कोलकाता नगर निगम चुनाव में BJP ने TMC पर वोट लूटने का आरोप लगाया है। बंगाल विधासभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के चुनाव आयोग से निगम चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत की। BJP नेताओं के साथ चुनाव आयोग पहुंचे शुभेंदु ने कहा कि हमने आयोग से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। सुनवाई न होने पर वे भाजपा प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय के अंदर धरने पर बैठ गए।
शुभेंदु ने कहा कि हम CCTV फुटेज की फॉरेंसिक जांच चाहते हैं। चुनाव के दौरान आज कई भाजपा एजेंटों को पीटा गया। यह सुरक्षा में एक बड़ी चूक है। कोलकाता पुलिस की मिलीभगत से TMC ने वोटों की लूट की है।उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर BJP कोर्ट में भी जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि यह निराशाजनक है कि ममता बनर्जी भाजपा के वरिष्ठ नेता (शुभेंदु अधिकारी) के साथ मारपीट करने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही हैं। नगर निगम चुनाव में धांधली की खबरें और प्रशासन का यह दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।
.
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में ब्लास्ट के आरोपी DRDO वैज्ञानिक ने पुलिस कस्टडी में जान देने की कोशिश की, एम्स में भर्ती
DRDO साइंटिस्ट भरत भूषण कटारिया (फाइल फोटो)
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में ब्लास्ट के मामले में आरोपी DRDO वैज्ञानिक ने पुलिस कस्टडी में सुसाइड की कोशिश की। पड़ोसी वकील की हत्या की साजिश में अरेस्ट भरत भूषण कटारिया अभी पुलिस की कस्टडी में है। उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। देर रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में वॉशरूम में गिरा पाया। इसके बाद कटारिया को नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। वहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया। कटारिया ने 9 दिसंबर को रोहिणी कोर्ट में ब्लास्ट किया था। उसके घर से विस्फोटक बनाने का सामान भी मिला था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।
स्पेशल सेल के एक सीनियर अफसर ने बताया कि वह पूछताछ से बचने की कोशिश कर रहा है और पुलिस को गुमराह करता रहता है। शनिवार रात हमने देखा कि उसने वॉशरूम के अंदर कुछ लिक्विड पी लिया है। उसे अस्पताल ले जाया गया। उसने कहा कि वह आत्महत्या करना चाहता है। हालांकि जब पुलिसकर्मी अस्पताल में उसकी जांच करने गए, तो उसने कहा कि उसने कुछ भी नहीं खाया है। हमने डॉक्टरों से बात की। उन्होंने बताया कि आरोपी ने हैंडवॉश पी लिया है। सीनियर डॉक्टर सोमवार को उसकी जांच करेंगे।
पुलवामा में आतंकियों ने पुलिसकर्मी को गोली मारी; पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन शुरू किया
कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी। आतंकियों ने पुलवामा के बंदजू इलाके में पुलिस कर्मी मुश्ताक अहमद वागे को निशाना बनाया। उन्हें करीब 7:20 बजे उनके घर के पास गोली मारी गई। इलाज के लिए मुश्ताक को पुलवामा के डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया। मुश्ताक को पैर में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है।
ग्वाटेमाला में जमीन और पानी को लेकर हिंसा; बच्चों समेत 13 की मौत
मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में पानी और जमीन को लेकर हुई हिंसा में 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक नहुआला के चिक्विक्स गांव में हुई हिंसा में बच्चों की भी मौत हुई है। इसके अलावा एक पुलिस अधिकारी की भी मौत हुई है, वहीं 2 पुलिसकर्मी घायल हैं। नहुआला और सांता कटरीना इलाके के लोगों के बीच के बीच पानी और जमीन विवाद 100 साल से भी पुराना है।
CDS जनरल रावत के निधन के बाद पहली बार आर्मी कमांडर्स की दिल्ली में मीटिंग, चीन-पाकिस्तान सीमाओं पर चर्चा संभव
भारतीय सेना के सभी कमांडर्स 23 और 24 दिसंबर को दिल्ली में एक अहम मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इस मीटिंग में चीन और पाकिस्तान की सीमा पर मौजूदा हालात के बारे में विचार किया जाएगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत का 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पहली बार आर्मी कमांडर्स की यह मीटिंग होने जा रही है। न्यूज एजेंसी से बातचीत में एक सरकारी अधिकारी ने आर्मी कमांडर्स की 23 और 24 दिसंबर को होने वाली मीटिंग की पुष्टि की है। चीन के साथ लद्दाख में जारी तनाव के मद्देनजर यह मीटिंग अहम मानी जा रही है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम घोषित; यश धुल बने 17 सदस्यीय टीम के कप्तान
BCCI ने 14 जनवरी से शुरू होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान दिल्ली के 19 वर्षीय खिलाड़ी यश धुल को सौंपी गई है जबकि एसके रशीद को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 14 जनवरी से 5 फरवरी 2022 तक वेस्टइंडीज में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के 14वें संस्करण में कुल 16 टीमें हिस्सा लेगी और 48 मैच खेले जाएंगे।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बम ब्लास्ट; 2 की मौत, 5 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में बम ब्लास्ट हुआ। रविवार को हुए ब्लास्ट में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, एक पॉलिटिकल पार्टी के कार्यकर्ताओं को ले जा रही गाड़ी बाजौर जिले के कमर सर इलाके से गुजर रही थी। इस दौरान एक IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लेसिव डिवाइस) से ब्लास्ट किया गया।
पाकिस्तानी सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंच घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोलकाता निगम चुनाव; हिंसा फैलाने वाले 72 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
कोलकाता नगर निगम चुनाव के दौरान कानून- व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने 72 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सियालदह इलाके में देशी बम फेंकने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले में 3 वोटर घायल हो गए थे, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर शुभांकर सिन्हा सरकार ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे लोगों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, वार्ड संख्या 36 में टाकी स्कूल के सामने देसी बम फेंका गया था। इसमें 3 वोटर घायल हो गए थे।
33 दिनों के भीतर श्रीनगर में 3 पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए, सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी ढेर
IGP कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि श्रीनगर में 33 दिनों के भीतर 3 पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए हैं। वे सुरक्षा बलों पर हमले और नागरिकों की हत्याओं सहित कई आतंकी अपराधों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि पाकिस्तान घाटी में शांति बिगाड़ना चाहता है।
इससे पहले आज श्रीनगर के हरवान में तड़के सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी ढेर हो गया। मारे गए आतंकी की पहचान सैफुल्लाह अबु खालिद शावाज के तौर पर हुई है। वह पाकिस्तान के कराची का रहने वाला था। खालिद दहशतगर्दों की A कैटेगरी में शामिल था और 2016 से एक्टिव था।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों को हरवान इलाके में आतंकियों के होने की सूचना मिली थी जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ।
अखिलेश यादव का CM योगी पर आरोप; कहा- हमारे फोन टेप हो रहे हैं, CM खुद उसकी रिकॉर्डिंग सुनते हैं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इनकम टैक्स(IT) के छापे को लेकर BJP सरकार पर आरोप लगाया है। रविवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने कहा कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। BJP को डर लग रहा है कि कहीं यूपी में सपा की सरकार न बन जाए, इसलिए वे IT का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि हमारे फोन टेप हो रहे हैं। हमारे फोन सुने जा रहे हैं। CM खुद उसकी रिकॉर्डिंग सुनते हैं। जब-जब चुनाव होते हैं, भाजपा फोन रिकॉर्ड करती है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के फोन टेप किए जा रहे हैं।
कोलकाता निगम चुनाव में हिंसा; पोलिंग बूथ के बाहर देसी बम फटने से 1 घायल
कोलकाता में नगर निगम चुनाव के बीच हिंसा की खबर सामने आ रही है। चुनाव के दौरान वॉर्ड नंबर 36 में देसी बम फेंका गया। घटना टॉकी बॉयज स्कूल में पोलिंग बूथ के बाहर हुई। इसमें एक वोटर घायल हो गया। वोटर को पैर में चोट लगी है। कोलकाता में कुल 1,776 पोलिंग बूथ पर वोटिंग चल रही है। वोटों की गिनती 21 दिसंबर को होगी।
केरल के अलापुझा में SDPI और BJP नेता की हत्या
BJP नेता रंजीत श्रीनिवास और SDPI नेता के. एस. शान
केरल के अलापुझा जिले में 12 घंटे के भीतर दो नेताओं की हत्या का मामला सामने आया है। अलापुझा में आज तड़के एक BJP नेता की हत्या कर दी गई। इससे पहले शनिवार रात सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के नेता की हत्या हुई थी।
पुलिस ने कहा कि BJP OBC मोर्चा के स्टेट सेक्रेटरी वकील रंजीत श्रीनिवास के घर में घुसकर उस वक्त हमला किया गया, जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए तैयार हो रहे थे। रंजीत ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार के तौर पर इलेक्शन लड़ा था।
SDPI के स्टेट सेक्रेटरी के एस शान पर शनिवार रात कुछ लोगों ने हमला किया। शान बाइक से घर लौट रहे थे, इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
चीन में ब्रिज का एक हिस्सा ढहा; हादसे में 4 की मौत, 8 घायल
चीन के हुबेई प्रांत में एक एक्सप्रेस-वे पर बने रैंप ब्रिज का हिस्सा गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। शनिवार को हुए हादसे में 8 लोग घायल हो गए। यह हादसा एझोउ शहर में एक्सप्रेस-वे पर बने पुल का एक हिस्सा ढहने से हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज पर मौजूद 3 ट्रक नीचे गिर गए और ब्रिज के नीचे एक कार दब गई। लिहाजा एक्सप्रेसवे पर आवागमन रुक गया।हादसे के वक्त पुल पर कई मजदूर काम कर रहे थे। हादसे की वजह की जांच अभी जारी है।
अंडमान और निकोबार में भूकंप के झटके से कांपी धरती, रिक्टर पैमाने पर 4.9 रही तीव्रता
अंडमान और निकोबार के डिगलीपुर में रविवार को भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.9 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक आज सुबह 8:49 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
कश्मीर में CRPF कैंप में जवान ने गोली मारकर सुसाइड किया
जम्मू-कश्मीर में गांदरबल जिले के गुंड में कैंप के अंदर CRPF के एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान की पहचान देवनाथ यादव के तौर हुई है। वह यूपी के मिर्जापुर के रहने वाले थे। देवनाथ ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
चीन के किंघई में भूकंप के झटके से कांपी धरती
चीन में किंघई प्रांत के मांग्या शहर में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 रही। चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर (CENC) के अनुसार, आज सुबह 7:54 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
मेक्सिको में हॉलिडे पार्टी के दौरान फायरिंग; 4 की मौत और 2 घायल
मेक्सिको के उत्तरी इलाके में शनिवार को एक घर में घुसकर कुछ बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई और दो घायल हुए हैं। घर में लोग हॉलिडे-सीजन पार्टी के लिए जुटे थे। यह हमला किस मकसद से हुआ, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।
फिलीपींस में राई तूफान से भारी तबाही; 75 की मौत, 3 लाख लोगों ने घर छोड़ा
फिलीपींस में आए राई तूफान में कम से कम 75 लोगों की मौत दर्ज की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह तूफान इस साल देश में आने वाला सबसे खतरनाक तूफान है। 3 लाख से ज्यादा लोगों अपना घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तरफ निकले हैं। फिलीपींस के दक्षिणी और मध्य इलाकों में इस तूफान ने तबाही मचाई है।
तूफान के चलते कई इलाकों में कई घरों की छतें उड़ गई हैं और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। इसके चलते पॉवर कट हो गया है और दूसरे क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। फिलीपींस के बोहोल के गवर्नर आर्थर यैप ने अपने फेसबुक पेज पर जानकारी दी कि फिलहाल 10 लोग लापता हैं और 13 लोग जख्मी हैं। गुरुवार को देश में आए सुपर टाइफून राई में हवाएं 195 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं।
200 करोड़ का मनी लॉन्ड्रिंग केस: कॉनमैन सुकेश बोला- झूठी हैं जैकलीन
200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चार्जशीट दाखिल की है। मामले के मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने ED को बताया है कि इस केस के संबंध में एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज ने अब तक जो भी कहा है वह सब झूठ है। उसने कहा कि मैंने जैकलीन को कई महंगे तोहफे दिए थे। इस मामले में एक्ट्रेस जैकलीन अब तक ED से कहती रही हैं कि उन्हें सुकेश के कॉनमैन होने की हकीकत नहीं पता थी और उन्होंने नहीं बल्कि, उनकी बहन ने कॉनमैन सुकेश से कर्ज लिया था।
भागवत बोले- 40,000 सालों से भारत में सभी लोगों का DNA समान
RSS चीफ मोहन भागवत ने कहा है कि 40,000 सालों से भारत में सभी लोगों का DNA समान रहा है। उन्होंने कहा कि यह बात साबित हो चुकी है, मैं कोई हवा में बात नहीं कर रहा हूं। हमारे पूर्वजों के कारण देश फला-फूला और संस्कृति चलती आई। इसके लिए त्याग, बलिदान हुए हैं। यह करने वाले पूर्वज हमारे गौरव हैं। हमारा सम्मान उनके लिए है।

