अग्नि आलोक

*बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी आतंकवादी संगठन:अमेरिकी विदेश मंत्री ने जारी किया बयान*

Share

अमेरिका ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और उसके एलीट ग्रुप मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। यह ऐलान ऐसे समय में किया गया है जब पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर दूसरी बार अमेरिकी दौरे पर हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। यह घोषणा पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल जनरल असीम मुनीर के अमेरिका दौरे के दौरान की गई है। बीएलए ने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की नाक में दम किया हुआ है। उसने पाकिस्तानी सेना के अलावा अर्धसैनिक बलों और चीनी नागरिकों पर कई हमलों की जिम्मेदारी ली है। इसके अलावा बीएलए ने जाफर एक्सप्रेस नाम के एक ट्रेन को भी हाईजैक किया था।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, आज विदेश विभाग बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और उसके उपनाम मजीद ब्रिगेड को एक विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) के रूप में नामित कर रहा है। मजीद ब्रिगेड को बीएलए के पिछले विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (SDGT) के साथ एक सहयोगी के रूप में जोड़ रहा है। कई आतंकवादी हमलों के बाद 2019 में BLA को SDGT घोषित किया गया था।

बीएलए पर क्यों लगाया प्रतिबंध

उन्होंने कहा, 2019 के बाद से BLA और मजीद ब्रिगेड ने कई हमलों की जिम्मेदारी ली है। 2024 में BLA ने कराची हवाई अड्डे और ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स के पास आत्मघाती हमले करने का दावा किया था। 2025 में BLA ने मार्च में क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के अपहरण की जिम्मेदारी ली, जिसमें 31 नागरिक और सुरक्षाकर्मी मारे गए और 300 से ज्यादा ट्रेन यात्रियों को बंधक बना लिया गया।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का किया जिक्र

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, विदेश विभाग द्वारा आज की गई कार्रवाई आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए ट्रंप प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आतंकवादियों को नामित करना इस अभिशाप के विरुद्ध हमारी लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और आतंकवादी गतिविधियों के लिए समर्थन को कम करने का एक प्रभावी तरीका है। आज की कार्रवाई संशोधित आव्रजन एवं राष्ट्रीयता अधिनियम की धारा 219 और संशोधित कार्यकारी आदेश 13224 के अनुसार की गई है। संघीय रजिस्टर में प्रकाशन के बाद एफटीओ प्रभावी हो जाते हैं।

Exit mobile version