Site icon अग्नि आलोक

पालदा औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था बदहाल, उद्योगपतियों ने खोला मोर्चा

Share
उद्योगों ने बिजली की अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दे दी है।

इंदौर। पालदा औद्योगिक क्षेत्र में बीते महीनों से जारी बिजली की समस्या से परेशान उद्योगपतियों ने पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीते दो महीनों से क्षेत्र में हर दिन कई-कई बार बिजली गुल हो रही है। औद्योगिक क्षेत्र में कम से कम 400 उद्योग और गोडाउन संचालित हो रहे हैं। उद्योगपतियों के अनुसार बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण उनका समय और धन दोनों बर्बाद हो रहा है। उद्योगों ने बिजली की अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दे दी है।

पालदा क्षेत्र के उद्योग संचालकों के अनुसार क्षेत्र में प्लास्टिक उद्योग है। कुछ निर्माण कंपनियां है और कुछ फूड इंडस्ट्रीज भी हैं जिनमें तापमान नियंत्रण व अन्य प्रणालियां लगातार चलते रहना जरुरी है। दो महीने से बार-बार बिना पूर्व सूचना के बिजली गुल हो रही है। ऐसे में प्रोडक्शन लाइन बंद पड़ जाती है। प्लास्टिक उद्योग में प्रोडक्शन लाइन पर रखा माल बिजली बंद होने के कारण बर्बाद होता है। अन्य उद्योगों में उत्पादन का नुकसान होता है। बिजली कंपनी को कई बार शिकायतें की गई लेकिन कभी पुरानी लाइन तो कभी किसी जानवर के कारण फाल्ट होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। इस बीच उद्योगपतियों के विरोध की चेतावनी देने के बाद बिजली कंपनी के एमडी अमित तोमर ने शुक्रवार को कंपनी के अधिकारियों की एक टीम विरोध पर अड़े उद्योगपतियों से बात करने के लिए भेजी। इसमें एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर गजरा मेहता, क्षेत्रीय डीई शैलेंद्र भदौरिया के साथ एई हेमंत कोशिक व दो अन्य इंजीनियर शामिल थे। अधिकारियों ने समस्या दूर करने का आश्वासन उद्योगपतियों को दिया।

आइपीडीएस का खेल

पालदा क्षेत्र में सामने आ रही बिजली की समस्या से भी बिजली कंपनी द्वारा केंद्र की आइपीडीएस योजना में हुई गड़बड़ी की बू आ रही है। दरअसल कंपनी ने दो वर्षों में पूरे शहर में पुरानी बिजली लाइनें और खंबों से लेकर अन्य उपकरण बदलने का दावा किया था। इसके लिए करोड़ों के बिल पास भी कर दिए गए। आइपीडीएस योजना के काम जिन क्षेत्रों में किए गए उनमें पालदा क्षेत्र भी शामिल था। हालांकि अब जब बार-बार बिजली गुल हो रही है तो बिजली कंपनी फिर से पुरानी लाइनों का हवाला दे रही है।

आश्वासन मिला है

कंपनी के अधिकारियों की टीम औद्योगिक क्षेत्र में आई थी। अधिकारियों ने क्षेत्र के सघन सर्वे के बाद सप्ताहभर में समस्याओं के निदान की बात कही है।

हरीश नागर, अध्यक्ष पालदा औद्योगिक क्षेत्र

Exit mobile version