इंदौर
जिले में पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत के चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद अब जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष तथा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है। हालांकि जिला पंचायत, देपालपुर, सांवेर व महू जनपद में अपने प्रत्याशियों के अधिक संख्या में जीतने के कारण भाजपा का दबदबा कायम है। लेकिन इंदौर जनपद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दोनों ही पार्टियों में जबर्दस्त टक्कर है। इसके चलते भाजपा ने अपने 12 सदस्यों को पहले ही सोमनाथ भेज दिया था जबकि कांग्रेस ने भी अपने सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा है। आज भाजपा के बाड़ाबंदी वाले सदस्य इंदौर लौटेंगे और ग्रामीण प्रभारी सुरेश आर्य चारों जनपदों के प्रत्येक सदस्य से वन टू वन करेंगे। 27 जुलाई को चारों जनपदों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामूबाई या रीना में से कोई एक बनेंगी
जिला पंचायत अध्यक्ष का पद इस बार एससी महिला के आरक्षित है। इसमें 17 वार्डों में से 12 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। वार्ड में एससी महिला के दो वार्ड हैं। इनमें से वार्ड 10 पर श्यामूबाई परमार व वार्ड 12 में रीना मालवीय दोनों ही सांवेर से हैं तथा भाजपा समर्थित हैं। एक अन्य वार्ड 11 एससी मुक्त है जिस कांग्रेस समर्थित ममता चौरसिया है। इस तरह से अध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशी हैं लेकिन ममता का नाम इसलिए दावेदार नहीं है क्योंकि भाजपा के पास 12 का समर्थन है।
भाजपा की तैयारी चारों जनपदों पर काबिज होने की
दूसरी ओर देपालपुर जनपद के 25 में से पर भाजपा, 8 पर कांग्रेस व 1 पर निर्दलीय है। सांवेर जनपद में भाजपा के पास 19 सीटे हैं। महू जनपद में भी 15 सीटें हैं। सांवेर जनपद अध्यक्ष का पद इस बार एसटी महिला के लिए आरक्षित है। इस जनपद के 25 वार्डों में से एसटी महिला के लिए सिर्फ एक ही सीट (वार्ड 17) है। इस पर भाजपा समर्थित रामकन्या चौहान प्रत्याशी है। इस जनपद में एसटी महिला की सिर्फ एक सीट व एक प्रत्याशी होने से वह निर्विरोध चुनी जाएगी। इसके चलते दोनों ही पार्टियों को जोर अब इंदौर जनपद पर है। भाजपा का जोर इसलिए है कि अगर वह इंदौर जनपद पर काबिज हो जाती है फिर चारों ही जनपदों में उसके अध्यक्ष व उपाध्यक्ष रहेंगे। ऐसे ही जिला पंचायत अध्यक्ष भी भाजपा की श्यामूबाई परमार या रीना मालवीय में से एक का बनना तय है।
इंदौर जनपद कांग्रेस के पास जाने की संभावना
दूसरी ओर कांग्रेस के पास केवल इंदौर जनपद पर ही संभावना है क्योंकि उसे केवल एक सीट का समर्थन चाहिए जो निर्दलीय है। दोनों ही उसे अपने पक्ष में करना चाहते हैं। ऐसे ही दोनों पार्टियां एक-दूसरे के सदस्यों को अपने पक्ष में करना चाहते हैं। इसके चलते भाजपा ने अपने इंदौर जनपद के 12 प्रत्याशियों को सोमनाथ दर्शन करने भेज दिया जबकि कांग्रेस ने भी अपने सदस्य बाहर अलग-अलग स्थानों पर भेजे हैं जो आज लौटेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर ने बताया कि हमारे सभी जनपद और जिला पंचायत सदस्य सभी इंदौर में ही हैं। मंगलवार शाम को सभी से वन टू वन चर्चा की जाएगी।





