकों और घायलों को परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा. प्रभावित मजदूर ठेका के अंतर्गत काम करते थे और बिहार झारखंड के रहने वाले थे. सभी मृतकों की पहचान हो चुकी है- राजेश कुमार सिंह, HR हेड रियल इस्पात प्रबंधन

