भोपाल। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के मामले में चारों महानगर फिसड्डी साबित हो रहे हैं। इसमें भी भोपाल की स्थिति तो अत्यंत खराब है। हाल ही में जारी की गई नगरीय विकास एवं आवास विभाग की ताजा रैंकिंग में भोपाल को 16 नगर निगमों में 14वां स्थान मिला है। इस मामले में अब बुरहानपुर ने शानदार काम करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि इस मामले में सबसे खराब स्थिति इंदौर नगर निगम की रही है। उसे अंतिम स्थान मिला है। अगर अन्य दो महानगरों के नगर निगमों की स्थिति देखी जाए तो जबलुपर को आठवां और ग्वालियर को नौवां स्थान दिया गया है। इस मामले में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले नगर निगमों में पहले तीन स्थानों पर क्रमश : बुरहानपुर, रतलाम और छिंदवाड़ा का नाम है। बुरहानपुर नगर निगम इसके पहले दूसरे स्थान पर चल रहा था, जिसके बाद उसके द्वारा लगातार पहले स्थान पर आने के प्रयास किए जा रहे थे, आखिर इस बार प्रयास सफल रहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों कर हर माह समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं समीक्षा की जाती है। इस तरह की हर माह रैंकिग की व्यवस्था प्रदेश की जनता की शिकायतों के जल्द निपटारे के लिए की गई है। यही नहीं जल्द शिकायत निपटारे के लिए अब मासिक,साप्ताहिक व पाक्षिक समीक्षा के भी निर्देश दिए गए हैं।
अब शिकायत करना आसान किया
प्रदेश में अब सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कराना और आसान कर दिया गया है। इसके लिए अब वाॉट्सएप नंबर भी जारी कर दिया गया है। इसके माध्यम से कहीं से भी कोई भी व्यक्ति आसानी से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर सकता है। इसके साथ ही इससे शिकायत की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी तत्काल पता की जा सकती है। इसकी शिकायत के लिए वॉट्सएप नंबर 7552555582 जारी किया गया है। इस नंबर को सेवा करने के बाद वॉट्सएप ऑप्शन में सिर्फ हां, लिखने पर चार विकल्प आते हैं। इसमें शिकायत की स्थिति। नवीन शिकायत दर्ज कराना। योजनाओं की जानकारी और अन्य जानकारी शामिल होती है। बस अपना प्रश्न या अपनी समस्या मैसेज के रूप में लिखनी होगी। आगे की प्रोसेस अपने आप होती जाती है। बस उस प्रोसेस के अनुसार उसका जवाब देना होता है। किसी योजना की जानकारी के लिए इसमें एक लिंक आती है। इस पर सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी भी ली जा सकती है।
अभी तक फोन करना होता था
फिलहाल प्रदेश में अब तक शिकायत दर्ज कराने के लिए 181 सीएम हेल्पलाइन नंबर पर फोन करना पड़ता है। इस पर फोन करने पर कॉल सेंटर में बैठे व्यक्ति द्वारा फोन अटेंड करने पर शिकायत दर्ज करानी होती है। इसके बाद उस शिकायत को संबंधित विभाग को फॉरवर्ड कर दिया जाता है। जिसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी शिकायत का निवारण करता है।
