Site icon अग्नि आलोक

खजराना के अहमद नगर में आनंद मोहन माथुर मोहल्ला क्लिनिक शुरू, क्षेत्र की ढाई लाख आबादी होगी लाभांवित

Share

आने वाले दिनों में सभी 85 वाडों में खुलेंगे मोहल्ला क्लिनिक – श्री माथुरइन्दौर। आज एक  एवं गरिमामय समारोह में वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजकुमार माथुर ने खजराना स्थित अहमद नगर में आनंद मोहन माथुर मोहल्ला क्लिनिक का शुभारंभ फीता काटकर किया। इस मौके पर बिशप चाको, वरिष्ठ समाजसेवी एवं  अधिवक्ता आनंद मोहन माथुर, पूर्व अधिकारी ए.एस.आई.एस. पाल, डॉ. पूनम माथुर, यूनानी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. सलीम अख्तर विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन अहमद नगर रहवासी संघ ने किया था।यह जानकारी ट्रस्ट के सचिव अभिनव धनोड़कर एवं शफी शेख ने दी।

उन्होंने बताया कि क्लिनिक के लिए करीब 1500 स्के. फीट का भवन हाजी अब्दुल गनी लाहोरी और जाहिद लाहोरी ने नि:शुल्क प्रदान किया। इस क्लिनिक में मात्र 10 रुपए शुल्क में मरीज का इलाज के साथ उसे जेनेरिक दवाई भी दी जाएगी। क्लिनिक रोजाना सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक खुलेगा और यहां पर डॉ. एस.के. खान अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा डॉ. राजकुमार माथुर, डॉ. राहुल माथुर, डॉ. पूनम माथुर, डॉ. प्रीति माथुर, डॉ. सलीम अख्तर आदि विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे।अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिवक्ता श्री आनंद मोहन माथुर ने कहा कि यह क्लिनिक सभी वर्ग के लिए है। खासकर के गरीब एवं निम्न वर्ग जो अपना इलाज निजी अस्पतालों में नहीं करा पाते हैं। यहां नाममात्र का शुल्क देकर अपना इलाज करा सकेंगे। यदि रहवासी संघ का भरपूर सहयोग मिला तो इसी क्लिनिक को एक बड़े अस्पताल में शीघ्र तब्दील कर दिया जाएगा। इस क्लिनिक से खजराना क्षेत्र की हीना कालोनी, सम्राट नगर, अहमद नगर आदि बस्तियों की ढाई लाख आबादी लाभांवित होगी।

डॉ. माथुर ने आगे कहा कि हमारी योजना सभी 85 वार्डों में इसी तरह के मोहल्ला क्लिनिक शुरू करने की है। इससे हिन्दु-मुस्लिम एकता और मजबूत होगी। इसी क्षेत्र में एक लायब्रेरी भी शुरू की गई है और अब क्लिनिक। मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी को ध्यान में रखकर यह सेवा कार्य किया जा रहा है।डॉ. राजकुमार माथुर ने मेडिकल इथिक्स पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि चिकित्सा पेशा बहुत नोबल है, इसलिए हर चिकित्सक को चाहिए कि वह मरीज का इलाज सेवा भाव के साथ कर उसे जल्दी स्वस्थ करें। हाजी अब्दुल गनी लाहोरी ने कहा कि खिदमत से खुदा मिलता है और इबादत से जन्नत मिलती है। इसी को ध्यान में रखकर मैंने अपना भवन इस मोहल्ला क्लिनिक को नि:शुल्क उपलब्ध कराया है। फादर चाको ने कहा कि इस क्षेत्र में एक अस्पताल की आवश्यकता थी, जिसकी पूर्ति आज मोहल्ला क्लिनिक से हो गई है। बीमा अस्पताल के पूर्व डायरेक्टर जे.एस. अहिरवाल ने कहा कि आज श्री माथुर जैसे दानदाताओं की आवश्यकता है, जो इस तरह के सेवा कार्य कर अधिक से अधिक गरीब जनता को लाभांवित कर सके। इस कड़ी में यह मोहल्ला क्लिनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री पाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता है। इस मौके पर सद्भावना प्रतिष्ठान की ओर से वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति राणा, प्रवीण जोशी, समाजसेवी संजय लोखंडे, ज्ञानेन्द्र पुरोहित, महेश गौहर, संतोष बाई गौहर गरिमा परिहार, सिराज भाई जाली वाले, माजिद भाई का शाल और मोमेन्टो से सम्मान किया गया।अतिथि स्वागत अकबर शेख, मुन्नाभाई, शफी शेख, अब्दुल कलीम, गुलाम भाई, के.आर. जाटव, साजिद भाई ने किया। कार्यक्रम का संचालन शफी शेख ने किया। अंत में आभार माना फादर डॉ. पायस ने।

Exit mobile version