Site icon अग्नि आलोक

 मध्य प्रदेश समेत 4 राज्यों में हाई कोर्ट के 17 जजों की नियुक्ति

Share

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 4 राज्यों में हाई कोर्ट के 17 जजों की नियुक्ति की है। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, मद्रास, उड़ीसा और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। मद्रास हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस मुनीश्वर नाथ भंडारी को भी चीफ जस्टिस बनाया गया है। इस संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय के तरफ से एक सूची जारी की गई है। इनमें सभी चीफ जस्टिस के मान और पदों का उल्लेख किया गया है।

पंजाब में इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का पर्दाफाश; कबड्‌डी खिलाड़ी और पंजाब पुलिस का रिटायर्ड DSP अरेस्ट

पंजाब में चुनाव से पहले इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पंजाब पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ब्रिटिश सिटीजन इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर जीता मोड़ और पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डीएसपी बिमलकांत को गिरफ्तार किया है। यह रेड कपूरथला में की गई। पकड़े गए आरोपियों में एक थानेदार भी शामिल है। एसटीएफ ने कुल 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिसमें ड्रग्स बिक्री से खरीदी प्रॉपर्टी को एडजस्ट करने वाले कुछ मशहूर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ मोहाली में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों से BMW और AUDI जैसी लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं। 

गुरुग्राम सेक्टर 109 में बड़ा हादसा; निर्माणाधीन इमारत का फ्लोर गिरने से 2 लोगों की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली से सटे हरियाणा के साइबर सिटी यानी गुरुग्राम में गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। द्वारका एक्सप्रेस-वे स्थित सेक्टर-109 में छह मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद तुरंत लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरु कर दिया है। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में लेंटर्न​​​​​ का एक हिस्सा गिरा है, इसके मलबे के नीचे काफी लोग दबे हुए हैं।

मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तारीखें बदलीं, पहले फेज की वोटिंग 28 फरवरी और दूसरे फेज की 5 मार्च को होगी

इलेक्शन कमीशन ने मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तारीखें बदल दी हैं। यहां पहले चरण का मतदान 27 फरवरी हो होना था, अब यह 28 फरवरी को होगा। दूसरे फेज की वोटिंग 3 मार्च की जगह 5 मार्च को कराई जाएगी।

JJP अध्यक्ष अजय चौटाला तिहाड़ जेल से रिहा, जेबीटी शिक्षक घोटाले में हुई थी 10 साल की सजा

हरियाणा में भाजपा की सहयोगी जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। उन्हें जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री व अपने पिता ओमप्रकाश चौटाला के साथ 2013 में सजा मिली थी। उनकी सजा जनवरी 2023 में पूरी होनी थी, लेकिन 60 साल से अधिक उम्र होने के कारण उन्हें सजा में छूट गई है।

गुरुवार को कागजी प्रकिया पूरी करने के बाद वे नेशनल कैपिटल में ही अपने फार्महाउस पर पहुंच गए। अजय के बेटे और हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला व परिवार के अन्य सदस्य उन्हें लेने के लिए दिल्ली ही पहुंचे हुए हैं। इससे पहले ओपी चौटाला को भी सजा से राहत मिली थी। 

रेलवे छात्रों को भड़काने के आरोपी खान सर बिहार के बाहर नहीं जा सकेंगे, पटना पुलिस ने दी हिदायत

रेलवे के RRB-NTPC के छात्रों के प्रदर्शन के दौरान ट्रेनों में आगजनी के मामले में भड़काने के आरोपी खान सर बिहार से बाहर नहीं जा सकेंगे। पटना पुलिस ने उन्हें ये निर्देश दिए हैं। खान सर बुधवार देर रात पटना के पत्रकार नगर थाने पहुंचे। आंदोलन भड़काने को लेकर खान सर पर प्राथमिकी हुई थी।

FIR दर्ज होने के बाद पहली बार वह थाने पहुंचे थे। जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ की। इसके बाद उन्हें नोटिस पर हस्ताक्षर करवाए। प्रशासन ने उन्हें सख्त हिदायत दी और कहा कि जब तक जांच की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। तब तक वह बिहार से बाहर नहीं जा सकते। यानी उन्हें दूसरे राज्यों में जाने पर फिलहाल पाबंदी लगा दी गई है।

लखीमपुर हिंसा के आरोपी और गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को जमानत मिली, 5 महीने से जेल में बंद था

लखीमपुर केस में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष को जमानत मिल गई है। UP हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने जमानत दी है। आशीष पर किसानों को जीप से कुचलने का आरोप है। आशीष को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। वह तब से ही जेल में है।

3 अक्टूबर को आशीष की जीप से कुचले गए थे किसान
लखीमपुर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर नेपाल की सीमा से सटे तिकुनिया गांव में 3 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे किसान भारी संख्या में प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अचानक से तीन गाड़ियां (थार जीप, फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो) किसानों को रौंदते चली गईं। घटना से आक्रोशित किसानों ने जमकर हंगामा किया। इस हिंसा में कुल 8 लोगों की मौत हो गई। इसमें 4 किसान, एक स्थानीय पत्रकार, दो भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं। यह घटना तिकुनिया में आयोजित दंगल कार्यक्रम में UP के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने से पहले हुई थी।

रेसलर द ग्रेट खली BJP में शामिल हुए

पूर्व WWE चैंपियन दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने भाजपा के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू की है। वह गुरुवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए। खली पंजाब पुलिस में रह चुके हैं। हालांकि, इसके बाद रेसलिंग के जरिए वह वर्ल्ड लेवल पर फेमस हुए। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले खली जालंधर में कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एकेडमी (CWE) चलाते हैं। जहां वह युवाओं को कुश्ती के दांव-पेंच सिखाते हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल ने उन्हें पार्टी में शामिल किया।

विदेशी यात्रियों के लिए 7 दिन क्वारैंटाइन जरूरी नहीं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत अब 7 दिन का अनिवार्य होम क्वारैंटाइन जरूरी नहीं रह गया है, लेकिन यात्रियों को 14 दिन तक सेल्फ मॉनिटरिंग करनी होगी। गाइडलाइन के सभी नियम 14 फरवरी से लागू हो जाएंगे। इसके अलावा उन्हें आरोग्य सेतु ऐप में रजिस्टर होना होगा। साथ ही 72 घंटे पहले की नेगेटिव RT-PCR रिपोर्ट देने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है, लेकिन यात्रियों को संबंधित देश से मिला फुल वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा।

जम्मू-कश्मीर में भूंकप के झटके

जम्मू कश्मीर में दोपहर 12.45 पर 3.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूंकप का केंद्र गुलमर्ग से 96 किमी उत्तर में और 20 किमी नीचे था। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कई जगह लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

MP हाईकोर्ट जज पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला जज बहाल

महिला जज के आरोपों की जांच के लिए 2015 में राज्यसभा ने तीन सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया था।

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के तत्कालीन न्यायाधीश के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला जज को बहाल करने का निर्देश दिया है। महिला जज ने इस आधार पर बहाली की मांग की थी कि उन्हें 2014 में इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया था। बहाली के निर्देश के साथ कोर्ट ने कहा कि महिला जज के इस्तीफे को स्वैच्छिक नहीं माना जा सकता। हालांकि, उन्हें 2014 से अब तक की सैलरी नहीं मिलेगी। इसके पहले 1 फरवरी जस्टिस एल नागेश्वर राव और बी.आर. गवई ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।

महिला जज की ओर से सीनियर एडवोकेट इंदिरा जयसिंह ने कहा था कि मध्य प्रदेश के जस्टिस गंगेले पर आरोप लगाने के चलते साल 2014 में उनकी क्लाइंट (महिला जज) को ग्वालियर से सीधी कर ट्रांसफर कर दिया गया था। बेटी की परीक्षा के चलते महिला जज ने नई पोस्टिंग एक्सेप्ट नहीं की और इस्तीफा दे दिया था।

आदित्य पंचोली पर मुंबई के प्रोड्यूसर ने दर्ज कराई FIR

अभिनेता आदित्य पंचोली एक बार फिर विवादों में हैं। मुंबई के जुहू पुलिस थाने में उनके खिलाफ मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज हुई है। आदित्य के खिलाफ बॉलीवुड के प्रोड्यूसर सैम फर्नांडीस ने यह कंप्लेंट दर्ज करवाई है। हालांकि, इसी मामले में सैम के खिलाफ आदित्य पंचोली ने भी क्रॉस कंप्लेंट दर्ज करवाई है। मुंबई पुलिस जल्द अभिनेता और निर्माता को बुलाकर पूछताछ कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर…

अमोल पालेकर की तबीयत खराब, पुणे हॉस्पिटल में एडमिट

अमोल गोलमाल, घरोंदा, रंग-बिरंगी, श्रीमान श्रीमती, रजनीगंधा, चितचोर, नरम गरम, भूमिका, छोटी सी बात, सावन जैसी फिल्मों के लिए मशहूर हैं।

अभिनेता और फिल्म निर्देशक अमोल पालेकर की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी पत्नी संध्या गोखले ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अमोल पालेकर की तबीयत को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। वो अब ठीक हो रहे हैं और पहले से उनका स्वास्थ्य काफी बेहतर है। पालेकर को उनकी पुरानी बीमारी के इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। 10 साल पहले भी उन्हें इसी बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भाजपा छोड़ TMC में वापस आना चाहते हैं शुभेंदु अधिकारी

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने दावा करते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी वापस ममता बनर्जी के साथ आना चाहते हैं। घोष ने कहा कि कांथी नगर पालिका चुनाव में उनके करीबियों को भाजपा ने टिकट नहीं दिया, जिसके बाद वे TMC में घर वापसी करना चाहते हैं। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे।

!
तमिलनाडु भाजपा ऑफिस में फेंका गया बम
तमिलनाडु में भाजपा कार्यालय के भीतर पेट्रोल बम फेंका गया है। बम फेंकने वाले अपराधी की पहचान नहीं हो पाई है। घटना रात करीब 1 बजे की है।

BJP कार्यालय पर बम फेंका गया है।

सहारनपुर और श्रीनगर में चुनावी रैली करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UP के सहारनपुर और उत्तराखंड के श्रीनगर में चुनावी रैली करेंगे। सहारनपुर में दूसरे चरण में मतदान होना है। प्रधानमंत्री की रैली का पूरे प्रदेश में वर्चुअल प्रसारण भी किया जाएगा। PM के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। वहीं उत्तराखंड की रैली में प्रधानमंत्री के साथ CM पुष्कर सिंह धामी भी सभा को संबोधित करेंगे।

संभल में योगी-ओवैसी की चुनावी जनसभा
उत्तर प्रदेश के संभल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा कैंडिडेट के लिए वोट मांगेंगे। वहीं AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी आज संभल में रैली करेंगे। ओवैसी इसके अलावा बरेली के सिथरी में एक जनसभा में भाग लेंगे।

त्रिपुरा में जिम-रेस्तरां खुलेगा, नाइट कर्फ्यू में भी ढील
त्रिपुरा सरकार ने कोरोना वायरस ग्राफ में कमी के बाद जिम, रेस्तरां और सिनेमा हॉल को खोलने का निर्देश दिया है। हालांकि, राज्य में नाइट कर्फ्यू को खत्म नहीं किया गया है। राज्य में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। वहीं जिम और रेस्तरां खोलने के लिए सरकार ने SOP भी जारी किया है।

Exit mobile version