इंदौर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जुलाई को इंदौर आएंगे। जहां वे बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली जानापाव जाएंगे। मानपुर के पास पहाड़ी पर स्थित जानापाव ब्राह्मणों का तीर्थ स्थल है। जाहिर है कि बीजेपी की ब्राह्मण वोटर्स पर नजर है। पिछले चुनाव में सीएम के एक बयान के बाद पार्टी को ब्राह्मणों की नाराजगी झेलना पड़ी थी।
इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री जानापाव में दर्शन कर कनकेश्वरी मैदान पर सभा को संबोधित करेंगे। शाह बीजेपी दफ्तर में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे।
विजयवर्गीय बोले- मालवा-निमाड़ जिताना मेरी जिम्मेदारी
शाह का कार्यक्रम तय होते ही बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एक्टिव हो गए हैं। तैयारियों को लेकर उन्होंने बैठक ली। विजयवर्गीय कहा कि मालवा-निमाड़ जिताना मेरी जिम्मेदारी है। मैं यहीं से आता हूं। उन्होंने दावा किया कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा 150 सीटें ले आएंगी। दिन और बीतने दीजिए यह आंकड़ा 160 तक पहुंचेगा, यह मेरा सर्वे कहता है।
दैनिक भास्कर से चर्चा में विजयवर्गीय ने ये भी कहा कि पिछली बार हम ओवरकॉन्फिडेंस के कारण चुनाव हारे थे। इस बार ऐसी कोई गलती की संभावना है ही नहीं। हम जमीन पर काम कर रहे हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का इंदौर दौरा तय होने के बाद बीजेपी ने तैयारियों को लेकर बैठक की।
स्वागत-सत्कार लिमिटेड रहेगा
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने अमित शाह के स्वागत, सत्कार को लिमिटेड रखने का फैसला किया है। सामान्य और औपचारिक रूप से ही स्वागत होगा। इसके पीछे वजह बताई गई है कि शाह खुद ही नहीं चाहते कि स्वागत सत्कार में ज्यादा तामझाम रहे। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि आलाकमान ने इस कार्यक्रम के लिए 1 लाख से ज्यादा लोगों को एकत्रित करने का टारगेट तय किया है।
कमलनाथ-दिग्विजय को कहा- बेचारे, 75 साल के दो आदमी
कैलाश विजयवर्गीय ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को लेकर कहा – कौन कहता है कि उनकी सरकार आ रही है। बेचारे 75 साल के दो आदमी कांग्रेस का झंडा लिए घूम रहे हैं और उनके सामने भाजपा के युवाओं की पूरी फौज खड़ी है।
पिछले चुनाव में हावी था ब्राह्मण फैक्टर
पिछले चुनाव में आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का एक बयान बीजेपी के लिए परेशानी बन गया था। उनके बयान से ब्राह्मण समाज नाराज हो गया था। जिसके चलते भाजपा को चुनाव में भारी नुकसान हुआ था। अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जानापाव जाने के कार्यक्रम से साफ है कि बीजेपी ब्राह्मणों को साधना चाहती है।
दरअसल पिछले चुनाव से पहले भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर कहा था कि ‘कोई माई का लाल आरक्षण खत्म नहीं कर सकता।’ शिवराज ने कहा था कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिलाए गए आरक्षण की बदौलत ही वे मुख्यमंत्री और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन सके।
30 जुलाई को कमलनाथ भी इंदौर में
30 जुलाई को इंदौर की विधानसभा क्रमांक दो में कांग्रेस का कार्यक्रम भी होगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और NSUI के नवागत इंचार्ज कन्हैया कुमार शामिल होंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चढ्ढा ने बताया कि कमलनाथ तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे विधानसभा-2 में स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर आदिवासी महापंचायत के माध्यम से आदिवासी युवाओं से संवाद करेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि हमारा कार्यक्रम आठ दिन पहले से ही तय था। भाजपा ने अचानक अपना कार्यक्रम इंदौर में बनाया है। इससे पहले सागर में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम रखकर भाजपा ओछी राजनीति की कोशिश कर चुकी है। लेकिन हमारे कार्यक्रम पर अमित शाह के दौरे का कोई असर नहीं पड़ने वाला।

