Site icon अग्नि आलोक

MP-राजस्थान समेत 25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट,चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर 10KM लंबा जाम:एक महीने में 1900% बढ़े टमाटर के दाम

Share

मानसून की दस्तक कहीं राहत तो कहीं आफत बनी हुई है। वहीं टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। दाम पर लगे काले बादल छंटने में अभी 1 से 2 महीने का इंतजार करना पड़ सकता है। हम भाव बढ़ने की वजह और देश के सबसे बड़े टमाटर उत्पादक राज्य के बारे में भी बताएंगे…।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से 5 वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ये भोपाल से इंदौर, भोपाल से जबलपुर, मुंबई से गोवा, बेंगलुरु से हुबली-धारवाड़ और पटना से रांची के रूट पर चलेंगी। वे भोपाल से चलने वाली ट्रेन को फिजिकली और बाकी ट्रेन को वर्चुअली रवाना करेंगे।
  2. BJP सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दायर चार्जशीट पर दिल्ली की MP/MLA कोर्ट में सुनवाई होगी। दिल्ली पुलिस ने 1500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 25 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं।

महाराष्ट्र के दौरे पर तेलंगाना के सीएम केसीआर

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव 600 गाड़ियों के काफिले के साथ महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचे। उनके साथ राज्य के मंत्री, सांसद, पार्षद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बीआरएस के महाराष्ट्र प्रभारी शंकर धोंडगे ने कहा कि राव 29 जून को आषाढ़ी एकादशी से पहले मंगलवार को पंढरपुर में भगवान विट्ठल मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। महाराष्ट्र का उनका यह दौरा दो दिन का है। राव उस्मानाबाद में देवी तुलजा भवानी मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक लोकप्रिय नेता के बीआरएस में शामिल हो सकते हैं।

25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; केदारनाथ यात्रा रुकी;​​​​​​ ​हिमाचल के मंडी में लैंडस्लाइड

चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर 24 घंटे के भीतर दो बार लैंडस्लाइड हुआ। इस वजह से हाईवे करीब 20 घंटे बंद रहा।

मध्यप्रदेश राजस्थान समेत 25 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। भारी बारिश की वजह से उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे बह गया। इसके साथ ही प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा रोक दी है। खराब मौसम के चलते श्रीनगर से जम्मू के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट दो बार पाकिस्तान सीमा में जा पहुंची। बाद में इस फ्लाइट की अमृतसर में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। देशभर में हुई बारिश से 6 राज्यों में 22 लोगों की जान गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अब तक देश के 80 फीसदी हिस्से तक पहुंच चुका है।

, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बारिश की वजह से पिछले 20 घंटे में लैंडस्लाइड की दूसरी घटना हुई। इस वजह से चंडीगढ़-मनाली NH-21 सात मील और चार मील के पास 20 घंटे बंद रहा।

इससे रूट पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गईं। 20 घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे का सिंगल लेन शुरू कर दिया गया।

वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश से बद्रीनाथ हाईवे बह गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि खराब मौसम की वजह से केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है।

इन 25 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में आज और कल दो दिन भारी बारिश हो सकती है।

6 राज्यों में 22 लोगों की मौत
बीते दिन देशभर में हुई बारिश से 6 राज्यों में 22 लोगों की जान गई है। हिमाचल में बाढ़ की वजह से 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 घायल हुए हैं। वहीं, राजस्थान में बिजली गिरने के अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की जान गई।

मुंबई में दो इमारतों का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिजली के खंभे से करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के चलते तीन लोगों की मौत की खबर है। जबकि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई।

खराब मौसम के चलते इंडिगो का प्लेन दो बार पाकिस्तानी एयर स्पेस में पहुंचा
खराब मौसम के चलते श्रीनगर से जम्मू के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट दो बार पाकिस्तान सीमा में जा पहुंची। बाद में इस फ्लाइट की अमृतसर में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। फ्लाइट ने दो बार में लगभग 15 मिनट पाक एयरस्पेस में बिताए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

अलग-अलग राज्यों से मानसून की 10 तस्वीरें…

हिमाचल के मंडी जिले में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड होने से चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया।

असम के बरपेटा जिले में करीब 1.70 लाख लोग बाढ़ के चलते प्रभावित हैं। NDRF, SDRF और फायर डिपार्टमेंट उन्हें रेस्क्यू करने की कोशिश कर रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में मंडी के बागपुल इलाके में बाघी ब्रिज के पास बादल फटने से बाढ़ आ गई, जिसकी वजह से सड़क को बंद कर दिया गया।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को बारिश के बाद जलभराव हो गया।

रविवार को मुंबई के घाटकोपर इलाके में रहवासी बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया। इसमें दो लोगों के शव कल ही मिल गए थे, जबकि दो के शव आज बरामद हुए।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार रात भारी बारिश के चलते कई वाहन बह गए। इन्हें रविवार को JCB की मदद से निकाला गया।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश से हरनी नाले में बाढ़ आ गई। इसमें एक व्यक्ति फंस गया, जिसे बाद में रेस्क्यू किया गया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारी बारिश के चलते कई जगह पानी भर गया। आज भी यहां बारिश की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार सुबह लैंडस्लाइड हुआ। इसकी वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक रोकना पड़ा।

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम होने से बड़ी संख्या में ट्रक सड़क किनारे खड़े हैं।

रविवार को दिल्ली में हुई बारिश के बीच कर्तव्य पथ पर घूमते सैलानी।

मुंबई के दादर में भारी बारिश के बीच अपने ठेले को खींचकर ले जाता एक शख्स।

मध्यप्रदेश: उमरिया में 9 घंटे में 5 इंच पानी गिरा,भोपाल, इंदौर, जबलपुर में भी तेज बारिश; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रविवार शाम को हुई बारिश से भोपाल के जुमेराती बाजार में पानी भर गया।

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से लगातार बारिश हो रही है। उमरिया में सोमवार को 9 घंटे में 5 इंच से ज्यादा पानी बरस गया। जबकि मंडला में ढाई इंच बारिश हुई। भोपाल, जबलपुर, दमोह, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सिवनी, छतरपुर, सागर, खंडवा, धार, रायसेन, छिंदवाड़ा, सतना, बैतूल और भोपाल जिले में भी बारिश का दौर जारी है। 

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से लगातार बारिश हो रही है। उमरिया में सोमवार को 9 घंटे में 5 इंच से ज्यादा पानी बरस गया। जबकि मंडला में ढाई इंच बारिश हुई। भोपाल, जबलपुर, दमोह, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सिवनी, छतरपुर, सागर, खंडवा, धार, रायसेन, छिंदवाड़ा, सतना, बैतूल और भोपाल जिले में भी बारिश का दौर जारी है।

बैतूल जिले में पिछले 24 घंटे में 4 इंच से ज्यादा पानी गिरा। भोपाल, रतलाम, खंडवा, जबलपुर में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। दमोह में तेज आंधी-पानी के बीच रविवार रात शादी का टेंट गिर गया। जिसमें 7 से 8 लोग घायल हो गए। ​​​​​इनमें से एक गंभीर घायल को जबलपुर रेफर किया गया।

जबलपुर में नदी नालों में उफान

जबलपुर में सोमवार को लगातार बारिश का दौर जारी रहा। यहां शाम तक करीब ढाई इंच बारिश हो गई। जिससे शहर की सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं जिले में कई नदी नाले उफान पर आ गए। मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर में सोमवार शाम तक 65.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

जबलपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते कुंडम क्षेत्र में हिरण नदी में उफान आ गया है।

अगले कुछ घंटों में प्रदेश के इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। इनमें सागर, नरसिंहपुर, बैतूल, मंडला, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और जबलपुर बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। अशोकनगर, भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, बुरहानपुर, रतलाम, दमोह, छतरपुर, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिंगरौली, सीधी, उमरिया, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, आगर, राजगढ़, उज्जैन, नीमच, मंदसौर में भी बारिश होगी। धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, भिंड, नर्मदापुरम, खरगोन, हरदा, खंडवा, सतना, रीवा, टीकमगढ़, डिंडोरी, पन्ना, निवाड़ी भी भीगेंगे।

दमोह में शादी का टेंट गिरने से चपेट में आकर 7 से 8 लोग घायल हुए। 1 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जबलपुर रेफर किया गया है।

पिछले 24 घंटे में कहां – कितनी बारिश

बैतूल4.74 (बारिश इंच में)
भोपाल3.03
रतलाम2.40
खरगोन2.35
मंडला2.14
जबलपुर2.16
उमरिया1.91
छिंदवाड़ा1.57
रायसेन1.29
भोपाल सिटी1.12
मलाजखंड0.96
गुना0.67
पचमढ़ी0.59
सागर0.44
दमोह0.43
खजुराहो0.37
नरसिंहपुर0.19
नर्मदापुरम0.14
सिवनी0.08
टीकमगढ़0.007
ग्वालियर0.003

आगे क्या…

हिमाचल प्रदेश: लैंड स्लाइड से 301 सड़कें बंद, चंडीगढ़-मनाली NH 22 घंटे बाद खुला; 30 जून तक बारिश का अलर्ट

मंडी जिले के सात मील में लैंडस्लाइड के बाद चंडीगढ़-मनाली NH पर रात के वक्त ट्रैफिक जाम।

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एंट्री के साथ ही तबाही मचाना शुरू कर दी है। लैंडस्लाइड के कारण 2 नेशनल हाईवे सहित 301 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई। चंडीगढ़-मनाली NH-21 सात मील और चार मील के पास लगभग 22 घंटे बाद ट्रैफिक के लिए फिर खुल गया है।

राजस्थान: जयपुर, सीकर समेत 18 जिलों में बारिश, कोटा में 5 इंच से ज्यादा बरसात, बाइक-स्कूटी बही

राजस्थान में मानसून के आने के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। उदयपुर, कोटा, बीकानेर, जयपुर संभाग के 18 से ज्यादा जिलों में 1 से 5 इंच तक पानी बरसा। गंगानगर में शहर में जगह-जगह पानी भर गया। जयपुर में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में मानसून की बारिश के कारण जगह-जगह बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से पाली, चित्तौड़गढ़ में 1-1 और बारां में 2 की मौत हो गई। सड़कों और खेतों में पानी भर गया। 

उत्तर प्रदेश: लखनऊ, झांसी और सहारनपुर में हुई तेज बारिश, मेरठ में गंगा पुल की एप्रोच रोड बहा

मेरठ में रविवार को दो दिन की बारिश में हस्तिनापुर-बिजनौर को जोड़ने वाला गंगा पर बने पुल का एप्रोच रोड बह गया।

यूपी में के लखनऊ में सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई। झांसी और सहारनपुर में भी बारिश हुई है। मेरठ में हस्तिनापुर-बिजनौर को जोड़ने वाला गंगा पुल की एप्रोच रोड बारिश में बह गया। वहीं दो दिन की बारिश में गाजियाबाद पानी-पानी हो गया है।अयोध्या में भारी बारिश के चलते दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। 

पंजाब: समय से पहले पहुंचा मानसून, 5 दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश अमृतसर में 113.2 MM रिकॉर्ड की गई।

पंजाब में मानसून समय से चार दिन पहले ही पहुंच गया। 26 जून को जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार माझा, दुआबा व पूर्वी मालवा तक मानसून पहुंच गया है। मंगलवार तक यह पूरे पंजाब को कवर कर लेगा। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन येलो अलर्ट जारी किया है।

गुजरात: वलसाड के उमरगाम में सबसे ज्यादा 6 इंच बारिश, पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना

राजकोट में सड़क के बीच अचानक गड्ढा हो जाने से एक कार फंस गई।

करीब 10 दिनों की देरी के बाद आखिरकार रविवार को मानसून ने गुजरात में दस्तक दे दी। मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर आगामी पांच दिनों तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले दो दिनों से पूरे राज्य में बरसाती माहौल है। 

बिहार: पटना-मुंगेर समेत 5 जिलों में बारिश,17 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट; औरंगाबाद और रोहतास सबसे गर्म

राज्य में मानसून ने समय से 1 दिन पहले 12 जून दस्तक दी, लेकिन मानसून यहां आते की कमजोर पड़ गया।

बिहार में अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है। पटना, मुंगेर, गया, जमुई और समस्तीपुर में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने लखीसराय, नालंदा समेत 17 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इन सभी जिलों में बादल छाए हुए हैं। 

एक महीने में 20 गुना बढ़े टमाटर के दाम; मई में 5 रुपए किलो थी कीमत, अब 100 के पार
देश के ज्यादातर बाजारों में टमाटर की कीमत 100 रुपए प्रति किलो के पार हो गई है। एक महीने पहले यूपी, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में टमाटर 2-5 रुपए प्रति किलो बिक रहे थे। यानी एक महीने में कीमतों में 20 गुना बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में टमाटर 70 से 100 रुपए प्रति किलो में बिक रहा है। MP में 80 से 100 रुपए जबकि उत्तर प्रदेश में 80 से 100 रुपए और राजस्थान में 90 से 110 रुपए में बिक रहा है।

 कई राज्यों में बारिश और गर्मी के कारण टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर इस साल टमाटर की बुआई पिछले साल के मुकाबले कम है। चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश भारत है। देश के 7 राज्यों में देश का 75% टमाटर होता है। इनमें आंध्र प्रदेश अकेले 17% टमाटर पैदा करता है। इसके बाद कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, गुजरात और पश्चिम बंगाल का नंबर आता है।

देश के ज्यादातर बाजारों में टमाटर की कीमत 100 रुपए प्रति किलो के पार निकल गई है। होलसेल मार्केट में टमाटर 65-70 रुपए प्रति किलो में बिक रहे हैं। एक हफ्ते पहले होलसेल मार्केट में टमाटर 30-35 प्रति किलो में बिक रहे थे। रिटेल मार्केट में इसकी कीमत करीब 40-50 रुपए किलो थी। यानी दाम करीब-करीब दोगुने हो गए हैं।एक महीने पहले यानी मई में तो उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में टमाटर 2-5 रुपए प्रति किलो बिक रहा था। यानी एक महीने में ही टमाटर की कीमतों में 1900% की बढ़ोतरी हुई है।

दिल्ली में 70 रुपए से 100 रुपए तक बिक रहा टमाटर
दिल्ली में 70 से 100 रुपए प्रति किलो में टमाटर बिक रहा है। मध्य प्रदेश के मार्केट में टमाटर 80 से लेकर 100 रुपए जबकि उत्तर प्रदेश में 80 से 100 रुपए, राजस्थान में 90 से 110 रुपए और पंजाब में 60 से 80 रुपए में बिक रहे हैं।

टमाटर की कीमत बढ़ने के 4 कारण

पड़ोसी राज्यों से कम आपूर्ति, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ी
दिल्ली की आजादपुर थोक मंडी के टमाटर व्यापारी अशोक गणोर ने बताया कि हफ्तेभर में टमाटर की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। इसका कारण हरियाणा और उत्तर प्रदेश से टमाटर की कम आपूर्ति है। टमाटर की आपूर्ति को पूरा करने के लिए अन्य राज्यों से टमाटर मंगाए जा रहे हैं जिससे ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ी है।

महाराष्ट्र के नारायणगांव क्षेत्र के किसान अजय बेल्हेकर ने कहा कि मई में टमाटर की कीमत 2 रुपए प्रति किलो तक आ गई थी। किसानों ने सही कीमत नहीं मिलने की वजह से फसल में कीटनाशकों और उर्वरकों का इस्तेमाल नहीं किया। इससे फसल में बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया और उत्पादन में गिरावट आई। इससे दाम बढ़ गए हैं।

दिल्ली में टमाटर की आपूर्ति को पूरा करने के लिए अन्य राज्यों से टमाटर मंगाए जा रहे हैं जिससे ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ी है। – फाइल फोटो

बिपरजॉय साइक्लोन ने भी बढ़ाई मुश्किलें

2 महीने में टमाटर के दाम में आ सकती है गिरावट
टमाटर की नई फसल के साथ 1-2 महीने में दाम में गिरावट आने की उम्मीद है। तमिलनाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के अनुसार टमाटर के पौधे जब तीन महीने के हो जाते हैं तो इनसे हफ्ते में दो बार टमाटर तोड़ सकते हैं। ये पौधे 1-2 महीने की अवधि तक फसल देते हैं। हालांकि ये किस्म, मिट्टी और जलवायु परिस्थितियों पर निर्भर करती है।

चीन के बाद भारत सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश
नेशनल हॉर्टिकल्चरल रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के अनुसार, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक देश भारत है। ये करीब 7.89 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से लगभग 25.05 टन प्रति हेक्टेयर की औसत उपज के साथ करीब 2 करोड़ टन टमाटर का उत्पादन करता है। चीन 5.6 करोड़ टन उत्पादन के साथ टॉप पर है।

भारत में साल 2021-22 में 2 करोड़ टन से ज्यादा टमाटर का उत्पादन हुआ था। यहां मुख्य तौर पर दो तरह के टमाटर उगाए जाते हैं। हाइब्रिड और लोकल। मध्य प्रदेश देश में सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक राज्य है। इसके बाद सर्वाधिक टमाटर उगाने वाले राज्यों में आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा और गुजरात का नंबर है।

टमाटर के साथ ज्यादातर सब्जियां महंगी
टमाटर के अलावा बाकी ज्यादातर सब्जियां भी सामान्य से ऊंचे दाम पर बिक रही हैं। उदाहरण के लिए एक किलो बीन्स की कीमत ₹120-₹140 के बीच है। गाजर की कुछ किस्मों की कीमत ₹100 के करीब पहुंच गई है। एक किलो शिमला मिर्च की कीमत भी ₹80 के पार पहुंच गई है।


राजनाथ बोले- जरूरत पड़ी तो बॉर्डर पार जाकर मारेंगे; कश्मीर पर पाकिस्तान को नसीहत दी

राजनाथ सिंह जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह ऑडिटोरियम में सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में शामिल हुए थे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत सीमा के इस पार भी मार सकता है और जरूरत पड़ने पर उस पार भी। हमारे जवान सीमा पार भी आतंकियों का सफाया कर चुके हैं। उन्होंने पुरी और पुलवामा हमले के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक का हवाला दिया। राजनाथ ने कहा कि कश्मीर की रट लगाकर पाकिस्तान को कुछ हासिल नहीं होगा। वह अपना घर संभाले।

 PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बीते दिनों एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया था। जिसमें पाकिस्तान से उसकी जमीन का इस्तेमाल आतंकी हमले के लिए न किए जाने की अपील की गई थी। स्टेटमेंट पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आपत्ति जताई थी। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की इसी प्रतिक्रिया पर उसे खरी-खोटी सुनाई।

नाबालिग को अबॉर्शन की इजाजत नहीं; बॉम्बे HC ने कहा- चाहे तो बच्चे को अनाथालय में दे दो
बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद बेंच ने 15 साल की एक लड़की को अबॉर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया। नाबालिग का रेप हुआ था और वह 28 हफ्ते की प्रेग्नेंट है। हाईकोर्ट ने कहा कि प्रेग्नेंसी खत्म करने के लिए जबरन डिलीवरी करानी होगी। ऐसे में बच्चा जिंदा पैदा होगा। इसमें लड़की की जान को भी खतरा है। इसलिए नेचुरल डिलीवरी कराई जाए। फिर लड़की चाहे तो बच्चे को अपने पास रखे या अनाथालय में दे दे।

 मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) एक्ट 1971 के तहत विशेष परिस्थितियों में अबॉर्शन की इजाजत दी जाती है। 2021 में किए गए संशोधन के बाद अबॉर्शन की अनुमति का दायरा 20 हफ्ते की प्रेग्नेंसी से बढ़ाकर 24 हफ्ते कर दिया गया। मगर ये नियम महिला को अपनी मर्जी से अबॉर्शन की आजादी नहीं देते। इसके लिए दो गायनाकोलॉजिस्ट की राय जरूरी है।

पाकिस्तान फौज के कई अफसर बर्खास्त; हिंसा में इमरान समर्थकों की मदद का आरोप

9 मई को पूर्व PM इमरान खान को 60 अरब रुपए के अल कादिर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट स्कैम में अरेस्ट किया गया था। इसके बाद हुई हिंसा में हिंसा में 11 लोग मारे गए थे, 283 घायल हुए थे।

पाकिस्तानी फौज ने एक लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसर समेत 3 अफसरों को बर्खास्त कर दिया है। इनका कोर्ट मार्शल किया जाएगा। इनके अलावा 10 और अफसरों पर कार्रवाई हुई है। आरोप है कि ये 9 मई को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद फौजी ठिकानों पर हुए हमले रोकने में नाकाम रहे थे।

फौज का कहना है कि 9 मई पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला दिन था। दुश्मन 76 साल में पाकिस्तान का जो नुकसान नहीं कर पाए, वो घर में मौजूद लोगों ने कर दिया। अब इन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। माना जा रहा है कि जल्द ही इमरान को भी गिरफ्तार करके मिलिट्री कोर्ट में उनके खिलाफ केस चलाया जाएगा।

यौन उत्पीड़न मामला: बृजभूषण सिंह के खिलाफ चार्जशीट पर आज सुनवाई

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों ने उनके खिलाफ दाखिल की गई चार्जशीट की कॉपी मांगने के लिए सोमवार को अदालत का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने आरोपी सांसद के खिलाफ 15 जून को आईपीसी की धारा-354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल), धारा-354 ए (यौन उत्पीड़न), धारा 354-डी (पीछा करना) और धारा-506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था। अडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट (ACMM) हरजीत सिंह जसपाल ने शिकायतकर्ताओं के वकील को आरोपपत्र की सर्टिफाइड कॉपी लेने के लिए कॉपी एजेंसी में आवेदन करने का आदेश दिया। एसीएमएम मंगलवार को आरोपपत्र पर सुनवाई करने वाले हैं।

भारत ने पाकिस्तान में सिखों पर हुए हमलों को लेकर वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया

भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब करके पड़ोसी देश में सिख समुदाय के सदस्यों पर हमलों की हालिया घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि अप्रैल से जून के बीच ऐसी चार घटनाएं हुई हैं और भारत ने इन हमलों को गंभीरता से लिया है। एक सूत्र ने कहा, ‘भारत ने मांग की है कि पाकिस्तानी अधिकारी सिख समुदाय पर हुए इन हिंसक हमलों की ईमानदारी से जांच कराएं और रिपोर्ट साझा करें।’ सूत्र ने कहा, ‘यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान को अपने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, जो लगातार धार्मिक उत्पीड़न के डर में जी रहे हैं।’

Exit mobile version