Site icon अग्नि आलोक

*जयपुर की सड़कों पर काल बनकर दौड़ी ऑडी: 16 लोगों को सड़क पर रौंदा*

Share

जयपुर के पत्रकार कॉलोनी में तेज रफ्तार ऑडी डिवाइडर से टकराने के बाद 16 लोगों को रौंदती चली गई. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. पुलिस ने कार जब्त कर एक आरोपी को पकड़ लिया है. सीएम भजनलाल ने घायलों के समुचित इलाज के सख्त निर्देश दिए हैं. डिप्टी सीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है.

जयपुर की सड़कों पर शुक्रवार (9 जनवरी) रात मौत ने तेज रफ्तार ऑडी के रूप में तांडव मचाया. पत्रकार कॉलोनी के पास एक बेकाबू ऑडी कार ने 16 लोगों को बेरहमी से कुचल दिया. इस भयानक एक्सीडेंट में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू हो गई. इसके बाद कार करीब 30 मीटर तक सड़क किनारे लगे ठेलों को रौंदते हुए निकल गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ खून ही खून नजर आने लगा. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑडी कार को जब्त कर लिया है. घायलों को जयपुरिया और सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है.
जयपुर ऑडी हादसा आखिर कैसे हुआ?
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार यह भीषण हादसा ओवरस्पीडिंग की वजह से हुआ है. ऑडी कार का नंबर दमन और दीव का बताया जा रहा है. डिवाइडर से टकराने के बाद कार ने पूरी तरह अपना नियंत्रण खो दिया था. सड़क किनारे अपनी रोजी-रोटी चलाने वाले गरीब लोग इस कहर का शिकार बने. करीब एक दर्जन से अधिक ठेलों को कार ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है.

चश्मदीदों का कहना है कि कार की गति इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. कार में कुल चार लोग सवार थे जो हादसे के बाद भागने की फिराक में थे. पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया है. पकड़े गए आरोपी जयपुर के आसपास के इलाकों के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.

जयपुर रोड एक्सीडेंट पर क्या लेटेस्ट अपडेट है?

हादसे की सूचना मिलते ही मुहाना और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कुल 16 घायलों में से 8 का इलाज जयपुरिया हॉस्पिटल में चल रहा है. कुछ गंभीर घायलों को तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भेजा गया है. 4 घायलों को उनके परिजन बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं. अन्य 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है.

डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि सभी पीड़ितों को सरकारी मदद और बेहतरीन इलाज मिलेगा. मुख्यमंत्री ने पुलिस को इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं. फिलहाल पुलिस ऑडी कार के मालिक और फरार अन्य तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Exit mobile version