अग्नि आलोक

इलाहाबादिया और रैना पर भड़क उठे बाबा बागेश्वर, कहा- हम सबको जागना होगा

Share

‘इंडिया गॉट लैटेंट’ शो इस समय सुर्खियों में है. इस शो में दिए गए विवादित बयानों के कारण समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया पर मामला भी दर्ज हुआ है. अब इस शो में की गई अश्लील टिप्पणियों पर बाबा बागेश्वर ने बड़ा बयान दिया है. बाबा बागेश्वर ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति के साथ में जो भी खिलवाड़ कर रहे हैं, निश्चित रूप से ये निर्दयी हैं, देश द्रोही हैं. इन लोगों पर सरकार अपना शिकंजा कस रही है. हम लोगों से एक प्रार्थना और करेंगे कि ‘वेट एंड वॉच’…

बाबा बागेश्वर ने कहा कि मैं समझता हूं कि व्यक्ति की हकीकत जानने के बाद ही उस पर भरोसा करना चाहिए. जो भी वीडियो सामने आए रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना के, यह तो बहुत ही निंदनीय बयान थे. ऐसी बातें कही गई हैं, जो कह पाना बहुत ही कठिन है. सुन पाना तो बहुत दूर की बात है. ऐसे लोगों को ऐसा सबक सिखाना चाहिए. इनका ह्दय और मन से साफ कर देना चाहिए.

हम सबको जागना होगा, तभी काम हो पाएगा

बाबा बागेश्वर ने वेलेंटाइन डे पर लव जिहाद के मामले को लेकर कहा कि हम सब को जागना होगा, तभी काम हो पाएगा. सरकारों से ज्यादा हम जागेंगे तभी देश सुरक्षित रहेगा. दरअसल, रणवीर इलाहाबादिया ने समय रैना के यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ पर विवादित टिप्पणी करके बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. लोग अब समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को निशाने पर ले रहे हैं. उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

बता दें कि रणवीर इलाहाबादिया एक फेमस पॉडकास्टर हैं और आध्यात्म और धर्म पर भी कंटेंट बनाते हैं. ऐसे में उनके द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से लोगों में काफी नाराजगी है. हालांकि बीयर-बाइसेप्स के नाम से मशहूर रणवीर इलाहाबादिया ने अपने कमेंट को लेकर माफी मांगी है, लेकिन ये विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है.

महाराष्ट्र और गोवा में दर्ज की गई FIR

महाराष्ट्र साइबर विभाग ने मंगलवार को शो के खिलाफ एक FIR दर्ज की. गुवाहाटी पुलिस ने बीते सोमवार को रणवीर इलाहाबादिया और चार अन्य के खिलाफ टिप्पणियों को लेकर मामला दर्ज किया है. बुधवार को साइबर पुलिस ने आपत्तिजनक कमेंट वाले शो में शामिल रहीं अपूर्वा मखीजा से करीब दो घंटे पूछताछ की. इस दौरान अपूर्वा ने साइबर पुलिस के सामने शो से जुड़े कई राज़ खोले.

Exit mobile version