Site icon अग्नि आलोक

ममता के दिल्ली कूच का ऐलान:दो दिन बाद दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में ममता की वर्चुअल रैली

Share

नई दिल्ली/कोलकाता

बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूरी जोर आजमाइश के बावजूद बड़े बहुमत से जीतने वाली ममता बनर्जी की नजर अब केंद्र की कुर्सी पर है। ममता बनर्जी ने सोमवार को 2024 लोकसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस का नारा जारी किया है- देश जादेर चाइछे यानी जिसे देश चाहता है।

पूरा कोलकाता ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की फोटो लगे पोस्टरों से पट गया है। जिनसे साफ जाहिर है कि ममता बनर्जी ने 2024 के चुनाव के लिए क्या लक्ष्य रखा है।

21 को वर्चुअल रैली करेंगी, यूपी और दिल्ली में स्ट्रीमिंग होगी
चुनावी कैंपेन की नई टैग लाइन तब जारी की गई है, जब 21 जुलाई को ममता पार्टी के शहीद दिवस का बड़ा प्रोग्राम करने जा रही हैं। 1993 में 21 जुलाई को पुलिस फायरिंग में 13 यूथ वर्कर्स की जान गई थी। 21 जुलाई को ममता बनर्जी एक वर्चुअल रैली करेंगी। इसकी स्ट्रीमिंग दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम, त्रिपुरा और दूसरी जगहों पर भी की जाएगी। पिछले साल इस दिन ममता ने अपने दफ्तर से पार्टी वर्कर्स को संबोधित किया था।

मोदी-शाह को रोकने वाली देश की अकेली लीडर ममता: तृणमूल
तृणमूल के राज्यसभा सदस्य ने टेलीग्राफ से कहा कि ममता नेशनल पॉलिटिक्स को लेकर अपनी योजना और नजरिया 48 घंटे के भीतर सबके सामने रखेंगी। 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ये साफ हो गया है कि देश में ममता ही अकेली नेता हैं, जो नरेंद्र मोदी और अमित शाह को रोक सकती हैं। तृणमूल के एक सूत्र ने कहा कि दीदी की राजनीतिक योजना के बहुत फायदे हैं। गुजरात जैसे राज्यों में विपक्ष की जगह खाली है और दीदी उसे हासिल करना चाहती हैं।

‘2024 में दिल्ली में ममता सरकार’
पार्टी के नेता मदन मित्रा ने बताया कि TMC 21 जुलाई को वर्चुअल कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश करने जा रही है। इसके लिए त्रिपुरा, असम, ओडिशा, बिहार, पंजाब, यूपी और दिल्ली में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि 2024 में दिल्ली में ममता सरकार होगी। 2024 के आम चुनाव का सबसे बड़ा फैक्टर उत्तर प्रदेश है। यहां 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा हारने जा रही है।

बंगाल विधानसभा जैसा नारा
ममता का ‘जिसे देश चाहता है’ नारा उस नारे से मिलता जुलता है, जो उन्होंने इसी साल हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में दिया था। बंगाल में ममता ने नारा दिया था- बांग्ला नीजेर मेये के चाए यानी बंगाल अपनी बेटी चाहता है। बेटी की इमेज बहुत सोच-समझकर पेश की गई थी ताकि बंगाली जनता को ममता पड़ोस की वो लड़की दिखाई दे, जिसने अकेले ही वाम किले को ढहा दिया था।

बंगाल जीतने के बाद दूसरे राज्यों पर नजर
तृणमूल का महासचिव बनाए जाने के तुरंत बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि अब पार्टी केवल बंगाल नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों में भी चुनाव लड़ेगी। इससे पहले भी तृणमूल केरल और गुजरात में चुनाव लड़ चुकी है, पर ज्यादा असर नहीं डाल पाई। नॉर्थ ईस्ट में मणिपुर, अरुणाचल और त्रिपुरा में पार्टी ने पकड़ बनाई पर उसे कायम नहीं रख सकी। तृणमूल के एक नेता ने कहा कि अब देश का मूड अलग है।

ममता का केंद्र का सपना नया नहीं

2022 के UP चुनाव लिटमस टेस्ट होंगे
विपक्ष के लिए 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लिटमस टेस्ट की तरह होंगे और ये तृणमूल के लिए भी बहुत बड़ा मौका साबित हो सकते हैं। बंगाल जीत के बाद तृणमूल ने उत्तर प्रदेश में मेंबरशिप कैंपेन शुरू किया है। तृणमूल की नजर ग्रामीण इलाकों के असंतुष्ट चल रहे बसपा के नेताओं पर है।

Exit mobile version