कौन बना है बिग बॉस सीजन 14 का विनर? कैसे बाल-बाल बचे MP के एक्स CM कमलनाथ? कहां जलते इंजन के साथ हुई प्लेन की सेफ लैंडिंग? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें आपके लिए लाए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ..
आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर..
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। वे यहां मेट्रो और गैस पाइपलाइन समेत कई प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड का दौरा करेंगे। यहां राहुल ट्रैक्टर रैली में हिस्सा लेंगे।
देश-दुनिया
पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार पर संकट गहराया
पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार को आज फ्लोर टेस्ट से गुजरना है, लेकिन नारायणसामी सरकार का जाना लगभग तय हो चुका है। फ्लोर टेस्ट से एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस विधायक के लक्ष्मीनारायणन और DMK विधायक के वेंकटेशन ने विधानसभा अध्यक्ष वीपी शिवकोझुंडू को अपना इस्तीफा सौंपा। इससे पहले ए. जॉन कुमार, ए. नमस्सिवम, मल्लादी कृष्णा राव और ई थेपयन्थन इस्तीफा दे चुके हैं। अब कांग्रेस विधायकों की संख्या 15 से घटकर 9 हो गई है। वहीं, गठबंधन समेत सत्ता पक्ष के पास कुल 12 विधायक हैं, जबकि विपक्षी विधायकों की संख्या 14 हो गई है।
ममता के भतीजे के घर पहुंची CBI
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले CBI ने बड़ा एक्शन लिया है। कोयला घोटाले की जांच के सिलसिले में CBI टीम रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। टीम ने अभिषेक की पत्नी रुजिरा बनर्जी को जांच में शामिल होने के लिए समन दिया। CBI पहले भी रुजिरा को नोटिस भेज चुकी है। नोटिस की टाइमिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। TMC ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस तरह का नोटिस दिए जाने को राजनीति बताया है। इससे पहले भी ममता सरकार कई बार केंद्र सरकार पर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगा चुकी है।
चमोली में आर्टिफिशियल झील से खतरा
उत्तराखंड के चमोली जिले पर अभी भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहां ऋषि गंगा के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बनी आर्टिफिशियल झील का इंडियन नेवी, एयरफोर्स और एक्सपर्ट की टीम ने मुआयना किया। डाइवर्स ने झील की गहराई मापी है। इससे मिले डेटा के जरिए वैज्ञानिक यह पता करेंगे कि डैम की मिट्टी की दीवार पर कितना दबाव पड़ रहा है। इस झील में करीब 4.80 करोड़ लीटर पानी होने का अनुमान है। झील पर नजर रखने के लिए विशेषज्ञों की टीम लगाई गई है। इसके अलावा ऋषिगंगा नदी में सेंसर भी लगाया गया है, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ते ही अलार्म बज जाएगा। SDRF ने कम्युनिकेशन के लिए यहां एक डिवाइस भी लगाई है।
लिफ्ट गिरने से बाल-बाल बचे कमलनाथ
इंदौर के निजी अस्पताल में रविवार को लिफ्ट गिर जाने से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बाल-बाल बचे। हादसा लिफ्ट के ओवरलोड होने की वजह से हुआ। लिफ्ट की क्षमता 15 लोगों की थी, जबकि उसमें 20 लोग सवार हो गए। कमलनाथ DNS अस्पताल में भर्ती पूर्व मंत्री रामेश्वर पटेल का हालचाल जानने गए थे। हादसे के बाद लिफ्ट के इंजीनियर को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इसी दौरान घबराहट होने से कमलनाथ की तबीयत खराब हो गई। अस्पताल में ही उनका चेकअप किया गया। लिफ्ट में उनके साथ पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और सज्जन सिंह वर्मा भी सवार थे।
महाराष्ट्र, केरल और पंजाब में नया स्ट्रेन
कोरोना के मामलों में कमी आने से लोग बेपरवाह न हों। यह हिदायत दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने दी है। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में ‘इंडियाज फाइट अगेंस्ट द कोविड’ सेशन में उन्होंने कहा कि बेवजह यात्रा करने की भूल न करें, क्योंकि नया स्ट्रेन महाराष्ट्र, केरल और पंजाब में आ चुका है। यह फेस्टिवल वर्चुअली चल रहा है। डॉ. गुलेरिया ने कहा, ‘ब्राजील में 70% लोग कोरोना से सुरक्षित हो गए थे, लेकिन उन्हें यह बीमारी फिर हो रही है। दरअसल, जो एंटीबॉडी बनी वह बहुत पॉवरफुल नहीं है।’
रूबीना दिलाइक बनीं बिग बॉस की विनर
बिग बॉस सीजन 14 की विनर रूबीना दिलाइक बन गई हैं। 140 दिन तक चली तीखी बहसों, लड़ाइयों और ड्रामे के बाद रुबीना दिलाइक, राहुल वैद्य, अली गोनी, निक्की तम्बोली और राखी सावंत फाइनल में पहुंचे थे। इसके पहले राखी ने ऑप्शन में दिए गए 14 लाख रुपए लेकर शो छोड़ दिया। वहीं अली गोनी को सबसे कम वोट मिले, जिसके कारण वे शो से बाहर हो गए। आखिरी एलिमिनेशन में निक्की तंबोली बाहर हुईं। बिग बॉस सीजन 14 की शुरुआत 22 सदस्यों के साथ 3 अक्टूबर को हुई थी। इसके कुल 117 एपिसोड टेलीकास्ट हुए। 22 फरवरी को इसका विनर अनाउंस किया गया।
इलाज के लिए आए हाथी पर जुल्म
तमिलनाडु में एक हाथी को बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो एक रिजुवेनेशन कैंप का है। इसमें दिख रहा है कि 2 लोग पेड़ से बंधे हाथी के पैरों पर लकड़ी के डंडे से बुरी तरह मार रहे हैं। दोनों आरोपी महावत बताए जा रहे हैं। इस घटना का एक विजिटर ने वीडियो बना लिया। यह कैंप कोयंबटूर से करीब 50 किलोमीटर दूर ठेक्कमपट्टी में लगा है। वीडियो बनाने वाले शख्स के मुताबिक, यह हाथी बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जब महावत हाथी को पीट रहे हैं, तब वह दर्द से बुरी तरह चिंघाड़ रहा है। हाथी को श्रीविल्लिपुथुर मंदिर का बताया जा रहा है।
ममता के पुराने साथी क्यों छोड़ रहे पार्टी?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अगले कुछ दिनों में हो सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं में भगदड़ मची है। ममता के साथ TMC बनाने में प्रमुख भूमिका निभाने वाले मुकुल रॉय 2017 में अलग होकर भाजपा में गए थे। इसके बाद पिछले कुछ महीनों में शुभेंदु अधिकारी, राजीब बनर्जी और वैशाली डालमिया समेत कई बड़े जमीनी नेता ममता का हाथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। हमने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर पिछले कुछ दशकों से करीबी नजर रख रहे राजनीतिक पंडितों से बात की और इसे समझने की कोशिश की।
आलू की खेती से 1 करोड़ का टर्नओवर
आज की पॉजिटिव खबर में बात यूपी के इटावा जिले के रहने वाले शिवम तिवारी की। शिवम टिशू कल्चर तकनीक की मदद से 30 एकड़ जमीन पर कुफरी फ्रायोम वैराइटी का आलू तैयार कर रहे हैं। यह आलू चार इंच लंबा होता है। इसका उपयोग बड़े लेवल पर चिप्स बनाने में किया जाता है। पिछले साल उनका टर्नओवर 1 करोड़ रुपए रहा है। हाल ही में उन्होंने कृषि अनुसंधान केंद्र शिमला से भी एक करार किया है। जिसके तहत वे 1000 बीघा जमीन के लिए बीज तैयार करेंगे। इसके बाद यह बीज देशभर में किसानों को भेजा जाएगा।
जलते इंजन के साथ प्लेन की सेफ लैंडिंग
अमेरिका में रविवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। डेनवर से होनोलुलु जा रहे बोइंग 777 के इंजन में उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही आग लग गई। उस वक्त विमान 15 हजार फीट की ऊंचाई पर था। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया। उसने तुरंत कंट्रोल स्टेशन को मैसेज किया और वापस डेनवर में विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली। विमान में 231 पैसेंजर्स और 10 क्रू मेंबर्स थे। इस दौरान एक पैसेंजर ने जलते हुए इंजन का वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर शेयर करते ही यह वायरल हो गया।
ऑस्ट्रेलियन ओपन के बादशाह बने जोकोविच
वर्ल्ड नंबर-1 सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने वर्ल्ड नंबर-4 रूस के डेनिल मेदवेदेव को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल जीत लिया है। यह उनका रिकॉर्ड 9वां खिताब है। इससे पहले वे 2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019 और 2020 में भी ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके हैं। जोकोविच ने मेदवेदेव को मेन्स सिंगल्स के फाइनल में लगातार सेटों में 7-5, 6-2, 6-0 से हरा दिया। जोकोविच का यह कुल 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। वे 9 ऑस्ट्रेलियन ओपन के अलावा 5 विम्बलडन, 3 यूएस ओपन और 1 फ्रेंच ओपन खिताब जीत चुके हैं।
पटौदी खानदान में फिर गूंजी किलकारी
पटौदी खानदान में फिर किलकारियां गूंजी हैं। करीना कपूर ने बेटे को जन्म दिया है। रिपोर्ट्स की मानें तो करीना को शनिवार शाम करीब 5:30 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बेटे का जन्म हुआ। सैफ अली खान ने प्रेस को भेजे स्टेटमेंट में लिखा है, ‘हमारे यहां बेटा हुआ है। मां और बच्चा दोनों सुरक्षित और सेहतमंद हैं। शुभचिंतकों के प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया।’ सैफ और करीना ने 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में शादी की थी। 20 दिसंबर 2016 को उनके बेटे तैमूर अली खान का जन्म हुआ था।
सुर्खियों में और क्या है..
- महाराष्ट्र के CM उद्धव ठाकरे ने सोमवार से राज्य में भीड़-भाड़ वाले राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हालात नहीं सुधरे, तो राज्य में फिर लॉकडाउन लग सकता है।
- दुनिया के 27 देशों में कोरोना मरीजों के बढ़ने की रफ्तार एक बार फिर से तेज हो गई है। इनमें यूके, फ्रांस, इजराइल, नीदरलैंड, ईरान, अर्जेंटीना, इटली, पोलैंड, ब्राजील जैसे देश शामिल हैं।
