अग्नि आलोक

*दूषित पानी मामले के बादअफसरों ने प्रभावित इलाके का दौरा कर लिया जायजा*

Share

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और अनुपम राजन ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित इलाके और पाइपलाइन लीकेज स्थल का निरीक्षण कर हालात की समीक्षा की.

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने तुरंत कदम उठाते हुए हाई-लेवल समीक्षा की. अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन मौके पर पहुंचे और प्रभावित इलाके का जायजा लिया. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना के तुरंत बाद सख्त निर्देश जारी किए. इसके बाद उच्च प्रशासनिक अमला सीधे मैदान में उतारा गया. इंदौर पहुंचे दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले उस स्थान का दौरा किया जहां पाइपलाइन में लीकेज पाया गया था.

स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर और निगमायुक्त के साथ स्वास्थ्य केंद्र और संजीवनी क्लिनिक का दौरा किया गया. अनुपम राजन ने बताया कि प्रभावित इलाकों में 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात की गई है और मरीजों के केसों में लगातार गिरावट आ रही है. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में शुद्ध पेयजल अभियान की शुरुआत की जा रही है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऐसी घटना भविष्य में किसी भी क्षेत्र में न दोहराई जाए.

जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
भागीरथपुरा का दौरा करने के बाद नीरज मंडलोई और अनुपम राजन ने रेसीडेंसी कोठी में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, महापौर और बीजेपी के विधायक भी शामिल हुए. इसके अलावा कलेक्टर और निगमायुक्त भी बैठक में मौजूद रहे. बैठक में मुख्य रूप से भागीरथपुरा क्षेत्र के हालात सुधारने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई.

Exit mobile version