एस पी मित्तल,अजमेर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चार दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। दौरे के तीसरे दिन 30 अक्टूबर को अहमदाबाद में गहलोत ने कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल को गुजरात में वोट मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है। गहलोत ने कहा कि पंजाब में केजरीवाल की पार्टी सरकार बनने के बाद सार्वजनिक संस्थानों और सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के फोटो हटा दिए गए हैं। महात्मा गांधी के स्थान पर सरदार भगत सिंह के फोटो लगाए गए है। गहलोत ने कहा कि उन्हें भगत सिंह के फोटो लगाने पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन राष्ट्रपिता गांधी का फोटो हटा कर केजरीवाल ने देश और खासकर गुजरात के लोगों का अपमान किया है। गुजरात महात्मा गांधी की कर्मस्थली भी रहा, इसलिए गुजरात के लोगों का महात्मा गांधी के साथ विशेष लगाव है। आज पूरी दुनिया में गुजरात की पहचान महात्मा गांधी के नाम की वजह से होती है। गहलोत ने कहा कि गुजरात के लोगों को मतदान करते समय इस बात का ध्यान रखना होगा कि यह सही आम आदमी पार्टी है जिसने पंजाब में महात्मा गांधी के फोटो हटवाए हैं। गहलोत ने कहा कि केजरीवाल गुजरात में कितनी भी राजनीतिक नौटंकी कर ले, लेकिन गुजरात के मतदाता वोट नहीं देंगे। परिणाम आने पर केजरीवाल को उनकी हैसियत का पता चल जाएगा। गहलोत ने कहा कि इस बार भाजपा भी चुनाव हार रही है, इसलिए चुनाव की घोषणा से पहले कॉमन सिविल कोर्ट लागू करने का शिगूफा छोड़ा गया है। गहलोत ने कहा कि गुजरात के लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनवाने का मन बा लिया है यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भी चिंता हो रही है। इन दोनों नेताओं के गुजरात में डेरा जमा रखा है।
भारत सोने की चिडिय़ां:
29 अक्टूबर को अजमेर जिले के केकड़ी उपखंड में लघु उद्योग समारोह में संस्था के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि लघु उद्यमी ही भारत को फिर से सोने की चिडिय़ा बना सकते हैं। लघु उद्यमियों में वो शक्ति है जिसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को विश्व बाजार में बेचा जा सकता है। सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए जिसमें लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन मिल सके। एक लघु उद्योग मजबूत होता है तो स्थानीय स्तर पर कई लोगों को रोजगार मिलता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लघु उद्यमियों के महत्व को समझते हैं। इसलिए आत्मनिर्भर भारत में लोक फॉर वोकल की बात पर जो दिया है। यदि ब्लॉक स्तर पर छोटे उद्योग लगेंगे तो भारत अपने आप फिर से सोने की चिडिय़ा बन जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपना माल बेच कर करोड़ों रुपए का मुनाफा अपने देश में ले जाते हैं। देश के नागरिकों को भी स्वदेशी उत्पाद खरीदने चाहिए। समारोह में राष्ट्रीय पदाधिकारी घनश्याम ओझा संस्था के प्रदेशाध्यक्ष शांतिलाल बालड, ताराचंद गोयल, योगेंद्र शर्मा, पवन गोयल आदि ने भी विचार रखे।
केकड़ी इकाई का गठन:
समारोह में लघु उद्योग भारती की केकड़ी इकाई का गठन भी किया गया। जिला अध्यक्ष अजीत अग्रवाल के सुझाव पर केकड़ी के उद्यमी और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनिल मित्तल को इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है। मित्तल ने भरोसा दिलाया कि केकड़ी उपखंड के सभी लघु उद्यमियों को एक मंच पर लाया जाएगा। लघु उद्योग भारत की केकड़ी की गतिविधियों की ओर अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9928021482 पर नवनियुक्त अध्यक्ष अनिल मित्तल से ली जा सकती है।

