Site icon अग्नि आलोक

बजरंग पूनिया, विनेश-संगीता फोगाट, साक्षी मलिक हिरासत में: जंतर-मंतर पर पहलवानों के टेंट उखाड़े

Share

संसद की नई बिल्डिंग के सामने पुलिस और धरना दे रहे पहलवानों के बीच झड़प हो गई। पहलवान बैरिकेड्स लांघकर नई संसद की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका और बजरंग पूनिया, विनेश-संगीता फोगाट, साक्षी मलिक सहित अन्य को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने धरना स्थल जंतर-मंतर पर लगे टेंट, कुर्सियां और दूसरा सामान हटाकर शाम 4 बजे उसे पूरी तरह खाली कर दिया। विनेश और संगीता फोगाट को दिल्ली के कालकाजी थाने ले जाया गया।

दरअसल, 34 दिन से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवान रविवार को नई संसद के सामने महिला महापंचायत में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी थी। पहलवानों ने इसके बावजूद महापंचायत का आयोजन किया और संसद की तरफ जाने लगे। इस पर उनका पुलिस के साथ टकराव हो गया।

महिला पहलवानों को हिरासत में लेने के दौरान की तस्वीरें। वहीं धरना स्थल पर लगे टेंट और कुर्सियां पुलिस ने हटा दी हैं।

पूनिया बोले- हमें गोली मार दो
पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- क्या यह लोकतंत्र है, हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। हमें गोली मार दो। इस बीच पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने के बाद साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत मलिक और अन्य पहलवानों ने बस के अंदर नारेबाजी की।

विनेश बोली- नया देश मुबारक हो

विनेश और संगीता फोगाट को हिरासत में लिए जाने के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की पहलवानों के साथ अच्छी-खासी धक्कामुक्की हुई। जब पुलिस विनेश और संगीता फोगाट को बस में बैठाकर ले जा रही थी, तब विनेश ने कहा कि ‘नया देश मुबारक हो।’

उधर पहलवानों को गिरफ्तार किए जाने पर साक्षी मलिक ने कहा कि पहलवानों और बुजुर्गों माताओं को हिरासत में लेने के बाद अब पुलिस जंतर-मंतर पर उनका मोर्चा उखाड़ रही है। हमारा सामान उठाया जा रहा है। ये कैसी गुंडागर्दी है?

पहलावान विनेश फोगाट को हिरासत में लिए जाने की तस्वीर।

बड़े अपडेट्स…

अंबाला में BKU शहीद भगत सिंह के सदस्यों की पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद वहां माहौल तनावपूर्ण बन गया।

रोहतक में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला किसान बेहोश हो गई।

रोहतक में पुलिस ने महापंचायत में जा रही महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान महिलाएं सड़क पर लेट गईं।

हरियाणा-यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों के किसान आने वाले थे महिला महापंचायत में
दिल्ली में नए संसद भवन के बाहर ये महापंचायत भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर होनी थी। बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक की अगुआई में जंतर-मंतर पर 23 अप्रैल से धरना चल रहा है। महिला महापंचायत में हरियाणा के अलावा यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली की खापों के लोग और किसानों शामिल होने वाले थे।

महिला महापंचायत पर पुलिस एक्शन की तस्वीरें…

महापंचायत में आने वालों को न रोकने की अपील करते पहलवान बजरंग पूनिया।

अंबाला के गुरुद्वारा मंजी साहिब में पंजाब की महिलाओं का जत्था रुका था। पुलिस ने शनिवार रात में ही गुरुद्वारे को चारों तरफ से घेरकर सील कर दिया।

अंबाला में पुलिस और किसान के बीच झड़प हो जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने नहीं दिया।

अब पढ़िए धरने में अब तक क्या हुआ…

Exit mobile version