Site icon अग्नि आलोक

अलीगढ़ ब्रैकिंग….शेयर बाजार:आरबीआई की अहम घोषणाओं के बाद 60 हजार के पार पहुंचा सेंसेक्स, निफ्टी में भी उछाल

Share

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में लिए गए फैसलों की घोषणा के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर कारोबार कर रहा है। सुबह 11 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 471.32 अंक की बढ़त के साथ 60145.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 132.55 अंकों की तेजी के साथ 17922.90 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
 *आप के यूपी प्रभारी संजय सि‍ंह ने बोले, मारो और मुआवजा दो की नीति पर चल रही उतर प्रदेश की सरकार

*आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सि‍ंह ने फिर लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारो व मुआवजा दो की नीति पर सरकार चल रही है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को अभी तक बर्खास्त नहीं किया गया और उनके बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी नहीं हुई। खुद सुप्रीम कोर्ट ने मंत्री के बेटे को गिरफ्तार न किए जाने पर जवाब-तलब किया है।आप के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में संजय सि‍ंह ने कहा कि इतनी दुखद घटना पर शोक जताने के लिए प्रधानमंत्री के पास समय नहीं है, लेकिन वह अमृत महोत्सव मनाने लखनऊ पहुंच जाते हैं। मुझे और मेरे साथियों को 56 घंटे हिरासत में रखा गया। विपक्ष को घटना स्थल पर जाने से इसलिए रोका गया ताकि सच्चाई सामने न आए। भारी विरोध के बाद वहां जाने दिया गया।
 *अयोध्या में फिल्मी सितारों की रामलीला, टूटे सारे रिकॉर्ड, 18 करोड़ से ज्यादा ने देखा मंचन

*लक्ष्मण किला के प्रांगण में दूसरे साल फिर शुरू फिल्मी सितारों से सुसज्जित रामलीला मंचन के दूसरे दिन भगवान राम के जन्म, महर्षि विश्वामित्र का आगमन एवं ताड़का-सुबाहु वध लीला का मंचन किया गया।उधर रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक बाबी ने बताया कि पहले दिन ही 16 करोड़ दर्शकों का पिछला रिकॉर्ड टूट गया। उन्होंने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के सजीव प्रसारण को 18 करोड़ दर्शक उपलब्ध हो गये। उन्होंने दूरदर्शन का धन्यवाद करते हुए कहा कि अयोध्या की रामलीला  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं प्रदेश के पर्यटन- संस्कृति व धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के सहयोग व मार्गदर्शन से चल रही है। यह रामलीला मेरी मां फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित है।उन्होंने कहा कि अयोध्या की रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला बन गयी है जिसे भगवान श्री राम के भक्तों ने बनाया है। कोरोना काल में वह अपने घरों में बैठकर अयोध्या की रामलीला को दूरदर्शन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों में देख रहे हैं। बताया गया कि अयोध्या की रामलीला प्रतिदिन सायं सात बजे से रात्रि दस बजे तक दूरदर्शन एवं डीडी भारती पर लाइव प्रसारित हो रही है। इसका पुन: प्रसारण पूर्वाह्न नौ बजे से मध्याह्न 12:00 डीडी भारती पर और अपराह्न तीन बजे से सायं छह बजे तक डीडी नेशनल पर भी हो रहा है।अयोध्या की रामलीला के मंच पर फिल्म अभिनेता  शहबाज खान ने रावण की भूमिका और राजेश पुरी ने देवर्षि नारद की प्रभावशाली भूमिका का निर्वाह कर  अपने अभिनय की छाप छोड़ी।  मेरी मां फाउंडेशन द्वारा आयोजित रामलीला में सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी अंगद, सांसद रविकिशन परशुराम, सुपरस्टार बिंदू दारा सिंह हनुमान जी एवं विश्व प्रसिद्ध गायिका व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मालिनी अवस्थी माता शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री भाग्यश्री माता सीता, रजा मुराद कुंभकरण, शक्ति कपूर अहिरावण, कैप्टन राज माथुर भरत व राहुल बुच्चर प्रभु श्री राम की भूमिका में नजर आएंगे। टीवी स्टार राकेश बेदी बाली व अवतार  गिल  विभीषण के  किरदार में नजर आएंगे।
 *अलीगढ़ः श्री राम ने किया ताड़का वध और अहिल्या उद्धार लीला का हुआ मंचन*रामलीला मैदान में श्री रामलीला गोशाला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में मथुरा के कलाकारों ने कल देर रात ताड़का वध और अहिल्या उद्धार लीला का मंचन किया।लीला का शुभारंभ विश्वामित्र राजा दशरथ से राम-लक्ष्मण को लेकर वन में पहुंचने से हुआ। यहां ताड़का जब ऋषि मुनियों पर अत्याचार करने आती है तो विश्वामित्र के समझाने पर प्रभु श्री राम ताड़का का वध कर देते हैं। इसके बाद जब आगे बढ़ते हैं तो मार्ग में एक पत्थर की शिला दिखती है। श्री राम के पूछने पर विश्वामित्र बताते हैं कि यह अहिल्या की शिला है। जिसे उनके पति गौतम ऋषि ने श्राप देकर पत्थर का रूप दिया है। सारी जानकारी के बाद प्रभु श्री राम अपने चरणों की रज पत्थर पर डालते हैं। पत्थर रूप को त्यागकर अहिल्या अपने रूप में आ जाती है और प्रभु श्री राम की स्तुति करती है। शुक्रवार की लीला में धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का आयोजन होगा। इस मौके पर लीला संयोजक अरविंद कुमार, सर्वेश कुमार, अमित अग्रवाल, टीएन मित्तल, ऋषभ गर्ग, संयम पाराशर, अजीत मित्तल, ऋषि भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
 *कोरोना एलर्ट:भारत में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 21 हजार से ज्यादा नए मामले, 205 दिन बाद एक्टिव केसों में कमी

*भारत में आज कोरोना के 21,257 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं, 24,395 लोगों ने बीमारी को मात देकर अस्पतालों से घर लौट गए हैं , जबकि 279 लोगों की जान चली गई। कोरोना के एक्टिव केसों में भारी कमी आई है। 2,40,221 एक्टिव केस के साथ ही अबतक देश में मिले कुल कोरोना मरीजों की संख्या 3.38 करोड़ के पार पहुंच गई। कोरोना के सक्रिय मामले 205 दिनों बाद सबसे कम हैं। वहीं, 4 लाख 49 हजार लोगों की जान जा चुकी है। नवरात्र के पहले दिन यानी गुरुवार को बीते 24 घंटे की आई रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी थी। कोरोना के दैनिक मामलों में अचानक से उछाला देखने को मिला था।दैनिक मामलों में अचानक इजाफा होने से डॉक्टर और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई थी। पिछले 24 घंटे में 22 हजार से ज्यादा नए केस आए थे। ऐसे में तीसरी लहर की आशंका बढ़ने लगी थी। राहत की बात है कि नए केसों के मुकाबले रिकवर होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होने के चलते एक्टिव मामलों में भी कमी देखने को मिल रही है।
 *अलीगढ़ सासनीगेट के आगरा रोड स्थित श्री राधा रमण गोशाला में ईंट-पत्थर फेंककर तोड़फोड़, मारपीट*

अलीगढ़ सासनीगेट क्षेत्र के आगरा रोड स्थित श्री राधा रमण गोशाला में झुग्गी-झोपड़ी वालों को दीवार में बल्ली लगाने से रोकना गोशाला से जुड़े पदाधिकारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और पथराव कर गोशाला में तोड़फोड़ भी कर डाली। हालांकि पुलिस के पहुंचने पर आरोपित भागने में सफल रहे। सारा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हुआ है।राधारमण गो सेवा समिति के कोषाध्यक्ष अखिल मांगलिक ने बताया कि गोशाला के बाहर कुछ लोग झुग्गी- झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। जो गोशाला में शराब की बोतलों के साथ ही गंदे कपड़े, कूड़ा-करकट आदि फेंकते रहते हैं। कई बार इनको ऐसा करने से मना किया गया है। फिर भी वे अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसको लेकर समिति ने गौशाला की बैरिकेडिग करा दी है। यहां पक्का फर्श बनवाने के साथ ही टिनशेड का निर्माण कराया गया है। आरोप है कि गोशाला की दीवार पर झोपड़ी में रहने वालों ने बल्लियां लगा लीं। ऐसा करने से मना करने पर वे गाली- गलौज करने लगे। फिर अभद्रता करते हुए मारपीट करने के साथ ही उन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित वहां से भाग गए। सासनीगेट इंस्पेक्टर पंकज मिश्रा ने बताया कि गोशाला की दीवार में बल्ली लगाने को लेकर विवाद हुआ था। झुग्गी-झोंपड़ी वालों को वहां से हटा दिया गया है। गो सेवा समिति के अखिल मांगलिक की ओर से मामले में तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही मिलते है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उसके बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। किसी को भी अराजकता करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा, चाहे वो कोई भी क्यों हो।
 *हरदुआगंज क्षेत्र में दारोगा पर फैसले के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, भाजपा नेता से हुई नोक-झोंक*अलीगढ़ के हरदुआगंज में दो भाइयों के बीच हुए विवाद में आपसी सहमति से फैसला होने बाद भी दारोगा ने दो हजार की रिश्वत मांगते हुए जेल भेजने की धमकी दे डाली, जिसकी खबर पाकर थाने पहुंचे भाजपा नेता- दारोगा में तीखी नोक-झोंक हुई। मामले की शिकायत सांसद अलीगढ़ से की गई है।मोहल्ला जहांगीराबाद में दो भाइयों में कहासुनी होने पर पुलिस दो लोगों को थाने ले आई थी। वहीं सुबह रिश्तेदारों ने आकर फैसला करा दिया। वहीं दोनों पक्षों से एक-एक हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता सभासद आशीष गौड़ को सूचना दे दी। आशीष गौड़ तुरंत थाने पहुंचे तो देखा कि लिखित फैसलानामा देने के बाद भी दारोगा दोनों को जेल भेजने की तैयारी कर रहे थे। सभ्रांत लोगों द्वारा फैसला होने की कहने पर दारोगा द्वारा उन्हें दलाल कहने पर भाजपा नेता व दारोगा के बीच नोक-झोंक हुई। थाना प्रभारी राजेश कुमार के दखल के बाद फैसलानामा मंजूर किया गया। आशीष ने बताया कि दारोगा फैसले के नाम पर रिश्वत मांग रहे थे। बीते दिनों गांव मोरथल में रामलीला में हुई मारपीट के मामले में फैसले के नाम पर दारोगा द्वारा 15000 रुपये लेने की चर्चा है। जलाली चौकी पर तैनाती के दौरान दुकानों में तोड़फोड़ करने व दुकानदारों से मारपीट करने के आरोप के बाद बीते माह ही उन्हें हरदुआगंज बुलाया गया है। यहां भी खुलेआम रिश्वत मांगने व फरियादियों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें हैं।
 *ईएमआई पर कोई राहत नहीं, महंगाई की चिंता के बीच आरबीआई ने नहीं बदली ब्याज दरें*

छह अक्तूबर को शुरू हुई भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक आज समाप्त हो गई। कोरोना की दूसरी लहर के चलते अप्रैल और मई के दौरान देश के कई हिस्सों में लगाई गई सख्त पाबंदियों से भारतीय अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा था। लेकिन अब पाबंदियों में थोड़ी ढील दी गई है। ऐसे में यह बैठक बेहद अहम है। हर दो महीने में भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक होती है। इस बैठक में अर्थव्यवस्था में सुधार पर चर्चा की जाती है और साथ ही ब्याज दरों का फैसला लिया जाता है। रिजर्व बैंक ने आखिरी बार 22 मई 2020 को नीतिगत दरों में संशोधन किया था।खास बातें:आरबीआई ने लगातार आठवीं बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। यह चार फीसदी पर बरकरार है। यानी ग्राहकों को ईएमआई या लोन की ब्याज दरों पर नई राहत नहीं मिली है।आरबीआई गर्वनर शक्तिकांता दास ने कहा कि सभी सदस्य दरें बरकरार रखने के पक्ष में है। मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी रेट भी 4.25 फीसदी पर स्थिर है।दास ने आगे कहा कि रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर स्थिर रखा गया है।इसके साथ ही बैंक रेट में भी कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया गया है। यह 4.25 फीसदी पर है।केंद्रीय बैंक ने मौद्रिक रुख को ‘उदार’ बनाए रखा है।अर्थव्यवस्था में रिकवरी के साफ संकेत दिख रहे हैं। अगस्त, सितंबर में मांग में रिकवरी दिखी। खाद्य महंगाई दर में भी कमी आई है। शुरुआती दौर में निवेश में सुधार देखने को मिल रहा है। जुलाई-अगस्त के लिए महंगाई दर अनुमान से कम रह सकती है। आरबीआई महंगाई को नियंत्रण में करने की कोशिश कर रही है। भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2021-22 में देश की वास्तविक जीडीपी में 9.5 फीसदी की तेजी का अनुमान लगाया है।इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 7.9 फीसदी, तीसरी तिमाही में 6.8 फीसदी और चौथी तिमाही में 6.1 फीसदी।शक्तिकांत दास ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में देश की वास्तविक जीडीपी 17.1 फीसदी रह सकती है।मुद्रास्फीति पर दास ने कहा कि, वित्त वर्ष 2021-2022 में सीपीआई मुद्रास्फीति 5.3 फीसदी रह सकती है। पिछली बैठक में 5.7 फीसदी का अनुमान लगाया गया था।दूसरी तिमाही में महंगाई दर 5.1 फीसदी रह सकती है, तीसरी तिमाही में 4.5 और चौथी तिमाही में यह 5.8 फीसदी हो सकती है।वहीं केंद्रीय बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-2023 की पहली तिमाही में सीपीआई मुद्रास्फीति 5.2 फीसदी रह सकती है। कृषि उत्पादन से ग्रामीण मांग में तेजी आएगी।आगे शक्तिकांत दास ने कहा कि त्योहारों में शहरी मांग बढ़ने की उम्मीद है।IMPS ट्रांजैक्शन की लीमिट बढ़ी- केंद्रीय बैंक ने तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) के जरिए लेनदेन लिमिट राजाना दो लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी है।
 *क्वार्सी क्षेत्र के शिवालिक गंगा रेजीडेंसी में लाखों की चोरी में सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका पर संदेह*

अलीगढ़ क्वार्सी क्षेत्र के बाईपास स्थित शिवालिक गंगा रेजीडेंसी स्थित फ्लैट में एक सप्ताह पूर्व ताले तोड़कर हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी की वारदात में पुलिस सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका पर संदेह जता रही है। पुलिस को जांच में सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले हैं। संभावना है कि उन्हें जानबूझकर बंद किया गया था। हालांकि पुलिस जांच में सारी बातें सामने आ सकेंगी।शिवालिक गंगा रेजीडेंसी निवासी सप्लाई इंस्पेक्टर सतीश चंद्र सक्सेना का निधन हो चुका है। फ्लैट में पत्नी सुधा सक्सेना अपने दो बेटों के साथ रहती हैं। बड़ा बेटा एक निजी कंपनी में काम करते हैं, छोटे एक बैंक में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर सुधा सक्सेना अपने दोनों बेटों के साथ विष्णुपुरी इलाके में रहने वाले अपने भाई के घर घूमने गई थीं। चोर मौका देखकर फ्लैट के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। फिर पूरे घर को आराम से खंगाल डाला। चोर माल समेटकर आसानी से फरार हो गए। इसकी जानकारी पड़ोसियों को भी नहीं हो सकी। देर शाम करीब आठ बजे सुधा सक्सेना बेटों के साथ फ्लैट पर पहुंची तब उन्हें चोरी की जानकारी हो सकी। कमरों के अलावा सेफ के ताले टूटे हुए थे, सारा-सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। पीड़िता सुधा सक्सेना के अनुसार चोर घर से अलमारी में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, जेवरात व अन्य कीमती सामान जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये थी को चोरी कर ले गए।
 *आधा दर्जन से अधिक नर्सिंग होम की जांच*

अलीगढ़ महानगर के करीब आधा दर्जन से अधिक नर्सिंग होम एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की गई। कुछ जगह पर कमियां पाई गई। जिलाधिकारी सेल्वा कुमार जे. के निर्देश पर एसीएम द्वितीय अंजुम बी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को करीब छह अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। उनके साथ सीओ श्वेताभ पांडेय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।अंजुम बी ने अभिश्री हॉस्पिटल, शांति नर्सिंग होम, त्यागी, पुष्पांजलि, उमंग एवं कमाल हार्ट सेंटर का निरीक्षण किया। नर्सिंग होम में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों को देखा। यह भी देखा गया कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर मानक का पालन किया जा रहा है या नहीं। अधिकारियों ने केंद्रों के कागज आदि भी देखे। एसीएमओ ने बताया कि कुछ जगह पर कमियां पाई गई हैं। निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी के पास भेजी जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी) अधिनियम के तहत जन्म से पूर्व शिशु लिंग की जांच पर पाबंदी है। देश में कन्या भ्रूणहत्या और गिरते लिंगानुपात को रोकने के लिए यह कानून बनाया गया है।
 *अलीगढ़ में दारोगा कर रहे थे चेंकिग, लैपर्ड की बाइक को लेकर चोर हुए रफूचक्कर*

अलीगढ़ क्वार्सी चौराहे पर कल देर रात जाम खुलवाने में लगे लैपर्डकर्मियों की चोर लैपर्ड बाइक को ही चुराकर रफूचक्कर हो गए। पास में ही एक दारोगा वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। बाइक चोरी की खबर लगी तो दारोगा और अन्य पुलिसकर्मियों के होश फाख्ता हो गए। बाइक की तलाश में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन देर रात तक कहीं सुराग नहीं लग सका। चौराहे पर लोगों की चर्चाएं भी शुरू हो गई। कहने लगे, चोर अभी तक आमजन की बाइक चोरी कर रहे थे अब तो पुलिस वालों को भी नहीं बख्श रहे।लैपर्ड नंबर 68 गुरुवार रात को गश्त पर थी। इस पर हेड कांस्टेबल रामनरेश व एक होमगार्ड की ड्यूटी पर थे। रात करीब नौ बजे लैपर्डकर्मी क्वार्सी चौराहे पर पहुंचे। यहां दारोगा हरेंद्र कुमार चेकिंग कर रहे थे। चौराहे पर टेंपो के चलते जाम की स्थिति बन गई। हेड कांस्टेबल व होमगार्ड बाइक को साइड में खड़ी करके टेंपो को व्यवस्थित कर जाम खुलवाने में मदद करने चले गए। कुछ देर बाद जब लौटे तो बाइक गायब थी। पहले तो पुलिसकर्मियों ने खुद ही बाइक तलाश किया। जब नहीं मिली तो क्वार्सी थाने को सूचना दी। लैपर्ड बाइक के गायब होने की सूचना पर पूरे महकमे ही खलबली मच गई। वायरलेस करके जिलेभर में सूचना दी गई। देररात तक शहर के कई थानेदार बाइक की तलाश में लगे हुए थे। क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि बाइक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है। तेजी से बढ़ रहे बाइक चोरी के मामले सिर्फ शहर ही नहीं, जिलेभर के हर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बदमाश सार्वजनिक स्थानों, सरकारी दफ्तरों के साथ घर के बाहर से भी बाइक चोरी करने में नहीं कतरा रहे। वहीं थाने में बाइक चोरी की शिकायत पर पुलिस भी कोई गंभीरता नहीं दिखाती।

Exit mobile version