Site icon अग्नि आलोक

बीजेपी में शामिल होने जा रही अपर्णा यादव

Share

नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगी। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगी। पिछले कुछ दिनों से अपर्णा यादव के के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वह कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं। अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं।

अपर्णा यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं।

अपर्णा यादव का जन्म 1 जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता का नाम अरविंद सिंह बिष्ट है जो एक पत्रकार रहे हैं। अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी है। अपर्णा यादव ने ब्रिटेन के मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री ली है।

अपर्णा यादव प्रतीक यादव को स्कूल के दिनों से ही जानती थीं। अपर्णा यादव की स्कूली शिक्षा लखनऊ के लोरेटो कॉन्वेट से हुई है। अपर्णा और प्रतीक की सगाई 2010 में हुई और दोनों का विवाह दिसंबर 2011 में हुआ। दोनों का विवाह मुलायम सिंह के पैतृक गांव सैफई में हुआ। प्रतीक और अपर्णा यादव की एक बेटी है जिसका नाम प्रथमा है।

अपर्णा यादव की रुचि राजनीति, सामाजिक कार्यों के अलावा संगीत में भी है। अपर्णा यादव ने कई सालों तक शास्त्रीय संगीत की शिक्षा भी ली है। वह एक अपना संगठन भी चलाती हैं जो महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए काम करता है।

परिवार के अंदरूनी समीकरणों में अखिलेश यादव और डिंपल यादव के साथ अपर्णा और उनके पति प्रतीक यादव के रिश्ते बहुत अच्छे नहीं माने जाते हैं। कई मौके ऐसे आए जब इसका अंदाजा बखूबी लगाया जा सकता था।

Exit mobile version