Site icon अग्नि आलोक

अमेरिका ने 75 देशों का वीजा रोका; ईरान के विदेश मंत्री ने भारत को लगाया फोन*

Share

अमेरिका ने 75 देशों के आवेदकों की वीजा प्रोसेसिंग रोक दी है. भारत-ईरान के विदेश मंत्रियों की बातचीत हुई. सरकार ने 10 मिनट डिलीवरी के दावों पर रोक लगाई है. वहीं बांग्लादेश में खिलाड़ियों ने क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ बगावत का ऐलान किया

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. सुप्रीम कोर्ट ED की याचिका पर सुनवाई करेगा. ED ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने उसकी जांच और छापेमारी में दखल दिया.
  2. माघ मेले का दूसरा बड़ा स्नान पर्व मकर संक्रांति आज मनाया जाएगा. लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाएंगे.
  3. BMC समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निकाय चुनाव के लिए वोटिंग होगी. BMC में कुल 227 वार्ड्स के लिए 1700 उम्मीदवार मैदान में हैं.

अब देश-दुनिया की 5 बड़ी खबरें

  1. अमेरिका ने 75 देशों के आवेदकों की वीजा प्रोसेसिंग रोकी, इनमें रूस, ईरान और ब्राजील

अमेरिका ने रूस, ईरान, ब्राजील, अफगानिस्तान समेत 75 देशों से आने वाले आवेदकों की वीजा प्रोसेसिंग पर रोक लगा दी है. यह कदम उन लोगों पर कड़ी निगरानी के लिए उठाया गया है, जिनके अमेरिका में पब्लिक चार्ज (सरकारी सहायता पर निर्भर) बनने की आशंका है. अधिकारियों को कानून के तहत वीजा देने से मना करने के निर्देश दिए गए हैं. यह रोक 21 जनवरी से लागू होगी और इमिग्रेशन प्रक्रिया की समीक्षा तक जारी रहेगी. 

  1. ईरान, अब भारत को लगाया फोन, विदेश मंत्री जयशंकर ने की अराघची से बात

ईरान में बढ़ते तनाव के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से फोन पर बात की. जयशंकर ने X पर बताया कि चर्चा ईरान और आसपास के हालात पर हुई. यह बातचीत तब हुई, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा है. ईरान में 28 दिसंबर से हिंसक प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें 2500 से ज्यादा मौतें हुई हैं. अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है. वहीं भारत ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है.

  1. NEET में -40 नंबर वाले भी बनेंगे डॉक्टर, NBEMS ने कट-ऑफ घटाकर जीरो परसेंटाइल किया

NBEMS ने NEET PG 2025 के लिए क्वालिफाइंग परसेंटाइल घटा दी है. जनरल कैटेगरी का कटऑफ अब 7 परसेंटाइल और OBC, SC, ST का 0 परसेंटाइल कर दिया गया है. कटऑफ कम होने से 40 अंक लाने वाले OBC, SC और ST उम्मीदवार भी तीसरे राउंड की काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे. NBEMS ने बताया कि खाली PG मेडिकल सीटें भरने के लिए यह फैसला लिया गया है. 

  1. 10 मिनट में डिलीवरी वाले दावे पर रोक, क्विक कॉमर्स इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव

13 जनवरी 2026 को सरकार ने क्विक कॉमर्स इंडस्ट्री पर बड़ा फैसला लेते हुए 10 मिनट डिलीवरी सर्विस पर रोक लगा दी. श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart से ऐसे दावे वाले विज्ञापन हटाने को कहा. यह फैसला गिग वर्कर्स की हड़ताल और राइडर्स की सुरक्षा को लेकर लिया गया. Blinkit ने तुरंत अपनी टैगलाइन बदल दी. बाकी प्लेटफॉर्मर्स ने भी 10 मिनट में डिलीवरी का दावा हटा दिया. इस फैसले का असर क्विक कॉमर्स के बिजनेस मॉडल पर लंबे समय तक दिख सकता है

  1. T20 वर्ल्ड कप विवाद में बांग्लादेश क्रिकेट में बगावत, अपने ही देश में खेलने से इनकार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत-बांग्लादेश विवाद तेज हो गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत नहीं जाने और वेन्यू बदलने की मांग कर रहा है. इसी बीच खिलाड़ियों ने बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. CWAB ने चेतावनी दी है कि अगर बीसीबी फाइनेंस चेयरमैन नजमुल हसन ने 15 जनवरी से पहले इस्तीफा नहीं दिया, तो खिलाड़ी खेल का बहिष्कार करेंगे. नजमुल के विवादित बयानों से तनाव और बढ़ गया है.

Exit mobile version