अग्नि आलोक

भंवर सिंह पलाड़ा, कंवल प्रकाश और हेमंत भाटी के बाद भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत भी मीडिया में कूदे।

Share

गुजरात के जीटीपीएल केबल नेटवर्क से अनुबंध। दाता न्यूज के नाम से चैनल भी चलेगा।

एस पी मित्तल, अजमेर

अजमेर जिले में भी राजनेताओं का आकर्षण मीडिया की ओर लगातार बढ़ रहा है। जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा के पति भंवर सिंह पलाड़ा, भाजपा नेता कंवल प्रकाश किशनानी और कांग्रेस नेता हेमंत भाटी पहले से ही मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। लेकिन अब नगर परिषद के पूर्व सभापति और भाजपा के दिग्गज नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत (लाला बना) भी इस क्षेत्र में कूद पड़े हैं। शेखावत के न्यूज चैनल दाता न्यूज का शुभारंभ 15 जनवरी को हो रहा है। इस अवसर पर प्रातः: साढ़े ग्यारह बजे एक भव्य समारोह भी रखा गया है। मोबाइल नंबर 9829071670 पर सुरेंद्र सिंह शेखावत को बधाई दी जा सकती है। शेखावत ने गुजरात के जीटीपीएल केबल नेटवर्क से अनुबंध किया है। यानी अजमेर जिले के जिन घरों में जीटीपीएल का केबल कनेक्शन है उन घरों में शेखावत का न्यूज़ चैनल देखा जा सकता है। शेखावत का कहना है कि अन्य केबल नेटवर्क से जुड़े ऑपरेटर भी संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में केबल का 80 प्रतिशत बाजार उनके कब्जे में होगा। यानी केबल पर न्यूज के क्षेत्र में दाता न्यूज का एक छत्र राज होने वाला है। शेखावत ने कहा कि भले ही भाजपा से जुड़े हों, लेकिन उनका न्यूज़ चैनल निष्पक्ष होगा। उनके चैनल का मकसद जिले भर के लोगों को स्थानीय खबरें दु्रतगति से उपलब्ध करवाना है। न्यूज चैनल की खबरें सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर भी उपलब्ध होंगी। न्यूज चैनल का स्टूडियो पटेल मैदान से सटे हसबैंड मेमोरियल स्कूल में संचालित आर्यभट्ट इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन में स्थापित किया गया है। स्टूडियो में कॉलेज के छात्र भी मल्टीमीडिया का प्रशिक्षण ले सकेंगे। मालूम हो कि अजमेर में कांग्रेस और भाजपा के नेता पहले से ही मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा के पति और प्रमुख समाज सेवी भंवर सिंह पलाड़ा पिछले कई वर्षों से केबल नेटवर्क पर सरेराह न्यूज़ चला रहे हैं। हालांकि पलाड़ा का केबल के क्षेत्र में कोई दखल नहीं है, लेकिन पलाड़ा का न्यूज़ चैनल सिटी केबल, रेडिएंट और आरआर केबल नेटवर्क पर प्रसारित होता है। पलाड़ा के संपादन में ही सरेराह दैनिक समाचार पत्र भी प्रकाशित हो रहा है। भाजपा नेता कंवल प्रकाश किशनानी ने भी लंबे समय तक केबल नेटवर्क पर स्वामी न्यूज का प्रसारण किया। लेकिन अब किशनानी का चैनल सोशल मीडिया पर लोकप्रिय है। गत विधानसभा चुनाव में अजमेर दक्षिण क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे और बीड़ी उद्योगपति हेमंत भाटी भी मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। भाटी का खबर अजमेर नाम का न्यूज़ चैनल सोशल मीडिया पर चल रहा है। भाटी ने भी अपने चैनल का आधुनिक स्टूडियो बनाया है। शेखावत के मीडिया लाइन में आने से अब अन्य राजनेताओं का भी आकर्षण मीडिया की ओर बढ़ेगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि टाटा स्काई, एयरटेल, जियो, डिसटीवी जैसे नेटवर्क सैटेलाइट से जुड़े हुए हैं। अधिकांश घरों में छतरी वाले सैटेलाइट कनेक्शन ही लगे हुए हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि अजमेर में अभी भी 40 हजार से भी ज्यादा घरों में केबल कनेक्शन है। ये केबल कनेक्शन ही जीटीपीएल,रेडिएंट, आरआर , सिटी केबल आदि से जुड़े हुए हैं।

Exit mobile version