अग्नि आलोक

*14 जुलाईकी ताजा खबर: जयशंकर की यात्रा से पहले चीन ने दिखाए तेवर, ट्रेनों के सभी कोच में लगेंगे CCTV कैमरे, इतिहास रचने से 135 रन दूर भारत… ; सावन का पहला सोमवार : बाबा की चल प्रतिमा का होगा शृंगार,कोयला बिजली संयंत्रों के लिए सल्फर उत्सर्जन नियमों में ढील; सऊदी से 31 लाख टन DAP खरीद का समझौता*

Share

आज के बड़े इवेंट
> यमन में फांसी की सजा पाने वाली भारतीय नर्स को लेकर याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
> सुप्रीम कोर्ट में आज महाराष्ट्र सरकार के 10 फीसदी मराठा आरक्षण के खिलाफ याचिका पर सुनवाई

ट्रेनों के सभी कोच में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, बढ़ेगी सेफ्टी

रेल मंत्रालय ने चोर-उचक्कों और अन्य तरह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किया है कि वह अपने तमाम 74 हजार डिब्बों और 15 हजार इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसके लिए करीब चार लाख कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

रेल मंत्रालय ने चोर-उचक्कों और अन्य तरह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किया है कि वह अपने तमाम 74 हजार डिब्बों और 15 हजार इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसके लिए करीब चार लाख कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कैमरे फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) से लैस होंगे। ताकि ट्रेनों में सक्रिय वांटेड बदमाशों और संगठित गिरोह की समय रहते पहचान भी की जा सके।

इसके लिए शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इंजनों और डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रगति की समीक्षा भी की थी। इसमें नॉर्दन रेलवे में डिब्बों और इंजनों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का ट्रायल कामयाब होने पर इसे देश की तमाम ट्रेनों और इंजनों में लगाने का निर्णय लिया गया। मीटिंग में रेलवे बोर्ड के भी तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मीटिंग में तय किया गया कि 74 हजार ट्रेन डिब्बों में से प्रत्येक कोच में चार-चार डोम कैमरे और 15 हजार इंजनों में प्रत्येक में छह-छह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके अलावा जरूरत के मुताबिक अन्य जगहों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे।

कम लाइट में भी ले सकेंगे फुटेज

कैमरों की क्वालिटी भी ऐसी होगी, जो 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक की रफ्तार और कम लाइट में भी हाई क्वालिटी वाली फुटेज ले सकें। यात्रियों की निजता का ख्याल रखते हुए डिब्बों में कैमरे कोच के बीच में नहीं लगाए जाएंगे, बल्कि यह कोच के चारों गेटों के आसपास कॉरिडोर में लगाए जाएंगे। कैमरे लगाने का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों में यात्रियों के साथ आए दिन होने वाली बदमाशों और संगठित गिरोह द्वारा चोरी-चकारी, जहरखुरानी के मामले और अन्य तरह के अपराधों पर रोक लगाना है।

कहां-कहां लगाए जाएंगे कैमरे?

360 डिग्री कवरेज के लिए प्रत्येक रेल डिब्‍बे में 4 डोम सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर 2 और प्रत्येक लोकोमोटिव में 6 होंगे। इनमें लोकोमोटिव के आगे, पीछे और दोनों तरफ एक-एक कैमरा लगाया जाएगा। जबकि प्रत्येक कैब में आगे और पीछे में एक-एक डोम सीसीटीवी कैमरा और डेस्क पर 2 माइक्रोफोन भी लगाए जाएंगे।

दलाई लामा और तिब्बत का मसला द्विपक्षीय संबंधों में अड़चन

विदेश मंत्री एस जयशंकर इस हफ्ते चीन की यात्रा पर जा रहे हैं। LAC पर सैन्य तनाव के कारण भारत और चीन के रिश्ते पिछले 6 दशकों में सबसे खराब दौर से गुजर रहे थे। अब दोनों देश रिश्तों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। 

विदेश मंत्री एस जयशंकर की चीन यात्रा से पहले चीन अपने तीखे तेवर दिखा रहा है। जयशंकर 2020 में LAC पर हुई हिंसक झड़पों के बाद पहली बार चीन जा रहे हैं। उनकी इस यात्रा से पहले चीन ने कहा है कि तिब्बत से जुड़े मुद्दे, खासकर दलाई लामा के उत्तराधिकारी के पुनर्जन्म वाला मामला भारत और चीन के संबंधों में कांटे की तरह हैं। चीन का मानना है कि ये मुद्दे भारत के लिए बोझ बन गए हैं। जयशंकर इस सप्ताह चीन की यात्रा पर जा रहे हैं। LAC पर सैन्य तनाव के कारण दोनों देशों के रिश्ते पिछले 6 दशकों में सबसे खराब स्तर पर पहुंच गए थे। दोनों देश अब रिश्तों को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में दोनों देशों ने LAC पर तनाव कम करने पर सहमति जताई थी।

दलाई लामा ने अपने 90वें जन्मदिन से पहले कहा था कि उनके द्वारा स्थापित ट्रस्ट ही उनके पुनर्जन्म को मान्यता दे सकता है। इस पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बीजिंग ने कहा कि अगले दलाई लामा को चीनी सरकार की ओर से अनुमोदित किया जाना चाहिए। बता दें कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दलाई लामा के जन्मदिन समारोह में भाग लिया था।

दलाई लामा 1959 में चीनी सैन्य कार्रवाई के बाद तिब्बत से भागकर भारत में शरण लिए हुए हैं। दलाई लामा की हालिया टिप्पणियों पर चीन की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद, विदेश मंत्रालय ने 4 जुलाई को कहा कि सरकार आस्था और धर्म से जुड़ी मान्यताओं और प्रथाओं के मामलों पर कोई राय नहीं रखती है और न ही कुछ बोलती है।

जयशंकर 14 और 15 जुलाई को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए चीन जाएंगे। इस दौरान वे अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मिलेंगे। दोनों विदेश मंत्रियों से उम्मीद है कि वे द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य करने और भारत और चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को हल करने के लिए बातचीत को आगे बढ़ाएंगे।

क्या दोनों देश रिश्तों को सुधारने में कामयाब हो पाएंगे?

भारत और चीन के बीच रिश्ते बहुत जटिल हैं। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद है, व्यापारिक मुद्दे हैं और तिब्बत का मुद्दा भी है। इन सभी मुद्दों को हल करना आसान नहीं है। लेकिन दोनों देशों को मिलकर काम करना होगा ताकि रिश्ते सुधर सकें। यह देखना होगा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर की चीन यात्रा से क्या नतीजा निकलता है। क्या दोनों देश रिश्तों को सुधारने में कामयाब हो पाएंगे? यह एक बड़ा सवाल है।

सावन के पहले सोमवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती

सावन के पहले सोमवार के लिए उज्जैन महाकालेश्वर, देवघर बाबा बैद्यनाथ धाम और प्रयागराज में मनकामेश्वर मंदिर सहित देशभर के शिवालय सजकर तैयार हैं। बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई तो वहीं, देवघर और प्रयागराज में श्रद्धालु बड़ी संख्या में जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। सावन के पहले सोमवार के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम सजकर तैयार है। बाबा के धाम में रेड कार्पेट पर फूल बरसाकर श्रद्धालु और कांवड़ियों का स्वागत की तैयारी है। सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। पहले सोमवार को धाम में छह लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। धाम की सीसीटीवी से निगरानी होगी और जिग जैग बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे।

रविवार शाम से ही कांवड़ियों के कदम बाबा के धाम की ओर चल पड़े थे। बोल-बम का जयकारा लगाते हुए श्रद्धालुओं की टोली धाम में पहुंच रही थी। सावन के पहले सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु शाम से ही बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होने लगे थे। रात आठ बजे तक श्रद्धालुओं की कतार धीरे-धीरे बैरिकेडिंग में लंबी होती जा रही थी। मंगला आरती के बाद धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। 

भक्त बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर पाएंगे। बारिश, धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, अतिरिक्त शेड लगाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए धाम में समय-समय पर ग्लूकोज, ओआरएस घोल का वितरण किया जाएगा। पेयजल काउंटर और गुड़ की व्यवस्था भी रहेगी। भक्तों की सुविधा के लिए धाम में खोया पाया केंद्र बनाया गया है, जिसमें बहुभाषी कर्मी ड्यूटी देंगे। उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। देशभर के शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज हो रही है। 

बंगाल में TMC नेता की गोली मारकर हत्या

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक 42 वर्षीय तृणमूल कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के कोमारपुर गांव में हुई। बंदूकधारी श्रीनिधिपुर पंचायत अध्यक्ष पीयूष घोष के आवास पर पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। अधिकारी ने बताया कि एक गोली पास से मारी गई। उन्होंने बताया कि टीएमसी नेता का कोई करीबी इस हत्या में शामिल हो सकता है। पुलिस सभी संभावित व्यावसायिक विवादों की जांच कर रही है। 

बालासोर में स्कूल परिसर में आत्मदाह करने वाली छात्रा की हालत गंभीर, ICU में भर्ती
ओडिशा के बालासोर जिले के एक कॉलेज परिसर में आत्मदाह करने वाली छात्रा 90 से 95 फीसदी तक जल चुकी है। उसे एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष बिस्वास ने बताया कि मरीज को बीते कल गंभीर हालत में लाया गया था। वह आईसीयू में है और लगभग 90-95 फीसदी जल चुकी है। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत गंभीर है। हम उसे उच्चतम गुणवत्ता वाली देखभाल प्रदान करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं

कोयला बिजली संयंत्रों के लिए सल्फर उत्सर्जन नियमों में ढील; सऊदी से 31 लाख टन DAP खरीद का समझौता

केंद्र सरकार ने कोयले से बिजली बनाने वाले संयंत्रों के लिए सल्फर उत्सर्जन नियमों में ढील दे दी है। 11 जुलाई को पर्यावरण मंत्रालय की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार 79 प्रतिशत संयंत्रों को फ्लू-गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) सिस्टम लगाने से छूट दी गई है। ये ऐसे संयंत्र हैं जो प्रदूषण के हॉटस्पॉट से 10 किलोमीटर से ज्यादा दूर स्थित हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कोयला आधारित बिजली संयंत्रों के लिए सल्फर उत्सर्जन नियमों में ढील देने से बिजली की कीमत में 25-30 पैसे प्रति यूनिट की कमी आने की उम्मीद है। सरकार के आदेश के अनुसार बाकी 11 प्रतिशत संयंत्रों की मामले-दर-मामला समीक्षा की जाएगी, जबकि 10 प्रतिशत संयंत्र जो दिल्ली और दूसरे बड़े शहरों के करीब हैं, उन्हें दिसंबर 2027 तक आदेश का पालन करना होगा। वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार की ओर से सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जन के नियमों में छूट देने को गलत बताया। उन्होंने सरकार के इस कदम को पर्यावरण के लिए खतरा बताया है।

सऊदी अरब से 31 लाख टन डीएपी खरीद का समझौता
भारत ने सऊदी अरब माइनिंग कंपनी (मादेन) के साथ 31 लाख टन डीएपी उर्वरक खरीदने के समझौते पर हस्ताक्षर किया है। समझौते के तहत मादेन वित्त वर्ष 2025-26 और इसके बाद भारतीय उर्वरक कंपनियों को डीएपी की आपूर्ति करेगी। डीएपी (डाई अमोनियम फॉस्फेट) आपूर्ति के इस सौदे पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की सऊदी अरब यात्रा के दौरान हुआ। नड्डा के दौरे में सऊदी अरब ने भारत को उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया। नड्डा की यात्रा रविवार को संपन्न हो गई। दोनों ने उर्वरक क्षेत्र में लंबे समय के सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए एक संयुक्त टीम गठित करने पर भी सहमत हुए। इसके अलावा दोनों देशों ने स्वास्थ्य और चिकित्सा, दा, डिजिटल स्वास्थ्य समाधान और ज्ञान के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए भी वार्ता की।

सावन का पहला सोमवार : बाबा की चल प्रतिमा का होगा शृंगार, आएंगे छह लाख श्रद्धालु; पुष्प वर्षा से होगा स्वागत

सावन के पहले सोमवार के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम सजकर तैयार है। बाबा के धाम में रेड कार्पेट पर फूल बरसाकर श्रद्धालु और कांवड़ियों का स्वागत होगा। सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। पहले सोमवार को धाम में छह लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। धाम की सीसीटीवी से निगरानी होगी और जिग जैग बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे।मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। भक्त बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर पाएंगे। बारिश, धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, अतिरिक्त शेड लगाया गया है।

रविवार शाम से ही कांवड़ियों के कदम बाबा के धाम की ओर चल पड़े थे। बोल-बम का जयकारा लगाते हुए श्रद्धालुओं की टोली धाम में पहुंच रही थी। सावन के पहले सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु शाम से ही बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होने लगे थे। रात आठ बजे तक श्रद्धालुओं की कतार धीरे-धीरे बैरिकेडिंग में लंबी होती जा रही थी। मंगला आरती के बाद धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। भक्त बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर पाएंगे। बारिश, धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, अतिरिक्त शेड लगाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए धाम में समय-समय पर ग्लूकोज, ओआरएस घोल का वितरण किया जाएगा। पेयजल काउंटर और गुड़ की व्यवस्था भी रहेगी। भक्तों की सुविधा के लिए धाम में खोया पाया केंद्र बनाया गया है, जिसमें बहुभाषी कर्मी ड्यूटी देंगे।

चिकित्सक और एंबुलेंस की होगी तैनाती
श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुल पांच स्थानों पर चिकित्सकों की टीम तैनात है। मंदिर में दो एंबुलेंस रहेंगी। इनमें एक एंबुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट की सुविधा होगी, जो किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए तत्पर रहेगी।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बाबा का सजीव प्रसारण
गर्भगृह के दर्शन पूजन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। धाम में एलईडी टीवी लगाई गई है। इसके अलावा घाटों पर रेलवे स्टेशन, गोदौलिया चौराहा समेत छह स्थानों पर एलईडी टीवी के माध्यम से सजीव प्रसारण के जरिए बाबा का दर्शन किया जा सकेगा। यूट्यूब से बाबा की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। इससे पूरे विश्व में बाबा के भक्त सावन में अपने आराध्य का दर्शन कर पाएंगे।

10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे रहेंगी तैनात
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज-वाराणसी मार्ग की एक लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी। 10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे तैनात रहेंगी। सावन में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 200 सीसी कैमरे और आठ ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि 20 से अधिक मोटर साइकिल दस्ते सड़कों पर पेट्रोलिंग करेंगे। लगभग 1,500 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी की ड्यूटी अन्य कई स्थानों पर लगाई गई है।

सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे रहेगी तैनात, 200 सीसीटीवी कैमरे और आठ ड्रोन से होगी निगरानी
20 से अधिक मोटर साइकिल दस्ते करेंगे पेट्रोलिंग ,1500 पुलिसकर्मी राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी पर रहेंगे

नूंह में इंटरनेट-बल्क SMS सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद: ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा आज, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में

सावन के पहले सोमवार को हरियाणा के नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का आयोजन 14 जुलाई जिले के तीन पांडवकालीन मंदिरों नल्हड़ महादेव, झिरकेश्वर महादेव, फिरोजपुर झिरका और श्रृंगेश्वर मंदिर, सिंगार में किया जाएगा। प्रशासन ने यात्रा की सफलता व सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां स्थानीय सहयोग से पूरी कर ली हैं। यात्रा में मंत्री व विधायक भी शामिल हो सकते हैं। वहीं गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने नूंह में अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा और ब्लक एसएमएस पर रोक लगाने की घोषणा की है।किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जल, थल और नभ से निगरानी के सख्त प्रबंध किए गए हैं। रविवार को एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार और आईजी नाजनीन भसीन ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण हो

जल, थल और नभ से होगी निगरानी 
किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जल, थल और नभ से निगरानी के सख्त प्रबंध किए गए हैं। रविवार को एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार और आईजी नाजनीन भसीन ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण हो। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में जाकर स्थानीय लोगों व संगठनों से संवाद बनाए रखें।

पहाड़ी इलाकों में छानबीन
रात में गश्त और पहाड़ी इलाकों में छानबीन के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी प्रवेश-निकासी प्वाइंट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 22 टुकड़ियों में पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स, घुड़सवार पुलिस, डॉग व बम स्क्वायड और नाइट विजन ड्रोन शामिल हैं।

मीट-मछली पर रोक
डीसी विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि 24 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात और 12 रिजर्व में रखे गए हैं। धारा 163 के तहत ड्रोन, पटाखे, मीट-मछली आदि पर रोक लगाई गई है। गांवों में पटवारी, ग्राम सचिव और सरपंचों को तालमेल बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

फ्लैग मार्च निकाला गया
14 जुलाई को तीनों धार्मिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में मांस-मछली की बिक्री, प्रदर्शन व हैंडलिंग पर प्रतिबंध भी लगाया गया है। खुली मीट दुकानों और अतिक्रमण हटाने को लेकर रविवार को प्रशासन ने अभियान भी चलाया। आंबेडकर चौक पर रेहड़ियों को हटाया गया। वहीं, रविवार शाम नूंह शहर में स्थानीय पुलिस और आरएएफ ने संयुक्त फ्लैग मार्च किया।

सायना नेहवाल पति पी कश्यप से अलग होंगी, इंस्टाग्राम पोस्ट पर छलका कड़े फैसले का दर्द

दिग्गज भारतीय बैडमिंटन स्टार और ओलंपिक मेडलिस्ट सायना नेहवाल ने अपने पति परुपल्ली कश्यप से अलग होने का फैसला लिया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दोनों की राहें अलग होने की जानकारी दी। सायना के इस फैसले ने उनके फैंस को चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं।

सायना ने पति से अलग होने पर क्या कहा?
पति कश्यप से अलग होने की घोषणा करते हुए सायना नेहवाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद, परुपल्ली कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है।’

यादों के लिए आभारी, आगे के लिए केवल शुभकामनाएं…
सायना ने आगे लिखा, ‘हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और अच्छी सेहत का चुनाव कर रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए केवल शुभकामनाएं ही चाहती हूं।’

प्रशंसकों का आभार भी प्रकट किया
35 साल की बैडमिंटन स्टार सायना ने इस कठिन समय के दौरान कश्यप और उनकी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए प्रशंसकों को धन्यवाद भी दिया। नीचे देखिए सायना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में क्या लिखा, (ताजमहल के सामने सायना और कश्यप की तस्वीर चार साल पुरानी; जून, 2021 की है।)

फिटनेस के कारण बैडमिंटन से अलग हुई राहें…
अपने खेल को लेकर सितंबर 2024 में एक पॉडकास्ट के दौरान सायना ने कहा था, ‘मेरे घुटने की स्थिति अच्छी नहीं है। मुझे गठिया है। मेरा कार्टिलेज खराब हो गया है। ऐसे में आठ-नौ घंटे तक खेल से जुड़े रहना बहुत मुश्किल है।’

बैडमिंटन कोर्ट के दिग्गज रह चुके हैं पति-पत्नी
नेहवाल ने लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीता था। तीन बार ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाली नेहवाल ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं थीं। राष्ट्रमंडल खेल 2010 और 2018 की स्वर्ण पदक विजेता सायना के पति परुपल्ली कश्यप भी दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं।

बैडमिंटन करियर में मिले कई सम्मान
हरियाणा की रहने वाली सायना ने अपने करियर की शुरुआत में 2008 में BWF विश्व जूनियर चैंपियनशिप जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया था। 2009 में, साइना बीडब्ल्यूएफ सुपर सीरीज प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। खेल जगत में सायना के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए 2009 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कश्यप ने 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों में जीता था स्वर्ण पदक
सायना के 38 वर्षीय पति परुपल्ली कश्यप ने 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वे कई अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के भी विजेता रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व ऑल-इंग्लैंड चैंपियन प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद से प्रशिक्षण लिया। कश्यप की पत्नी सायना को खेल में दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने वाली एकमात्र महिला भारतीय खिलाड़ी होने का गौरव भी हासिल है।

पहाड़ों से मैदान तक बारिश का कहर, बाढ़ और भूस्खलन से बढ़ी दुश्वारियां; आज बरसात का रेड अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत देश के विभिन्न हिस्सों में रविवार को भी झमाझम बारिश हुई। मानसूनी बारिश से पहले ही पहाड़ों से लेकर पूर्वोत्तर बाढ़ और भूस्खलन से दुश्वारियां बढ़ी हैं। सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में दो कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। पिथौरागढ़ जिले में बारिश के बाद भूस्खलन से पिछले तीन दिनों से बंद मिलन-मुनस्यारी सीमा मार्ग को अभी तक नहीं खोला जा सका है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक प्रदेश में रविवार की सुबह 81 सड़कें बंद थी।

देर शाम तक आठ सड़कों को खोल दिया गया लेकिन 73 सड़कें अब भी बंद हैं। इनमें से अधिकतर ग्रामीण सड़के हैं। बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन से हिमाचल प्रदेश में 196 सड़कें बंद हैं। हालांकि, चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग को 27 घंटे बाद बहाल किया जा सका है।

ओडिशा में बिजली गिरने से चार की मौत
ओडिशा में भारी बारिश के बीच बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला भी शामिल है। जाजपुर जिले में 65 वर्षीय किसान खेत में करते वक्त बिजली की चपेट में आ गया। संबलपुर जिले में बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे छिपे व्यक्ति पर बिजली गिर गई। भद्रक जिले में बगीचे में गई युवती बिजली की चपेट में आ गई, जबकि जगतसिंहपुर जिले में खेत से लौटते वक्त एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई।

पांचवें दिन भारत के सामने होगी इंग्लैंड के गेंदबाजों की कठिन चुनौती, जीत के लिए बनाने होंगे 135 रन

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया। रविवार को स्टंप्स तक भारत ने चार विकेट पर 58 रन बना लिए हैं और उन्हें जीत के लिए 135 रनों की जरूरत है।  दूसरी पारी में इंग्लिश टीम ने 10 विकेट पर 192 रन बनाए। दिन का खेल समाप्त होने तक केएल राहुल 33 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

दिन का खेल 58/4 पर समाप्त
भारत की दूसरी पारी झटके के साथ शुरू हुई। कुल पांच के स्कोर पर जोफ्रा आर्चर ने यशस्वी जायसवाल को विकेट के पीछ जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह खाता खोले बिना आउट हुए। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल और करुण नायर ने संभालने की कोशिश की। दोनों ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले और दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 36 रन जोड़े। ब्रायडन कार्स ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने नायर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 33 गेंदों में एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान शुभमन गिल पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी कुछ बड़ा कारनामा करने से नाकाम रहे। उन्हें भी कार्स ने ही एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद बेन स्टोक्स ने नाइट वॉचमैन के तौर पर आए आकाश दीप को बोल्ड कर दिया। वह 11 गेंदों में सिर्फ एक रन बना पाए। इंग्लैंड के लिए कार्स ने दो विकेट लिए जबकि आर्चर और स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।

फरदीन खान-उर्मिला मातोंडकर की ‘जंगल’ ने पूरे किए 25 साल

साल 2000 में फिल्म रिलीज हुई थी ‘जंगल’। इसमें उर्मिला मातोंडकर और फरदीन खान ने लीड रोल अदा किया। रामगोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक्टर सुशांत सिंह नेगेटिव रोल में दिखाई दिए। उनके अलावा सुनील शेट्टी भी फिल्म में नजर आए। आज सोमवार 14 जुलाई को फिल्म को रिलीज हुए 25 साल हो गए हैं। जानते हैं इससे जुड़े कुछ किस्से…

संजय दत्त बना रहे थे फिल्म
फिल्म ‘जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। यह फिल्म संजय दत्त बना रहे थे। निर्देशन राहुल रवैल कर रहे थे। लीड रोल में लीसा रे थीं। रवीना टंडन को भी यह फिल्म ऑफर की गई थी। लेकिन, यह प्रोजेक्ट संजय दत्त की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, इसलिए साल 1991 में उन्होंने इसे कैंसिल कर दिया। इसकी एक वजह यह भी बताई जाती है कि लीसा रे हिंदी नहीं सीख पाई थीं।

फरदीन खान की जगह इस एक्टर को मिलने वाली थी फिल्म
इस फिल्म का निर्देशन राम गोपाल वर्मा ने किया। उन्होंने ही इसे प्रोड्यूस किया। फिल्म में रामगोपाल वर्मा एक्टर फरदीन खान के किरदार के लिए संजय कपूर को साइन करने वाले थे। लेकिन एक रात पहले एक पार्टी में फरदीन से उनकी मुलाकात हुई और उनका मन बदल गया। इस तरह यह फिल्म फरदीन खान की झोली में आ गिरी।

किरदार की खातिर सुशांत सिंह ने शादी में भी नहीं कटाए बाल
फिल्म ‘जंगल’ की शूटिंग के दौरान ही एक्टर सुशांत सिंह की शादी हो गई। इस फिल्म में वे नेगेटिव रोल में हैं। उन्होंने दुर्गा नारायण चौधरी की भूमिका निभाई। इस किरदार को निभाने की वजह से वे अपनी शादी में अपने बाल नहीं कटवा पाए थे और न ही शेविंग करा पाए थे। उनका रोल काफी पसंद किया गया। उन्हें नेगेटिव रोल में बेस्टर एक्टर का अवॉर्ड मिला। उन्हें 2001 के जी सिने अवॉर्ड्स में अमरीश पुरी ने पुरस्कार दिया। इसके अलावा नेगेटिव रोल के लिए आईफा अवॉर्ड भी सुशांत को मिला।

फिरोज खान के पालतू कुत्तों की फिल्म में झलक
अभिनेता फिरोज खान के दो पर्सनल पालतू कुत्ते भी इस फिल्म में नजर आए। उनके नाम ब्रूटस और सीजर थे। वे फिल्म के शुरुआती पांच मिनट में सड़क पर चलते हुए दिखाई देते हैं।

बॉक्स ऑफिस पर किया इतना कलेक्शन
इस फिल्म में सुनील शेट्टी के किरदार के लिए एक्टर राहुल देव ने ऑडिशन दिया था। यह फिल्म दर्शकों पर जादू नहीं चला पाई थी। कलेक्शन की बात करें तो हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 73 लाख रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, इसका लाइफटाइम कलेक्शन कुल 8.10 करोड़ रुपये रहा और यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई।

कांवड यात्रा में डीजे पर बैन! मानना होगा ये नया नियम

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान दस फीट से ऊंची कांवड़ लाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा ने भी उत्तराखंड के साथ इस निर्णय पर अपनी सहमति दी है। इस निर्णय के चलते हरिद्वार पुलिस ने सख्ती अपना रही है और मानकों के विपरीत आने वाले डीजे वाहनों को वापस भेज रही है। 

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थागत चुनौतियां को देखते हुए प्रशासन ने 10 फीट से ऊंची कांवड़ लाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके साथ ही ऊंचे डीजे सिस्टम पर भी रोक लगाई गई है। उत्तराखंड, हरियाणा सहित अन्य राज्यों की मीटिंग में 10 फीट से अधिक ऊंची कांवड़ पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

बॉर्डर पर मानक से अधिक ऊंचाई वाले कांवड़ और डीजे को रोका जा रहा है, लेकिन फिर भी कुछ कांवड़िये अब भी 12 फीट या उससे अधिक ऊंची कांवड़ लेकर आ रहे हैं और नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। एसएसपी हरिद्वार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें और तय मानक के अनुसार ही कांवड़ बनाएं।

कांवड़ियों का उमड़ रहा सैलाब

उत्तराखंड में कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है। गंगाजल लेने के लिए हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के तमाम घाटों पर कांवड़िये नजर आ रहे हैं। अलग-अलग राज्यों से आने वाले कांवड़िये गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान भी कर रहे हैं।

कांवड़ियों की सुरक्षा और शहर की व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम भी किए हुए हैं। हालांकि कुछ उपद्रवी कांवड़िये अब भी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान नियम की अनदेखी

वहीं 12 फीट से ऊपर की कांवड़ों को लाने पर भी पुलिस ने प्रतिबंध लगाया है, लेकिन फिर भी कुछ कांवड़िये मनमानी करते हुए 12 फीट से ऊपर की कांवड़ असेंबल कर कर ला रहे हैं। इस संबंध में एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोभाल का कहना है कि असेंबल कर 12 फीट से ऊंची कांवड़ों को बनाया जा रहा है, जिस पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंतर राज्य मीटिंग में यह तय हुआ है कि 10 फीट से ऊपर की कांवड़ को इजाजत नहीं दी जाएगी। इस इंटरस्टेट मीटिंग में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में यह सहमति बनाई गई थी कि कावड़ 10 फीट से अधिक ऊंचाई वाली कावड़ को अनुमति नहीं दी जाएगी।

हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर

वहीं, कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर काम कर रही है। मंगलौर क्षेत्र में तय मानकों से अधिक क्षमता वाले डीजे सिस्टम लाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। मनमानी कर मानक से ऊंचे डीजे सिस्टम लाने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। इसी के तहत हरिद्वार पुलिस ने आज तीन दर्जन से अधिक डीजे सिस्टम मौके पर उतरवाकर उन्हें वापस भेज दिया। यह सभी डीजे तय ध्वनि, सीमा, साइज और नियमों के विरुद्ध पाए गए थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तय मानकों के विपरीत डीजे पाया गया तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version