ग्वालियर
मुरैना में जहरीली शराब से 21 लोगों की मौत के बाद ग्वालियर में भी जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। बुधवार शाम प्रशासन ने पुरानी छावनी के जलालापुर में अवैध शराब की फैक्टरी को जमींदोज कर दिया। यह फैक्टरी सरकारी जमीन पर चल रही थी। इसके अलावा 20 बीघा सरकारी जमीन भी माफिया से छुड़ाई गई है। यहां काफी मात्रा में गेहूं, लूसन व आलू की फसल खड़ी थी। जमीन और मकान की कीमत करीब 11 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
जलालपुर में इसी मकान में चल रहा था अवैध शराब का खेल, जमींदोज किया।
प्रशासन लगातार शहर में एंटी माफिया मुहिम के तहत कार्रवाई कर रहा है। टीम ने एसडीएम प्रदीप तोमर के नेतृत्व में जलालपुर के पास 20 बीघा सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से लगाई गई गेहूं, लूसन, आलू व अन्य सब्जी की फसल को नगर निगम के मदाखलत दस्ते की मदद से नष्ट कराया है। जमीन पर कई साल से माफिया कब्जा कर फसल उगा रहे थे। कब्जा करने वाले में किसी रिंकू लोधी का नाम सामने आया है।
शराब की अवैध अड्डा भी गिराया
साथ ही, पुरानी छावनी थाना की सूचना पर प्रशासन की टीम ने जलालपुर में ही अवैध शराब के अड्डे पर भी कार्रवाई की है। मुरैना निवासी सूरज श्रीवास, उसके साथी हरिओम व कुलदीप श्रीवास ने यहां शराब का अवैध अड्डा बना रखा था। दोनों यहां से ग्वालियर और मुरैना में शराब तस्करी कर रहे थे। इन पर कई मामले दर्ज हैं। मदाखलत अमले ने जेसीबी चलाकर जिस मकान में शराब बनाई जाती थी उसे चंद मिनट में जमींदोज कर दिया।

