प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आद अमेरिका यात्रा के लिए रवाना होंगे। वहीं दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिनभर बूंदाबांदी कीं संभावना जताई है। राजस्थान में IMD ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं तमिलनाडु और उत्तराखंड में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। बिहार में महागठबंधन के टूटने की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी आज दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिलेंगे। इधर पुरी में आज भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी।
आज के प्रमुख इवेंट्स,
- PM मोदी आज अमेरिका के चार दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान व्हाइट हाउस में उनका राजकीय सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन PM मोदी के लिए स्टेट डिनर भी होस्ट करेंगे।
विवाद के बावजूद आदिपुरुष ने कमाए 300 करोड़, फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर को मिली सुरक्षा
16 जून को रिलीज होने के बाद से ही फिल्म का अलग-अलग जगहों पर विरोध हो रहा है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी हिंदूवादी संगठनों ने विरोध में एक थिएटर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
आदिपुरुष ने विवाद के बावजूद तीन दिन में 340 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है। फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर की गुजारिश पर मुंबई पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई है। इधर, मुंबई में हिंदू संगठन ने एक सिनेमा हॉल में शो रुकवा दिया।
वहीं, लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन ने डायरेक्टर ओम राउत और राइटर मनोज मुंतशिर के पुतले जलाए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सनातन धर्म का मजाक उड़ाने के लिए बनाई गई है। फिल्म के डायलॉग बदलने से कुछ नहीं होगा। फिल्म को ही बैन कर देना चाहिए।
प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ पर जहां एक तरफ जमकर विवाद हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है। पहले दिन वर्ल्डवाइड 140 करोड़ और दूसरे दिन 100 करोड़ की कमाई करने के बाद अब तीसरे दिन इस फिल्म ने फिर से 100 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म ने फर्स्ट वीकेंड पर 340 करोड़ रुपए वर्ल्डवाइड कमाकर इतिहास रच दिया है।
इस बीच फिल्म के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर ने मुंबई पुलिस से सुरक्षा देने की मांग की थी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा देने का फैसला किया है। अब मनोज के साथ एक हथियारबंद पुलिसकर्मी साथ रहेगा। मनोज ने कहा था कि विवाद के बाद उन्हें खतरा है।
नहीं तोड़ पाई ‘पठान’ का रिकॉर्ड
शाहरुख खान स्टारर ‘पठान’ के बाद आदिपुरुष मात्र 3 दिनों में 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली दूसरी फिल्म बन गई है। हालांकि इस क्लब में एंट्री करने के बाद भी यह फिल्म ‘पठान’ के फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई। जहां ‘पठान’ ने फर्स्ट वीकेंड में 351 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था वहीं ‘आदिपुरुष’ इससे 11 करोड़ रुपए पीछे रह गई।
थिएटर में नारेबाजी, मॉल में हनुमान चालीसा का पाठ किया, मुंतशिर का पुतला जलाया
- मुंबई के नालासोपारा में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम फिल्म का शो रुकवा दिया। उन्होंने थिएटर में पहुंचकर नारेबाजी की और दर्शकों से हॉल के बाहर जाने को कहा। इसके बाद शो रद्द कर दिया गया।
- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार की शाम हिंदूवादी संगठनों ने रैली निकाली। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मैग्नेटो मॉल के अंदर घुस गए। पुलिस की बैरिकेडिंग को भी उन्होंने तोड़ दिया। इसके बाद हॉल के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके हटाया।
- लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में भारतीय किसान यूनियन ने डायरेक्टर ओम राउत और राइटर मनोज मुंतशिर के पुतले जलाए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सनातन धर्म का मजाक उड़ाने के लिए बनाई गई है। भारतीय किसान यूनियन के मेंबर्स का कहना है कि सिर्फ फिल्म के डायलॉग बदलने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने इस फिल्म पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग की है।
मुंबई में नालासोपारा इलाके के कैपिटल मॉल में फिल्म का शो रुकवाने पहुंचे राष्ट्र प्रथम संगठन के कार्यकर्ता। इसके बाद शो रद्द कर दिया गया।
मेकर्स ने डायलॉग बदलने का फैसला किया
विवाद के बाद फिल्म मेकर्स ने विवादित डायलॉग पर बढ़ते विरोध को देखते हुए फिल्म के डायलॉग बदलने का फैसला किया है। फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर ने रविवार को ट्वीट कर सफाई दी कि फिल्म से विवादित डायलॉग इसी हफ्ते हटा लिए जाएंगे।
मनोज ने रविवार को यह ट्वीट कर मेकर्स के फैसले की जानकारी दी।
काठमांडू और पोखरा में आदिपुरुष समेत हिंदी फिल्में बैन
नेपाल में काठमांडू के बाद अब पोखरा में भी आदिपुरुष और अन्य हिंदी फिल्मों को न दिखाने का फैसला किया गया है। फिल्म में सीता को भारत की बेटी बताने पर नेपाली सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई है। नेपाल सेंसर बोर्ड का कहना है कि सीताजी का जन्म भारत में नहीं, नेपाल के जनकपुर में हुआ था।
नेपाल की आपत्ति पर भी फिल्म में बदलाव हुआ था
फिल्म में सीता के जन्मस्थान को लेकर विवादित बयान को नेपाल सेंसर बोर्ड की आपत्ति के बाद हटा दिया गया था। इसके बाद फिल्म वहां रिलीज करने की अनुमति मिल गई थी। हालांकि बाकी डायलॉग्स को लेकर फिल्म विवादों में बनी रही और अब इसे बैन कर दिया गया है।
आदिपुरुष में कैरेक्टर्स के पहनावे को लेकर भी विवाद हो चुका है। इसके बाद मेकर्स ने इसमें कुछ बदलाव करने की बात कही थी।
राइटर और डायरेक्टर ट्रोल, लोग बोले- मर्यादा को तार-तार किया
फिल्म के डायलॉग्स को लेकर फिल्म के राइटर और डायरेक्टर ट्रोल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म का बायकॉट ट्रेंड हो रहा है। लोगों का कहना है कि फिल्म में रामायण को गलत तरीके से दिखाया गया है, जो इस पौराणिक कथा की मर्यादा को तार-तार कर रहा है।
गीता प्रेस को गांधी शांति अवॉर्ड देने की घोषणा, जयराम बोले- यह गोडसे को सम्मान देने जैसा
PM मोदी की अध्यक्षता वाली कमेटी ने गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 के लिए चुना है। ट्रस्ट ने पुरस्कार को स्वीकार कर लिया है, लेकिन इससे मिलने वाली एक करोड़ की धनराशि लेने से इनकार कर दिया है। ट्रस्टियों का कहना है कि गीता प्रेस किसी तरह का दान नहीं लेता है।
इधर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केंद्र का यह फैसला सावरकर और नाथूराम गोडसे को सम्मान देने जैसा है, क्योंकि गीता प्रेस और गांधी के बीच राजनीतिक और धार्मिक एजेंडे को लेकर कई वैचारिक मतभेद थे।
बिपरजॉय से राजस्थान के 4 जिलों में बाढ़, असम में 142 गांव पूरी तरह डूबे
राजस्थान में भारी बारिश के लिए 2 जिलों में रेड अलर्ट और 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिपरजॉय की वजह से राजस्थान के पाली, जालोर, बाड़मेर और सिरोही में बाढ़ जैसे हालात हैं। राज्य में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिपरजॉय का असर आज भरतपुर, कोटा संभाग के 8 जिलों में रहेगा।
वहीं, असम में तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। 142 गांव पूरी तरह डूब चुके हैं। इससे 33 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। पूरे राज्य में 1500 हेक्टेयर से ज्यादा फसल को नुकसान हुआ है।
बिपरजॉय तूफान के कारण राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। जयपुर मौसम केंद्र ने सोमवार को सवाई माधोपुर, बूंदी जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कोटा, करौली, बारां, भीलवाड़ा और टोंक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जोधपुर में युवक डूबा
जोधपुर महामंदिर क्षेत्र स्थित बाउड़ी (एक तरह का कुआं) में डूबकर युवक की मौत हो गई। महामंदिर थाना की एसएचओ मुक्ता पारीख ने बताया कि सांसी बस्ती खोखरिया निवासी 20 वर्षीय श्रवण अपने दोस्तों के साथ सोमवार शाम करीब चार बजे आया था। उसने नहाने के लिए बावड़ी में छलांग लगाई थी। फिर बाहर नहीं आया। मौके पर सिविल डिफेंस की टीम बुलाई गई। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद श्रवण का शव बरामद किया जा सका। श्रवण की 4 साल पहले ही शादी हुई थी। उसके 2 बच्चे हैं।
पाली, जालोर, बाड़मेर और सिरोही में बाढ़ के हालात
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। कई स्थानों पर 300 मिमी यानी 12 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। पाली, जालोर, बाड़मेर और सिरोही में तो बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक राज्य में बाढ़ और बारिश से 7 लोगों की मौत हो गई है।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 19 और 20 जून को बिपरजॉय का असर भरतपुर, कोटा संभाग में रहेगा। चक्रवात और कमजोर होकर डिप्रेशन से लो प्रेशर एरिया में कन्वर्ट होगा। चक्रवात अभी 10 किमी प्रति घंटा की स्पीड से नॉर्थ-ईस्ट दिशा की तरफ बढ़ रहा है।
जालोर में सबसे ज्यादा 18 इंच बारिश
चक्रवात की वजह से सबसे ज्यादा बारिश जालोर में हुई। यहां 36 घंटे के दौरान (17 जून सुबह 8:30 बजे से 18 जून शाम 8:30 बजे तक) 456 मिमी यानी 18 इंच पानी गिरा। इसी तरह आहोर (जालोर) में 471, भीनमाल 217, रानीवाड़ा 322, चितलवाना 338, सांचौर 296, जसवंतपुरा 332, बागोडा में 310 और सायला में 411 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुई। इस कारण जालोर में हालात बेकाबू हो गए। हजारों लोगों को NDRF-SDRF की मदद से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
सिरोही के आबूरोड में गुजरात रोडवेज की बस अंडरपास में भरे पानी में फंस गई।
सिरोही जिले के आबूरोड में बारिश के बाद खड़ात अंडरपास में पानी भर गया। सोमवार दोपहर को अंबाजी से आबूरोड आ रही गुजरात रोडवेज की बस अंडरपास में भरे पानी के बीच बंद हो गई। इस दौरान बस में करीब 30 यात्री बैठे थे। बस के बंद होने पर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से अपने स्तर पर बस को बाहर निकालने का प्रयास किया। वे कामयाब नहीं हो सके। सूचना मिलने पर एसडीएम गोविंद सिंह भींचर मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला गया।
. एयरबस से इंडिगो खरीदेगा 500 एयरक्राफ्ट, एविएशन इंडस्ट्री की ये सबसे बड़ी डील
इंडिगो ने एयरबस को 50 अरब डॉलर में 500 नए एयरक्राफ्ट खरीदने का ऑर्डर दिया है। इंडिगो इतना बड़ा ऑर्डर देने वाली दुनिया की पहली एयरलाइन बन गई है। इन एयरक्राफ्ट्स की डिलीवरी 2030 से 2035 के बीच होगी। फिलहाल इंडिगो के पास 300 से ज्यादा विमान हैं।
इससे पहले फरवरी 2023 में एअर इंडिया ने सबसे बड़ा ऑर्डर 470 एयरक्राफ्ट का दिया था। इस कंपनी ने फ्रांस की एयरबस से 250 एयरक्राफ्ट और अमेरिकी कंपनी बोइंग से 220 एयरक्राफ्ट खरीदने की डील की थी।
. एशियाई खेलों की तैयारी में जुटे प्रदर्शनकारी पहलवान, गीता फोगाट भी प्रैक्टिस के लिए पहुंचीं
21 अप्रैल को 7 महिला पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। इनमें एक नाबलिग पहलवान भी शामिल थी। मामले में पुलिस ने 28 अप्रैल को 2 मामले दर्ज किए। बाद में नाबालिग ने अपने आरोप वापस ले लिए।
WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शनकारी पहलवानों ने एशियाई खेलों की तैयारी शुरु कर दी है। विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और उनकी पत्नी संगीता फोगाट ने सोनीपत स्थित SAI सेंटर में प्रैक्टिस शुरू की है। विनेश की चचेरी बहन गीता फोगाट भी ट्रायल की प्रैक्टिस के लिए यहां पहुंचीं।
गीता ने नवंबर 2021 में गोंडा में नेशनल चैम्पियनशिप के बाद मैटरनिटी लीव ली थी। अब वो कुश्ती में वापसी कर रही हैं। चीन के हांगझू में एशियन गेम्स 2023 का आयोजन 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जाएगा। कोविड-19 की वजह से ये खेल पिछले साल स्थगित कर दिए गए थे।
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण से जारी विवाद के बीच प्रदर्शनकारी पहलवानों ने एशियाई खेलों की तैयारी शुरू कर दी है। विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और उनकी पत्नी संगीता फोगाट मैट पर लौट आए हैं। उन्होंने सोनीपत स्थित SAI सेंटर में प्रैक्टिस शुरू कर दी है। विनेश फोगाट ने 9 जून को अभ्यास के लिए सेंटर का दौरा किया था।
विनेश की चचेरी बहन गीता फोगाट भी ट्रायल की प्रैक्टिस के लिए यहां पहुंची हैं। गीता ने नवंबर 2021 में गोंडा में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के बाद मैटरनिटी लीव ली थी। अब वह कुश्ती में वापसी कर रही हैं। उनके साथ पहलवान पति पवन सरोहा भी हैं।
चीन के हांगझू में एशियन गेम्स 2023 का आयोजन 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जाएगा। कोविड-19 की वजह से ये खेल पिछले साल स्थगित कर दिए गए थे।
नाबालिग पहलवान के पिता ने साक्षी से मांगा स्पष्टीकरण
साक्षी मलिक ने कहा था कि नाबालिग पहलवान ने दबाव में आकर बयान बदले। उन्हें धमकी दी गई थी। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी। नाबालिग पहलवान के पिता ने साक्षी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा- मेरे परिवार को कोई धमकी नहीं मिली थी। साक्षी मलिक को अपना बयान स्पष्ट करना चाहिए। हमें जो करना चाहिए था, हमने कर दिया है।
नाबालिग पहलवान की शिकायत पर था POCSO एक्ट का केस
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने 2 केस दर्ज किए थे। एक केस 6 महिला पहलवानों की शिकायत पर छेड़छाड़ का था। दूसरा नाबालिग पहलवान के यौन शोषण का था। जिसमें बृजभूषण पर POCSO एक्ट लगा था। इस केस में पहलवान बृजभूषण की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हालांकि अचानक नाबालिग पहलवान व उसके पिता ने अपना बयान बदल दिया। इस मामले की सुनवाई 4 जुलाई को होनी है।
नाबालिग पहलवान के दादा बोले- ‘हमारी बच्ची मोहरा क्यों बने’
नाबालिग पहलवान के दादा ने भी कहा कि हमारी बच्ची मोहरा क्यों बने? शुरू में ये तीन लड़कियों का नाम ले रहे थे। हमारी बेटी के अलावा दो और कौन हैं, उन्हें सामने क्यों नहीं लाया गया।
साक्षी मलिक और बबीता फोगाट हो चुकीं आमने-सामने
बृजभूषण के खिलाफ धरने को लेकर बबीता फोगाट और साक्षी मलिक आमने-सामने हो चुकी हैं। साक्षी मलिक ने पति सत्यव्रत कादियान के साथ वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें बबीता फोगाट और BJP नेता तीरथ राणा ने धरने के लिए मोटिवेट किया। उन्हें धरने की परमिशन भी दिलाई।
इसके जवाब में बबीता फोगाट ने कहा कि साक्षी झूठ बोल रही हैं। परमिशन लेटर पर मेरी सहमति या साइन दिखाए। साक्षी मलिक कांग्रेस की कठपुतली बन चुकी हैं। साक्षी को खुलकर अपनी वास्तविक मंशा जाहिर करना चाहिए।
साक्षी मलिक ने फिर बबीता पर पलटवार किया कि वे अपने स्वार्थ के लिए पहलवानों का इस्तेमाल करना चाह रहे थे और कैसे जब पहलवानों पर विपदा पड़ी तो वे जाकर सरकार की गोद में बैठ गए।
- राहुल ने जॉब्स पर उठाए सवाल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सामने रख दिए आंकड़े
- राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर नौकरियों को लेकर हमलावर हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था कि हर साल 2 करोड़ रोज़गार का झूठा वादा करने वालों ने नौकरियां बढ़ाने की जगह 2 लाख से ज़्यादा खत्म कर दीं। राहुल के नौकरी वाले मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने आज फिर जवाब दिया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने मनमोहन सरकार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2004 से 2013 के बीच यूपीए सरकार ने 6 लाख से कुछ अधिक सरकारी नौकरियां दी थीं जबकि मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में यह संख्या बढ़कर 8.82 लाख से अधिक हो गई।
- हम योगा को बहुत फॉलो करते हैं, जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं तब से योगा को यहां जाना गया है: अनु भाटिया, अमेरिका के न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर पर डेलावेयर से भारतीय डायस्पोरा का एक सदस्य

