Site icon अग्नि आलोक

कंगना की शूटिंग में हंगामा:कांग्रेसियों ने ताेड़े बैरिकेड, पुलिस ने भांजी लाठियां, कई घायल

Share

बैतूल

पुलिस द्वारा कांग्रेसियों की पिटाई के बाद कंगना ने ट्वीट किया जिसमें कहा कि कांग्रेस विधायक कह रहे हैं कि वे किसानों की तरफ से विरोध कर रहे हैं, कौन से किसानों ने उन्हें पावर ऑफ अटर्नी दी है। जो खुद विरोध नहीं कर सकते। शुक्रवार शाम 6 बजे जिले के कांग्रेसियों ने कंगना का जमकर विरोध किया। सारनी के सतपुड़ा पावर प्लांट के सीएचपी के मुख्य गेट पर इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात था।

प्रशासन द्वारा लगाए बैरिकेड्स ताेड़कर कांग्रेसियों ने शूटिंग के सेट पर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार कर रोका, नहीं मानने पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इससे कई कांग्रेसी घायल हो गए। विरोध करने बैतूल विधायक निलय डागा, घोड़ाडोंगरी विधायक ब्रह्मा भलावी, कांग्रेस प्रदेश सचिव समीर खान, सेवादल प्रदेश सचिव मनोज आर्य, पूर्व एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वागद्रे सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंचे थे।

इस दौरान कंगना सेट पर नहीं थी। वे रात 10 बजे के बाद चूरना अभयारण्य से शूटिंग के सतपुड़ा पावर प्लांट में बने सेट पर पहुंची। पुलिस द्वारा कांग्रेसियों की पिटाई के बाद कांग्रेस आईटी सेल के जिलाध्यक्ष भूषण कांति ने प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि 48 घंटे के भीतर अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं करने पर पुनः उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया शनिवार को किसानों के सम्मान में सारनी में ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी।

कांग्रेस आज सारनी में निकालेगी किसान सम्मान ट्रैक्टर रैली

रैली निकालकर 4 नंबर गेट पर पहुंचे
शुक्रवार शाम 6 बजे कांग्रेसी सात नंबर गेट पर एकत्रित हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए चार नंबर गेट पर पहुंचे और अंदर जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने वहां पर बैरिकेड्स लगाकर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन कांग्रेसियों ने बैरिकेड्स हटाकर जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठियां बरसाकर रोका।

काले झंडे दिखाकर किया विरोध
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील शर्मा, बैतूल विधायक निलय डागा के नेतृत्व में जिले भर के कार्यकर्ता कंगना का विरोध करने सारनी पहुंचे थे। कांग्रेसियों ने एडिशनल एसपी श्रद्धा जोशी से कंगना पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदेश के सीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया।

कंगना ने अन्नदाताओंं का अपमान किया
कंगना अगर माफी नहीं मांगती हैं तो आगे भी उग्र आंदोलन होगा। कंगना ने हमारे अन्नदाताओंं का अपमान किया है।
– निलय डागा, विधायक, बैतूल

गृह मंत्री के इशारे पर चलाईं लाठियां

हमारा आंदोलन शांतिपूर्वक चल रहा था। गृह मंत्री के इशारे पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठी चलाईं। कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
– सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस

कंगना रनाैत की टिप्पणी के विरोध में सारनी में फिल्म शूटिंग के विरोध था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने भोपाल आ जाने से सारनी में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाया।
सुखदेव पांसे, विधायक, मुलताई

कांग्रेसी बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। उनको समझाया, लेकिन नहीं माने। तो पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। उनकी मांग ऊपर तक पहुंचाई जाएगी।
श्रद्धा जोशी, एडिशनल एसपी, बैतूल

Exit mobile version